Best Mileage Hybrid Cars: 20 से ज्यादा माइलेज देने वाली 5 दमदार हाइब्रिड कारें; भारत में सबसे बेहतरीन विकल्प
भारत में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की सीमाओं के चलते हाइब्रिड कारों की मांग तेजी से बढ़ रही है। हाइब्रिड कारें बेहतर माइलेज के साथ कम प्रदूषण भी करती हैं, जिससे ये आज के समय में एक स्मार्ट विकल्प बन गई हैं। इस लेख में हम आपको 20 किमी/लीटर से ज्यादा माइलेज देने वाली 5 बेहतरीन हाइब्रिड कारों के बारे में बताएंगे।
विस्तार
भारत में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी के कारण हाइब्रिड कारें तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं। ये कारें न केवल शानदार माइलेज देती हैं बल्कि पर्यावरण के लिए भी कम हानिकारक हैं। अगर आप एक ऐसी कार की तलाश में हैं जो 20 किमी/लीटर से ज्यादा का माइलेज दे, तो हम इस लेख में आपको बेहतरीन विकल्पों के बारे में बताने वाले हैं। आइए जानते हैं इन 5 हाइब्रिड कारों के स्पेसिफिकेशंस और कीमतों के बारे में विस्तार से।
1. मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा
यह भारत की सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली SUVs में से एक है। इसमें दो तरह के हाइब्रिड विकल्प मिलते हैं: 'माइल्ड हाइब्रिड' और 'स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड'। 27.97 किमी/लीटर का माइलेज केवल 'स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड' वेरिएंट में मिलता है। इस गाड़ी में आपको 1.5-लीटर पेट्रोल (स्ट्रांग हाईब्रिड- 3-सिलेंडर) इंजन मिलता है जो 115.5 PS की पावर और 122 Nm (इंजन) + 141 Nm (मोटर) का टॉर्क देता है। इसमें आपको e-CVT (ऑटोमैटिक) ट्रांसमिशन मिलता है। इस गाड़ी का माइलेज (ARAI) 27.97 किमी/लीटर है। इस कार की सबसे खासियत है कि यह कार ईवी मोड पर भी चल सकती है, जिससे शहर के ट्रैफिक में पेट्रोल की काफी बचत होती है।
2. टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर

यह ग्रैंड विटारा की तकनीकी जुड़वा (टेक्निकल ट्विन) कार है। टोयोटा की यह SUV भी अपने स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम के लिए जानी जाती है। इस गाड़ी में आपको 1.5-लीटर TNGA पेट्रोल इंजन (स्ट्रांग हाइब्रिड) इंजन मिलता है जो 115.5 PS (संयुक्त सिस्टम पावर) की पावर और 122 Nm (इंजन) का टॉर्क मुहैया कराता है। इस कार में e-CVT ट्रांसमिशन मिल जाता है। इस गाड़ी में आपको 27.97 किमी/लीटर (ARAI) का माइलेज मिल जाता है। इसकी खासियत है कि इसमें टोयोटा का विश्वसनीय हाइब्रिड सिस्टम है और यह पैनोरमिक सनरूफ जैसे फीचर्स के साथ आती है।
3. होंडा सिटी हाइब्रिड
हालांकि यह एक सेडान कार है (SUV नहीं) लेकिन हाइब्रिड सेगमेंट में यह एक प्रमुख नाम है। यह भारत की पहली मास-मार्केट हाइब्रिड कारों में से एक है। इस गाड़ी में आपको 1.5-लीटर i-VTEC DOHC (एटकिंसन साइकिल) इंजन मिल जाता है। इसमें 126 PS (संयुक्त पीक पावर) की पावर और 253 Nm (मोटर टॉर्क) का टॉर्क मिलता है, जो सेगमेंट में सबसे बेहतरीन पिक-अप मुहैया कराता है। इस कार में e-CVT ट्रांसमिशन मिल जाता है। अगर माइलेज (ARAI) की बात करें तो ये 27.13 किमी/लीटर है। इस कार की सबसे बड़ी खासियत है कि इसमें 'होंडा सेंसिंग' (ADAS) सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं। यह हाईवे और सिटी दोनों ड्राइविंग के लिए बहुत आरामदायक है।
4. टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस
अगर आपको एक बड़ी फैमिली कार चाहिए जो पेट्रोल भी कम पिए तो इनोवा हाईक्रॉस हाइब्रिड सबसे अच्छा विकल्प है। यह पुरानी इनोवा क्रिस्टा से ज्यादा लग्जरी और ज्यादा माइलेज देती है। अगर कार के इंजन की बात करें तो इसमें 2.0-लीटर 4-सिलेंडर TNGA पेट्रोल इंजन (5th जेन हाइब्रिड) मिलता है। जिसकी पावर 186 PS (संयुक्त पावर) और टॉर्क 188 Nm (इंजन) + 206 Nm (मोटर) है। ये कार e-CVT ट्रांसमिशन के साथ आती है। साथ ही इसमें आपको 23.24 किमी/लीटर का माइलेज (ARAI) मिल जाता है। इस कार की सबसे बड़ी खासियत है कि ये 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार मात्र 9.5 सेकंड में पकड़ लेती है। यह 7 और 8 सीटर विकल्पों में उपलब्ध है।
5. मारुति सुजुकी इनविक्टो
इनविक्टो मारुति की अब तक की सबसे महंगी और प्रीमियम कार है। यह टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस पर ही आधारित है लेकिन केवल हाइब्रिड अवतार में आती है। इस गाड़ी में आपको 2.0-लीटर पेट्रोल हाइब्रिड (इनोवा हाईक्रॉस वाला ही इंजन) इंजन मिलता है। ये इंजन 186 PS (संयुक्त पावर) की पावर और 188 Nm (इंजन) + 206 Nm (मोटर) का टॉर्क मुहैया कराता है। इस गाड़ी में e-CVT ट्रांसमिशन मिल जाता है। इस कार की माइलेज (ARAI) 23.24 किमी/लीटर है। इस गाड़ी की सबसे बड़ी खासियत है कि यह मारुति की फ्लैगशिप कार है जिसमें वेंटीलेटेड सीट्स, पावर्ड टेलगेट और ढेर सारे प्रीमियम फीचर्स मिलते हैं।
