सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Automobiles News ›   Warning Signs Your Car’s Suspension Is Failing on Indian Roads

Car Suspension: क्या आपकी कार का सस्पेंशन जवाब दे रहा है? इन पांच संकेतों को न करें नजरअंदाज

ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: सुयश पांडेय Updated Thu, 05 Feb 2026 11:57 AM IST
विज्ञापन
सार

Car’s Suspension: भारतीय सड़कों के गड्ढे और स्पीड-ब्रेकर आपकी कार के सस्पेंशन की असली परीक्षा लेते हैं। सस्पेंशन खराब होने से पहले कई साफ संकेत देता है, जैसे राइड क्वालिटी का बिगड़ना, जरूरत से ज्यादा उछाल, अजीब आवाजें, टायरों का असमान घिसना और मोड़ पर गाड़ी का ज्यादा झुकना। इन संकेतों को नजरअंदाज करना न सिर्फ आराम, बल्कि आपकी सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है।

Warning Signs Your Car’s Suspension Is Failing on Indian Roads
Car’s Suspension - फोटो : X
विज्ञापन

विस्तार

आपकी कार का सस्पेंशन रातों-रात खराब नहीं होता, बल्कि वह खराब होने से पहले कई इशारे देता है। बस दिक्कत यह है कि हम अक्सर इन्हें तब तक अनदेखा करते हैं जब तक सफर आरामदायक न रहकर कमर तोड़ न बन जाए। भारतीय सड़कों के गड्ढे और ऊंचे स्पीड-ब्रेकर सस्पेंशन से काफी ज्यादा मेहनत कराते हैं, जिससे यह जल्दी घिसने लगता है।

Trending Videos


अगर आपको महसूस हो कि छोटे से गड्ढे का झटका भी सीधा आपकी पीठ तक पहुंच रहा है या स्पीड-ब्रेकर से उतरने के बाद कार काफी देर तक ऊपर-नीचे उछल रही है तो समझ लीजिए कि शॉकर्स कमजोर हो चुके हैं। इसके अलावा, धीमी रफ्तार में नीचे से आने वाली आवाजें रबर के पुर्जों के घिसने का संकेत देती हैं। एक और जरूरी बात यह है कि अगर टायर एक तरफ से ज्यादा घिस रहे हों या मोड़ काटते समय गाड़ी जरूरत से ज्यादा एक तरफ झुक रही हो तो इसे हल्के में न लें। ये सभी संकेत बताते हैं कि आपकी कार का सस्पेंशन अब मरम्मत मांग रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

1. राइड क्वालिटी में बदलाव (झटके महसूस होना)

सस्पेंशन का असली काम झटकों को झेलना होता है। अगर छोटे-मोटे गड्ढों पर भी आपकी कार बहुत ज्यादा उछलने लगे या सड़क के झटके सीधे आपकी कमर और पीठ में महसूस होने लगें तो समझ जाइए कि सस्पेंशन में कोई खराबी है। एक सही सस्पेंशन का काम ही यही है कि वह सड़क की ऊंच-नीच को खुद झेल ले और कार के अंदर बैठे लोगों को पता भी न चलने दे।

2. जरूरत से ज्यादा उछाल

स्पीड-ब्रेकर या किसी ढलान से उतरने के बाद कार को तुरंत संभल जाना चाहिए। लेकिन अगर आपकी कार किसी स्प्रिंग की तरह दो-तीन बार ऊपर-नीचे उछलती रहती है तो इसका मतलब है कि इसके शॉकर्स (डैम्पर्स) कमजोर हो गए हैं। अक्सर पुरानी छोटी कारों और कॉम्पैक्ट एसयूवी में यह दिक्कत ज्यादा देखने को मिलती है।

3. अजीब आवाजें आना

गाड़ी चलाते वक्त, खासकर जब आप धीरे चल रहे हों, अगर आपको आगे या पीछे से आवाजें सुनाई दें तो समझ जाइए कि गाड़ी के बुश या जोड़ (जॉइंट्स) घिस गए हैं। भारत में बहुत ज्यादा गर्मी, धूल और कीचड़ की वजह से सस्पेंशन के रबर वाले हिस्से जल्दी कड़क होकर फटने लगते हैं और इन्हीं की वजह से गाड़ी से ऐसी अजीब आवाजें आने लगती हैं।

4. टायरों का असमान घिसना

अगर आप देखें कि आपके टायर बीच के बजाय किनारों से ज्यादा घिस रहे हैं तो समझ जाइए कि सस्पेंशन या अलाइनमेंट में गड़बड़ है। बहुत से लोग गलती करते हैं कि वे सिर्फ नए टायर डलवा लेते हैं, लेकिन असली बीमारी (सस्पेंशन) को ठीक नहीं कराते। नतीजा यह होता है कि कुछ ही समय में उनके नए टायर भी घिसकर बर्बाद हो जाते हैं।

5. अस्थिरता और बॉडी रोल

जब आप ब्रेक लगाते हैं और आपकी कार का अगला हिस्सा जरूरत से ज्यादा नीचे की तरफ झुक जाता है तो समझ लीजिए कि यह सुरक्षा के लिहाज से बिल्कुल ठीक नहीं है। इतना ही नहीं, अगर सीधी सड़क पर भी आपकी गाड़ी अपने आप किसी एक तरफ भाग रही है तो इसका मतलब है कि खराब सस्पेंशन की वजह से टायरों की सड़क पर पकड़ कमजोर हो गई है। इसके अलावा, मोड़ काटते समय अगर गाड़ी सामान्य से ज्यादा एक तरफ झुकती है या तेज रफ्तार में आपको ऐसा महसूस होता है कि गाड़ी सड़क पर जम कर चलने के बजाय हवा में तैर रही है तो यह साफ इशारा है कि अब आपको इसके एंटी-रोल बार या डैम्पर्स की जांच तुरंत करानी चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें ऑटोमोबाइल समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। ऑटोमोबाइल जगत की अन्य खबरें जैसे लेटेस्ट कार न्यूज़, लेटेस्ट बाइक न्यूज़, सभी कार रिव्यू और बाइक रिव्यू आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed