EV Sales: बीवाईडी ने टेस्ला को पछाड़ा, कैसे चीनी कंपनी बनी दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता
टेस्ला ने 2025 की चौथी तिमाही में उम्मीद से कम बिक्री की सूचना दी। जिससे वह दुनिया के सबसे बड़े इलेक्ट्रिक वाहन विक्रेता के रूप में चीन के BYD से हार गया।
विस्तार
2025 की चौथी तिमाही में Tesla (टेस्ला) की बिक्री अनुमान से कम रही। कंपनी ने इस अवधि में 4,18,227 इलेक्ट्रिक वाहन डिलीवर किए। जबकि पूरे साल की कुल बिक्री करीब 16.4 लाख यूनिट्स पर सिमट गई। बाजार विश्लेषकों को उम्मीद थी कि चौथी तिमाही में डिलीवरी का आंकड़ा लगभग 4.49 लाख यूनिट्स तक पहुंच सकता है।
BYD ने Tesla को कैसे पीछे छोड़ा?
टेस्ला के आंकड़े आने से एक दिन पहले चीन की BYD (बीवाईडी) ने एलान किया कि उसकी सालाना ईवी बिक्री 22.6 लाख यूनिट्स तक पहुंच गई है। इसी के साथ BYD ने वार्षिक आधार पर Tesla को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक वाहन विक्रेता कंपनी का दर्जा हासिल कर लिया।
विश्लेषकों के अनुमान और हकीकत में कितना अंतर रहा?
फैक्टसेट द्वारा संकलित सर्वसम्मत अनुमान के मुताबिक, विश्लेषकों को टेस्ला की चौथी तिमाही की डिलीवरी कहीं अधिक रहने की उम्मीद थी। लेकिन वास्तविक आंकड़े इन अनुमानों से काफी नीचे रहे। जिससे कंपनी की ग्लोबल लीडरशिप पर सवाल खड़े हो गए।
अमेरिका में EV मांग पर असर क्यों पड़ा?
उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग अभी भी नए हालात के अनुरूप ढल रही है। सितंबर 2025 के आखिर में 7,500 डॉलर के फेडरल टैक्स क्रेडिट को वापस लिए जाने के बाद ईवी खरीद पर सीधा असर पड़ा। जिसका असर टेस्ला की बिक्री में भी दिखा।
एलन मस्क की राजनीति ने बिक्री को कैसे प्रभावित किया?
टैक्स इंसेंटिव खत्म होने से पहले ही टेस्ला को कुछ प्रमुख बाजारों में धीमी बिक्री का सामना करना पड़ रहा था। विश्लेषकों के अनुसार, इसका एक कारण कंपनी के सीईओ एलन मस्क के राजनीतिक रुख को लेकर उपजा विरोध भी रहा। इसमें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और अन्य दक्षिणपंथी नेताओं के समर्थन से जुड़ी प्रतिक्रियाएं शामिल हैं।
बढ़ती प्रतिस्पर्धा Tesla के लिए कितनी बड़ी चुनौती है?
टेस्ला को अब सिर्फ बीवाईडी ही नहीं, बल्कि अन्य चीनी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माताओं और यूरोपीय ऑटो कंपनियों से भी कड़ी प्रतिस्पर्धा मिल रही है। गुरुवार को शेनझेन स्थित बीवाईडी ने 2025 के लिए रिकॉर्ड ईवी बिक्री की घोषणा की। जो इस बढ़ती प्रतिस्पर्धा को साफ तौर पर दर्शाती है।
बीवाईडी की रिकॉर्ड बिक्री और टेस्ला की अपेक्षाकृत धीमी ग्रोथ यह संकेत देती है कि वैश्विक इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में नेतृत्व की तस्वीर बदल रही है। आने वाले वर्षों में यह मुकाबला और तेज होने की संभावना है।