Nvidia GTC 2026: एनवीडिया के एआई इवेंट में 2027 तक $1 ट्रिलियन कमाई का लक्ष्य, जानें 5 बड़े एलान
Nvidia GTC 2026: एनवीडिया GTC 2026 इवेंट में एआई, स्पेस टेक्नोलॉजी और रोबोटिक्स को लेकर कई क्रांतिकारी एलान हुए हैं। एआई की तेजी से बढ़ती मांग के बीच कंपनी ने अपना नया 'ग्रोक 3 एलपीयू' चिप, 'Kyber' आर्किटेक्चर और स्पेस-आधारित 'वेरा रुबिन स्पेस वन' प्रोजेक्ट पेश किया है।
विस्तार
अमेरिकी चिप निर्माता एनवीडिया ने अपने सालाना जीटीसी (जीपीयू टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस) इवेंट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर कई क्रांतिकारी एलान किए हैं। कंपनी के सीईओ जेनसन हुआंग ने भविष्य की तस्वीर साफ करते हुए बताया कि एआई का दायरा अब सिर्फ कंप्यूटर तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्पेस और रोबोटिक्स तक पहुंच चुका है। हुआंग के मुताबिक, एआई इंडस्ट्री जिस रफ्तार से बढ़ रही है, उसे देखते हुए एनवीडिया केवल एआई चिप के दम पर 2027 तक 1 ट्रिलियन डॉलर (करीब 83 लाख करोड़ रुपये) का भारी-भरकम राजस्व हासिल कर सकती है। आइए समझते हैं इस इवेंट की सबसे अहम बातें:
1. एआई की डिमांड में 10 लाख गुना का उछाल
सैन जोस (कैलिफोर्निया) में हुए इस इवेंट में हुआंग ने एक चौंकाने वाला आंकड़ा शेयर किया। उनके अनुसार, पिछले सिर्फ दो वर्षों में कंप्यूटिंग की मांग में 10 लाख गुना की वृद्धि हुई है। इसकी सबसे बड़ी वजह एआई है। इसे आज हर छोटी-बड़ी इंडस्ट्री अपना रही है।
2. स्पीड का नया बादशाह: ग्रोक 3 एलपीयू चिप
एआई के कामों को और ज्यादा फास्ट बनाने के लिए एनवीडिया ने अपना नया ग्रोक 3 एलपीयू (लैंग्वेज प्रोसेसिंग यूनिट) चिप पेश किया है। यह चिप जीपीयू आर्किटेक्चर पर आधारित है। इसे खास तौर पर एआई इंफरेंस (एआई के सोचने और जवाब देने की स्पीड) को तेज करने के लिए बनाया गया है। इसकी डिलीवरी इस साल की तीसरी तिमाही (Q3) से शुरू हो जाएगी।
3. अंतरिक्ष में बनेगा डेटा सेंटर
अब डेटा सेंटर्स सिर्फ धरती पर नहीं, बल्कि अंतरिक्ष में भी होंगे। एनवीडिया ने अपने नेक्स्ट-जेनरेशन प्रोजेक्ट वेरा रुबिन स्पेस वन से पर्दा उठाया है। कंपनी अपने पार्टनर्स के साथ मिलकर स्पेस-आधारित डेटा सेंटर्स बना रही है। इसके लिए इसी साल सैटेलाइट लॉन्च करने की भी तैयारी है।
4. हर कंपनी बनेगी 'रोबोटिक्स कंपनी'
जेनसन हुआंग ने एलान किया कि अब फिजिकल एआई का युग आ चुका है। उनका मानना है कि आने वाले समय में हर इंडस्ट्रियल कंपनी एक रोबोटिक्स कंपनी बन जाएगी। एनवीडिया का फुल-स्टैक प्लेटफॉर्म आने वाले दिनों में लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट, फैक्ट्री और इंफ्रास्ट्रक्चर के काम करने का तरीका पूरी तरह बदल देगा।
5. Kyber सिस्टम और स्मार्ट कारों का भविष्य
एनवीडिया अपने हार्डवेयर को लगातार अपग्रेड कर रही है और इसी कड़ी में कंपनी ने इवेंट में दो बड़े अपडेट दिए हैं। पहला अपडेट Kyber आर्किटेक्चर को लेकर है, जो मौजूदा रुबिन प्लेटफॉर्म का अगला वर्जन होगा। इस नई तकनीक में 144 GPUs (ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट्स) को एक साथ जोड़ा जा सकेगा। इससे बिना किसी रुकावट के शानदार कंप्यूटिंग और इंटरनेट स्पीड मिलेगी। उम्मीद है कि यह बेहतरीन सिस्टम 2027 तक बाजार में आ जाएगा। हार्डवेयर के साथ-साथ ऑटोमोबाइल सेक्टर, खासकर सेल्फ-ड्राइविंग कारों (ऑटोनॉमस व्हीकल्स) के मामले में भी एनवीडिया तेजी से आगे बढ़ रही है। दिग्गज कंपनी उबर 2028 तक एनवीडिया के ड्राइव एवी सॉफ्टवेयर पर चलने वाली कारों का एक पूरा बेड़ा लॉन्च करने की तैयारी में है। इसके अलावा, निशान, ह्यूंदै, बीवाईडी और गीली जैसी नामी ऑटोमोबाइल कंपनियां भी अपनी स्मार्ट कारों के लिए एनवीडिया के प्लेटफॉर्म पर ही भरोसा जता रही हैं।
कमेंट
कमेंट X