AI-Powered Shopping: गूगल ने भारत में लॉन्च किया नया 'एआई शॉपिंग' फीचर, आपकी ऑनलाइन खरीदारी बन जाएगी बेहद आसान
Google AI Shopping India: गूगल ने भारत में ऑनलाइन शॉपिंग को आसान और मजेदार बनाने के लिए नया 'एआई शॉपिंग' एक्सपीरियंस लॉन्च किया है। अब यूजर्स को सामान खोजने के लिए लंबे कीवर्ड्स टाइप करने की जरूरत नहीं है। वे जेमिनी एप में बोलकर, गूगल सर्च के नए 'एआई मोड' से और 'सर्कल टू सर्च' के जरिए सिर्फ फोटो देखकर ही अपने मनपसंद प्रोडक्ट्स खोज और खरीद सकते हैं। आइए विस्तार से जानते हैं कि कैसे काम करता है गूगल का यह नया अपडेट?
विस्तार
टेक दिग्गज गूगल ने भारत में ऑनलाइन शॉपिंग को और भी मजेदार और आसान बनाने के लिए अपना नया एआई-पावर्ड शॉपिंग एक्सपीरियंस लॉन्च किया है। कंपनी अपने जेमिनी एआई मॉडल की मदद से यूजर्स के प्रोडक्ट खोजने और खरीदने के तरीके को पूरी तरह से अपग्रेड कर रही है।
अब यूजर्स को अलग-अलग शॉपिंग एप्स या कई सारे टैब खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह नया अपडेट जेमिनी एप, गूगल सर्च और सर्कल टू सर्च पर उपलब्ध है। आइए जानते हैं कि इसमें यूजर्स के लिए क्या-क्या नया है:
1. जेमिनी एप से बोलकर करें शॉपिंग
गूगल ने अब अपने जेमिनी एप के अंदर ही शॉपिंग के फीचर्स शामिल कर दिए हैं। इससे अब आपको कोई भी प्रोडक्ट खोजने के लिए लंबे-लंबे कीवर्ड्स टाइप करने की झंझट नहीं उठानी पड़ेगी। इसके बजाय, आप आम बोलचाल की भाषा में एआई से बात करके बहुत ही आसानी से अपने लिए प्रोडक्ट्स ढूंढ सकते हैं। यह एप आपका काम और भी आसान बनाते हुए एक ही स्क्रीन पर प्रोडक्ट की पूरी लिस्ट, कीमत और खरीदने का डायरेक्ट लिंक दिखा देता है। इतना ही नहीं, खरीदारी का सही फैसला लेने के लिए इसमें 'तुल्नात्मक टेबल' भी दी गई है। इसकी मदद से आप अलग-अलग प्रोडक्ट्स को परख कर यह तय कर सकते हैं कि आपके लिए कौन सा विकल्प सबसे बेस्ट रहेगा।
2. गूगल सर्च का स्मार्ट 'एआई मोड'
गूगल ने अपने सर्च इंजन को भी शॉपिंग के लिहाज से काफी स्मार्ट बना दिया है। अब आप इसमें एकदम प्राकृतिक तरीके से कोई भी सवाल पूछ सकते हैं और बदले में गूगल आपको प्रोडक्ट की पूरी डिटेल- जैसे तस्वीरें, कीमत, लोगों के रिव्यू और स्टॉक की जानकारी तुरंत दे देगा। इसके अलावा, खरीदारी का सही फैसला लेने में आपकी मदद करने के लिए इसमें दो प्रोडक्ट्स को एक साथ अगल-बगल रखकर तुलना करने की सुविधा भी दी गई है। हालांकि, आपको बता दें कि अभी यह बेहतरीन सुविधा सिर्फ अंग्रेजी भाषा में ही उपलब्ध है, लेकिन कंपनी जल्द ही इसमें हिंदी सपोर्ट भी जोड़ने वाली है।
3. 'सर्कल टू सर्च' से फोटो देखकर खरीदें सामान
अगर आप किसी समर्थित स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हैं तो गूगल ने आपके लिए सर्कल टू सर्च फीचर को अब और भी ज्यादा बेहतर कर दिया है। इस अपग्रेड के बाद, यह फीचर एक ही तस्वीर में मौजूद कई अलग-अलग चीजों को एक साथ पहचानने में सक्षम हो गया है। उदाहरण के लिए, अगर आप इंटरनेट पर किसी मॉडल की फोटो देख रहे हैं तो आप एक ही बार में उसके जूते, पैंट और शर्ट पर गोला बनाकर बिल्कुल वैसे ही प्रोडक्ट्स ऑनलाइन ढूंढ सकते हैं। गूगल के इस शानदार अपडेट ने विजुअल शॉपिंग के अनुभव को पहले के मुकाबले काफी आसान और मजेदार बना दिया है।
जानिए क्या है शॉपिंग ग्राफ तकनीक
गूगल के इन सभी बेहतरीन नए फीचर्स के पीछे मुख्य रूप से शॉपिंग ग्राफ नाम की एडवांस तकनीक काम कर रही है। यह दरअसल एआई से चलने वाला एक बहुत बड़ा डेटाबेस है, जिसमें 50 बिलियन (5 हजार करोड़) से भी ज्यादा प्रोडक्ट्स की लिस्टिंग मौजूद है। यही विशाल डेटाबेस इंटरनेट पर मौजूद अलग-अलग सेलर्स, ब्रांड्स और उनकी कीमतों का डेटा एक जगह जमा करता है और यूजर्स को खरीदारी के लिए एकदम रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध कराता है।
इसके अतिरिक्त, यूजर्स की शॉपिंग को आसान और तेज बनाने के अपने लक्ष्य के तहत गूगल ने इसमें 'वर्चुअल ट्राई-ऑन' जैसा एक कमाल का फीचर भी शामिल किया है। इस दिलचस्प फीचर की मदद से यूजर्स यह आसानी से देख सकते हैं कि कोई भी कपड़ा खरीदने से पहले उनके शरीर पर पहनने के बाद कैसा लगेगा। इससे ऑनलाइन शॉपिंग का अनुभव और भी ज्यादा वास्तविक और शानदार हो जाता है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest mobile reviews apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.