Porsche: पोर्शे ने फाइल किया नई टेक्नोलॉजी का पेटेंट, एक ही कार में मिलेगा ऑटोमैटिक और मैनुअल दोनों का मजा
Porsche Smart Gear Selector Patent: लग्जरी कार निर्माता पोर्शे एक ऐसी स्मार्ट गियर तकनीक लेकर आया है, जो आपकी ऑटोमैटिक कार को पल भर में मैनुअल बना देगी। शिफ्ट-बाय-वायर तकनीक और स्मार्ट सेंसर्स पर आधारित यह इनोवेटिव सिस्टम आपको बिना असली मशीनरी के भी 100 प्रतिशत मैनुअल गियर शिफ्ट करने का रोमांच देता है। भले ही यह तकनीक अभी सिर्फ एक कॉन्सेप्ट (पेटेंट) है, लेकिन भविष्य में यह ऑटोमैटिक के आराम और मैनुअल ड्राइविंग के मजे को एक साथ मिलाने की शानदार शुरुआत हो सकती है।
विस्तार
अगर आप कार चलाने के शौकीन हैं और टेक्नोलॉजी से प्यार करते हैं तो लग्जरी कार निर्माता पोर्शे आपके लिए एक शानदार इनोवेशन लेकर आया है। कंपनी ने एक ऐसे 'गियर सेलेक्टर' का पेटेंट फाइल किया है, जो आपकी कार को आपके मूड के हिसाब से मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों बना देगा। यह तकनीक भविष्य में कार ड्राइविंग के अनुभव को पूरी तरह से बदल सकती है। आइए समझते हैं कि यह नई टेक्नोलॉजी कैसे काम करेगी।
कब सामने आई यह तकनीक?
पोर्शे ने इस तकनीक का पेटेंट अगस्त 2024 में जर्मनी में फाइल किया था, लेकिन यह मार्च 2026 में जाकर पब्लिक हुआ है। इस दिलचस्प पेटेंट की जानकारी सबसे पहले CarBuzz वेबसाइट ने दुनिया के सामने रखी थी।
कैसे काम करेगा यह 'स्मार्ट' गियर सिस्टम?
पोर्शे का यह नया गियर सिस्टम पूरी तरह से 'शिफ्ट-बाय-वायर' टेक्नोलॉजी पर आधारित है। इसका मतलब है कि गियर बदलने के लिए पुरानी कारों की तरह लोहे के पुर्जों या तारों का इस्तेमाल नहीं होगा, बल्कि सब कुछ इलेक्ट्रॉनिक तरीके से कंट्रोल होगा।
यह गियर लीवर दो तरह से काम करेगा
यह गियर लीवर ड्राइवर को अपनी पसंद के अनुसार ड्राइविंग का तरीका चुनने की आजादी देता है। जब आप इसे ऑटोमैटिक मोड में रखते हैं तो गियर को बस आगे-पीछे करने पर यह ड्राइव, न्यूट्रल और रिवर्स के बीच आसानी से स्विच हो जाता है। वहीं, अगर आप गियर खुद बदलने का मजा लेना चाहते हैं तो इसका मैनुअल मोड एकदम परफेक्ट है। इसमें H-पैटर्न लेआउट दिया गया है। इसका मतलब है कि आप गियर लीवर को बाएं-दाएं और ऊपर-नीचे मूव करके बिल्कुल किसी पारंपरिक मैनुअल गियरबॉक्स की तरह गियर बदल सकेंगे।
असली मैजिक: सेंसर और मोटर का खेल
चूंकि यह गियर किसी असली मशीनरी से नहीं जुड़ा है तो इसमें गियर बदलने वाली फील कैसे आएगी? यहीं पर असली टेक-मैजिक होता है। दरअसल, गियर लीवर में लगे स्मार्ट सेंसर्स आपके हाथ की हर मूवमेंट को बारीकी से ट्रैक करते हैं। जैसे ही आप गियर बदलते हैं, अंदर लगीं छोटी इलेक्ट्रिक मोटर और स्प्रिंग मिलकर आपको बिल्कुल वैसा ही झटका या रियल-टाइम फीडबैक देती हैं, जैसा किसी असली मैनुअल गियर को शिफ्ट करने पर महसूस होता है। इसका सीधा सा मतलब यह है कि आपकी कार में ट्रांसमिशन चाहे ऑटोमैटिक ही क्यों न हो। इस तकनीक की मदद से आपको ड्राइविंग का फील 100% मैनुअल कार वाला ही मिलेगा।
सुपरकारों से मिलती-जुलती है ये तकनीक
अगर आपको टेक्नोलॉजी की समझ है तो यह कांसेप्ट आपको मशहूर सुपरकार कंपनी कोएनिगसेग (Koenigsegg) के लाइट स्पीड ट्रांसमिशन की याद दिलाएगा। वहां भी गियर शिफ्टिंग के पुराने तरीकों को हटाकर पूरी तरह से एडवांस इलेक्ट्रॉनिक तरीके अपनाए गए हैं।
क्या यह तकनीक जल्द ही बाजार में आएगी?
फिलहाल यह सिर्फ एक पेटेंट है। ऑटो इंडस्ट्री में कंपनियां अक्सर पेटेंट फाइल करती हैं लेकिन जरूरी नहीं कि हर तकनीक तुरंत प्रोडक्शन में आ जाए।
कमेंट
कमेंट X