मर्सिडीज-बेंज GLC इलेक्ट्रिक भारत में लॉन्च: एक चार्ज में चलेगी 715 किमी; मिलेंगी ये खूबियां, कितनी है कीमत?
- मर्सिडीज GLC इलेक्ट्रिक भारत में हुई लॉन्च।
- ड्यूल मोटर के साथ ऑल-व्हील ड्राइव।
- 490 bhp पावर और 800 Nm टॉर्क।
- 330 kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट है।
विस्तार
मर्सिडीज-बेंज ने भारतीय बाजार में अपनी नई इलेक्ट्रिक एसयूवी जीएलसी 400 4मैटिक लॉन्च कर दी है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 78.50 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी की यह इलेक्ट्रिक एसयूवी एक बार फुल चार्ज होने पर 715 किलोमीटर तक चलने का दावा करती है। इसमें 94 kWh का बैटरी पैक, ड्यूल इलेक्ट्रिक मोटर और ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम दिया गया है। खास बात यह है कि इस एसयूवी को पुणे के चाकन प्लांट में लोकल असेंबल किया जाता है। इसके अलावा कार में 39.1 इंच की एमबीयूएक्स हाइपरस्क्रीनऔर मसाज-एनेबल्ड फ्रंट सीटों जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। आइए जानते हैं इसकी कीमत, रेंज, परफॉर्मेंस और फीचर्स की पूरी जानकारी।
बैटरी, रेंज और परफॉर्मेंस के बारे में...
- मर्सिडीज-बेंज GLC 400 4MATIC में 94 kWh का बैटरी पैक दिया गया है। इसमें दो इलेक्ट्रिक मोटर हैं, जिनमें से एक आगे और दूसरी पीछे के एक्सल पर लगी है। दोनों मोटर मिलकर ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ काम करती हैं।
- परफॉर्मेंस की बात करें तो यह इलेक्ट्रिक एसयूवी 490 bhp की पावर और 800 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। कंपनी के अनुसार, यह कार महज 4.3 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। रेंज के मामले में भी कंपनी ने बड़ा दावा किया है। जीएलसी इलेक्ट्रिक एक बार फुल चार्ज होने पर 715 किलोमीटर तक की WLTP रेंज देती है।
330 kW DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट
इसके अलावा इस इलेक्ट्रिक कार की और भी खासियत हैं। इसमें 330 kW तक की DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। कंपनी के अनुसार, फास्ट चार्जर की मदद से इसकी बैटरी को 10 से 80 फीसदी तक चार्ज करने में करीब 22 मिनट लगते हैं। इससे लंबी दूरी के सफर के दौरान चार्जिंग में लगने वाला समय कम करने में मदद मिल सकती है।
एक्सटीरियर में मिलेंगे ये खास डिजाइन एलिमेंट
- मर्सिडीज-बेंज जीएससी इलेक्ट्रिक के एक्सटीरियर को आधुनिक और प्रीमियम लुक दिया गया है। इसके फ्रंट में इल्युमिनेटेड ग्रिल और डिजिटल लाइट हेडलैम्प्स मिलते हैं। वहीं, स्टार-शेप्ड एलईडी डे टाइम रनिंग लाइट्स इसके डिजाइन को अलग पहचान देती हैं।
- एसयूवी में ए एमजी डिजाइन पैकेज के साथ 20 इंच के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। इसके अलावा एल्युमिनियम रनिंग बोर्ड्स और कनेक्टेड एलईडी टेल लैम्प्स भी मिलते हैं।
39.1 इंच की MBUX हाइपरस्क्रीन से लैस केबिन
- इस इलेक्ट्रिक एसयूवी का केबिन भी कई हाई-टेक फीचर्स के साथ आता है। इसमें 39.1 इंच की MBUX हाइपरस्क्रीन दी गई है। इसमें ड्राइवर डिस्प्ले, सेंट्रल इन्फोटेनमेंट स्क्रीन और फ्रंट पैसेंजर स्क्रीन एक ही ग्लास पैनल में मिलती हैं।
- इसके अलावा कार में डॉल्बी एटमॉस सपोर्ट वाला बर्मेस्टर 3डी सराउंड साउंड सिस्टम दिया गया है। केबिन में एम्बिएंट लाइटिंग और पैनोरमिक ग्लास रूफ भी मिलती है।
- आराम और सुविधा के लिए इसमें वेंटिलेटेड और मसाज-एनेबल्ड फ्रंट सीटें दी गई हैं। साथ ही वायरलेस चार्जिंग, पावर-फोल्डिंग सेकंड रो और लेवल दो ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम जैसे फीचर्स भी शामिल हैं।
बूटस्पेस कैसा है?
मर्सिडीज-बेंज जीएलसी इलेक्ट्रिक में सामान रखने के लिए पीछे 570 लीटर का बूट स्पेस मिलता है। इसके अलावा कार के फ्रंट में 128 लीटर का स्टोरेज स्पेस भी दिया गया है। इस तरह यात्रियों को सामान रखने के लिए आगे और पीछे दोनों तरफ जगह मिलती है।
किन कारों से होगा मुकाबला?
भारतीय बाजार में मर्सिडीज-बेंज जीएलसी इलेक्ट्रिक का प्रमुख प्रतिद्वंद्वी बीएमडब्ल्यू iX3 होगा, जिसके 2027 में भारत आने की उम्मीद है। दोनों इलेक्ट्रिक एसयूवी की तुलना में कीमत, ड्राइविंग रेंज, चार्जिंग क्षमता और फीचर्स खरीदारों के लिए खास पहलू हो सकते हैं।