Scooter Sales: अप्रैल में होंडा एक्टिवा ने मारी बाजी, हीरो डेस्टिनी और बजाज चेतक ने तोड़े बिक्री के रिकॉर्ड
Top 10 Scooters April 2026: अप्रैल 2026 में भारत के स्कूटर मार्केट ने 22.2% की शानदार ग्रोथ दर्ज की है। जहां होंडा एक्टिवा हमेशा की तरह नंबर-1 पर राज कर रहा है, वहीं हीरो डेस्टिनी 488% की ग्रोथ के साथ देश का सबसे तेजी से बढ़ने वाला स्कूटर बन गया है। साथ ही बजाज चेतक और टीवीएस आईक्यूब जैसे इलेक्ट्रिक स्कूटर्स (ईवी) की डिमांड में भी भारी उछाल आया है। आइए जानते हैं अप्रैल 2026 के टॉप 10 स्कूटर्स की पूरी सेल्स रिपोर्ट...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत में पिछले महीने के टॉप 10 स्कूटर्स की सेल्स रिपोर्ट पर नजर डालें, तो अप्रैल 2026 में देश के स्कूटर मार्केट ने बेहद शानदार ग्रोथ दर्ज की है। इस महीने टॉप 10 स्कूटर्स की कुल बिक्री 5,94,443 यूनिट्स तक पहुंच गई, जो अप्रैल 2025 में बिकी 4,86,363 यूनिट्स के मुकाबले 22.2% की एक मजबूत सालाना बढ़त को दिखाती है। इस पूरे सेल्स चार्ट में जहां एक तरफ होंडा एक्टिवा हमेशा की तरह पहले पायदान पर अपना राज कायम रखे हुए है, वहीं हीरो डेस्टिनी की बिक्री में आए जबरदस्त उछाल ने इसे देश का सबसे तेजी से बढ़ने वाला स्कूटर बना दिया है।
इन टॉप 3 स्कूटर्स का रहा जलवा
अगर देश के टॉप 3 स्कूटर्स की बात करें तो इस सेगमेंट में होंडा एक्टिवा का एकतरफा राज देखने को मिला है। यह स्कूटर आज भी भारत का सबसे पसंदीदा और सबसे ज्यादा बिकने वाला टू-व्हीलर बना हुआ है। इसकी पिछले महीने रिकॉर्ड 2,20,774 यूनिट्स बिकी हैं। सालाना आधार पर 13.3% की शानदार ग्रोथ दर्ज करने वाले एक्टिवा का दबदबा इस कदर है कि अकेले इसी मॉडल ने टॉप-10 स्कूटर्स के कुल बाजार में 37.1% के एक बहुत बड़े हिस्से पर कब्जा कर रखा है।
इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर टीवीएस जुपिटर ने अपनी मजबूत पकड़ बनाई हुई है। जुपिटर ने पिछले महीने 1,17,383 यूनिट्स की बिक्री की और 14.4% की सालाना बढ़त के साथ पूरे स्कूटर मार्केट शेयर में करीब 20% की हिस्सेदारी अपने नाम की। वहीं, तीसरे नंबर पर सुजुकी एक्सेस ने भी अपनी लोकप्रियता साबित की है। सुजुकी के इस भरोसेमंद स्कूटर ने पिछले साल के मुकाबले 8% की ग्रोथ हासिल करते हुए कुल 70,339 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की।
इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की तेज रफ्तार
भारतीय बाजार में पारंपरिक पेट्रोल स्कूटर्स के साथ-साथ इलेक्ट्रिक स्कूटर्स (ईवी) की डिमांड भी लगातार तेजी से बढ़ रही है। इसे इस महीने के सेल्स आंकड़े साफ बयां करते हैं। इस ग्रीन मोबिलिटी सेगमेंट में सबसे दमदार प्रदर्शन टीवीएस आईक्यूब का रहा। इसने 34.7% की मजबूत सालाना ग्रोथ दर्ज करते हुए कुल 37,193 यूनिट्स की बिक्री की।
टीवीएस के इस इलेक्ट्रिक स्कूटर को कड़ी टक्कर देते हुए बजाज चेतक ने भी बाजार में अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है। बजाज चेतक की सेल्स में इस बार 78.5% का भारी उछाल देखा गया और इसकी कुल 34,304 यूनिट्स बिकीं। आपको बता दें कि हाल ही में बजाज ऑटो ने ग्राहकों को लुभाने के लिए अपनी पूरी चेतक रेंज के नामकरण में बड़ा बदलाव भी किया है।
इसी सेगमेंट में प्रीमियम और फैमिली ओरिएंटेड इलेक्ट्रिक स्कूटर एथर रिज्टा ने भी ग्राहकों के बीच अपनी पकड़ को और मजबूत किया है। एथर रिज्टा ने 78.7% की जबरदस्त ग्रोथ हासिल करते हुए 17,960 यूनिट्स की बिक्री का आंकड़ा छुआ। जो यह साफ दिखाता है कि भारतीय ग्राहक अब तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों को अपना रहे हैं।
इस महीने का सबसे बड़ा सरप्राइज रहा हीरो डेस्टिनी
हीरो डेस्टिनी ने बिक्री के मामले में सबको हैरान कर दिया है। अप्रैल 2025 में इसकी सिर्फ 4,393 यूनिट्स बिकी थीं, जो अप्रैल 2026 में छलांग मारकर 25,861 यूनिट्स हो गईं। यह 488.7% की रिकॉर्ड तोड़ ग्रोथ है। यह उछाल मुख्य रूप से अपडेटेड डेस्टिनी 125 और नए डेस्टिनी 110 मॉडल के बाजार में आने की वजह से आया है।
स्पोर्टी स्कूटर्स का हाल और सुजुकी बर्गमैन को झटका
अगर युवाओं के पसंदीदा स्पोर्टी स्कूटर सेगमेंट पर नजर डालें तो यहां टीवीएस एनटॉर्क का जलवा साफ देखने को मिला है। टीवीएस एनटॉर्क ने इस कैटेगरी में अपना दम दिखाते हुए पिछले महीने 33,994 यूनिट्स की जबरदस्त बिक्री की। जो 33.9% की एक मजबूत सालाना ग्रोथ को दर्शाती है। इसी सेगमेंट में यामाहा RayZR ने भी अपनी रफ्तार बरकरार रखी और करीब 22% की सालाना बढ़त के साथ कुल 17,298 यूनिट्स बेचकर टॉप-10 स्कूटर्स की लिस्ट में 10वें पायदान पर अपनी जगह पक्की की।
दूसरी तरफ, इस पूरे सेल्स चार्ट में सबसे हैरान करने वाला नतीजा सुजुकी बर्गमैन का रहा। सुजुकी बर्गमैन उन गिने-चुने स्कूटर्स में शामिल रहा जिनकी बिक्री में इस महीने गिरावट दर्ज की गई है। दिलचस्प बात यह है कि कंपनी ने हाल ही में बर्गमैन का नया फेसलिफ्ट मॉडल बाजार में उतारा था। लेकिन इसके बावजूद ग्राहकों के बीच इसका जादू थोड़ा फीका पड़ता दिखा। पिछले साल के मुकाबले इसकी बिक्री 16.1% गिरकर महज 19,337 यूनिट्स पर सिमट कर रह गई, जो कंपनी के लिए एक बड़ा झटका है।
कुल टू-व्हीलर मार्केट का हाल
अगर पूरे भारतीय टू-व्हीलर मार्केट (बाइक, स्कूटर और मोपेड) की बात करें, तो अप्रैल 2026 ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के लिए बेहद शानदार रहा है। इस दौरान कुल बिक्री का आंकड़ा बढ़कर 18.72 लाख यूनिट्स पर पहुंच गया, जो अप्रैल 2025 के मुकाबले 28.4% की एक जबरदस्त सालाना ग्रोथ को दर्शाता है।
इस पूरे मार्केट में आज भी हमेशा की तरह मोटरसाइकिलों का ही एकतरफा दबदबा देखने को मिल रहा है। इस महीने देश में कुल 11.38 लाख बाइक्स बिकीं, जो 30.6% की भारी सालाना बढ़त के साथ टू-व्हीलर वॉल्यूम में सबसे बड़ा योगदान देती हैं। वहीं दूसरी तरफ, शहरों में लगातार बढ़ती डिमांड और आरामदायक सफर की चाहत के चलते स्कूटर्स की लोकप्रियता भी सिर चढ़कर बोल रही है। इस महीने पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोनों को मिलाकर कुल 6.91 लाख स्कूटर्स की बिक्री हुई। इसमें 26.2% की एक मजबूत ग्रोथ दर्ज की गई है।
इसके अलावा, भले ही मोपेड सेगमेंट वॉल्यूम के मामले में थोड़ा छोटा हो। लेकिन टीवीएस एक्सएल जैसे भरोसेमंद मोपेड्स ने भी बाजार में अपनी पॉजिटिव रफ्तार बनाए रखी है। पिछले महीने मोपेड की 42,246 यूनिट्स बिकीं, जो पिछले साल से 9% ज्यादा है। कुल मिलाकर, टू-व्हीलर मार्केट के ये आंकड़े साफ गवाही देते हैं कि ग्रामीण और शहरी दोनों ही इलाकों में ग्राहकों की मांग तेजी से लौटी है और आने वाले दिनों के लिए मार्केट का सेंटीमेंट बेहद मजबूत है।