Xiaomi: शाओमी ने पेश किया अपनी इलेक्ट्रिक कार SU7 का नया अवतार, क्या टेस्ला को मिलेगी कड़ी टक्कर?
Xiaomi SU7 2026 Unveiled: शाओमी ने अपनी अपडेटेड SU7 इलेक्ट्रिक सेडान को 2,19,900 युआन (करीब ₹29.7 लाख) की शुरुआती कीमत पर बाजार में उतार दिया है। नए मॉडल में रेंज, पावर, सुपरफास्ट चार्जिंग और सेफ्टी फीचर्स को पहले से कहीं ज्यादा अपग्रेड किया गया है। इस कार को सीधे तौर पर टेस्ला मॉडल 3 की टक्कर और 'वैल्यू फॉर मनी' स्मार्ट कार माना जा रहा है।
विस्तार
स्मार्टफोन बनाने वाली दिग्गज कंपनी शाओमी ने अपनी मशहूर इलेक्ट्रिक कार (ईवी) SU7 का नया और अपडेटेड मॉडल लॉन्च कर दिया है। बाजार के जानकारों का मानना है कि यह नई कार एलन मस्क की टेस्ला और चीन की अन्य लोकल कंपनियों के मार्केट शेयर में सेंध लगा सकती है।
कितनी है नई SU7 की कीमत?
शाओमी के फाउंडर और सीईओ लेई जून ने अपनी इस नई-जनरेशन वाली स्मार्ट सेडान की कीमतों का आधिकारिक एलान कर दिया है। नई SU7 के स्टैंडर्ड एडिशन की शुरुआती कीमत 2,19,900 युआन (करीब ₹29.7 लाख) तय की गई है। वहीं, ग्राहकों के लिए इसके प्रो वैरिएंट को 2,49,900 युआन (करीब ₹33.8 लाख) और टॉप-एंड मैक्स वैरिएंट को 3,03,900 युआन (करीब ₹41.1 लाख) में उतारा गया है। शानदार अपग्रेड्स के बावजूद, कंपनी ने एक स्मार्ट रणनीति अपनाते हुए इसे चीन में अपनी सबसे बड़ी प्रतिद्वंदी 'टेस्ला मॉडल 3' से लगभग 5,600 युआन (करीब ₹75,600) सस्ता रखा है।
खास बात ये है कि नई कार की ये कीमत लॉन्च से पहले लगाए जा रहे अनुमानों से 10,000 युआन (करीब ₹1.35 लाख) कम है। हालांकि, मार्च 2024 में आई पहली जनरेशन SU7 के मुकाबले यह 4,000 युआन (करीब ₹54,000) महंगी जरूर है। कीमत में हुए इस मामूली इजाफे को लेकर सीईओ लेई जून ने स्पष्ट किया कि कार के फीचर्स में कई बेहतरीन सुधार किए गए हैं और सप्लाई चेन की लागत भी बढ़ी है। इसके बावजूद, उन्होंने भरोसा जताया कि यह नई कार ग्राहकों के लिए पूरी तरह से 'वैल्यू फॉर मनी' साबित होगी।
नए SU7 में क्या हैं दमदार फीचर्स?
रेंज की टेंशन खत्म
नई शाओमी SU7 में ग्राहकों की सबसे बड़ी 'रेंज की टेंशन' को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। इसके बेस 'स्टैंडर्ड' मॉडल को फुल चार्ज करने पर 720 किलोमीटर तक का सफर तय किया जा सकता है, जबकि इसके 'प्रो' मॉडल में अब 902 किलोमीटर (CLTC) की जबर्दस्त रेंज मिलती है। कंपनी का दावा है कि असली सड़कों पर भी यह आसानी से 640 किलोमीटर से ज्यादा चलेगी। लंबी रेंज के साथ-साथ अब चार्जिंग स्टेशनों पर घंटों इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा। इसके स्टैंडर्ड और प्रो मॉडल को 752V सिस्टम से लैस किया गया है। वहीं टॉप 'मैक्स' वेरिएंट में 897V का एडवांस आर्किटेक्चर दिया गया है। इस सुपरफास्ट चार्जिंग तकनीक की बदौलत मैक्स मॉडल की बैटरी महज़ 11 मिनट में 10% से 80% तक चार्ज हो जाती है और सिर्फ 15 मिनट की प्लग-इन में कार 670 किलोमीटर दौड़ने के लिए तैयार हो जाती है।
परफॉरमेंस और कंट्रोल
परफॉरमेंस और कंट्रोल के मामले में भी यह कार किसी से पीछे नहीं है। अब इसके सभी मॉडल्स में शाओमी का नया V6s प्लस मोटर लगाया गया है। इससे स्टैंडर्ड और प्रो मॉडल 320 hp की पावर देते हैं, जबकि टॉप 'मैक्स' वेरिएंट 690 hp की जबर्दस्त ताकत जनरेट करता है। ड्राइविंग के शौकीनों के लिए अब प्रो मॉडल में एयर सस्पेंशन (CDC के साथ) शामिल किया गया है, जो पहले सिर्फ महंगे मॉडल्स तक सीमित था। इसके अलावा, सड़क पर बेहतर ग्रिप और सेफ्टी के लिए हर मॉडल में चौड़े टायर और पावरफुल ब्रेक अब स्टैंडर्ड तौर पर दिए जा रहे हैं।
पैसेंजर सेफ्टी और फ्यूचरिस्टिक तकनीक
शाओमी ने इस बार पैसेंजर सेफ्टी और फ्यूचरिस्टिक तकनीक पर भी खास जोर दिया है। कार के ढांचे को 2,200 MPa के अल्ट्रा-हाई-स्ट्रेंथ स्टील से और अधिक मजबूत बनाया गया है और एयरबैग्स की संख्या 7 से बढ़ाकर 9 कर दी गई है। ग्राहकों की पुरानी शिकायतों को ध्यान में रखते हुए, इमरजेंसी के लिए अब इसमें मैकेनिकल डोर हैंडल्स भी जोड़े गए हैं। वहीं, अगर स्मार्ट फीचर्स की बात करें तो अब SU7 के हर मॉडल में एडवांस LiDAR सेंसर और रडार को स्टैंडर्ड कर दिया गया है। इसका सीधा मतलब है कि अब शाओमी का बेहतरीन 'हाइवे ऑटोनॉमस ड्राइविंग' (HAD) यानी ऑटोमैटिक ड्राइविंग सिस्टम कार के बेस मॉडल से ही मिलना शुरू हो जाएगा।
टेस्ला और बाकी कंपनियों के लिए खतरे की घंटी?
इसका सीधा असर टेस्ला मॉडल 3, जीकर 007 और एक्सपेंग P7 की बिक्री पर पड़ सकता है। आपको बता दें कि साल 2025 में शाओमी ने पुरानी SU7 की 2.46 लाख से ज्यादा यूनिट्स बेची थीं और यह चीन में 2 लाख युआन से महंगी कारों के सेगमेंट में टेस्ला मॉडल 3 को पछाड़कर नंबर वन बन गई थी।
चीन के घटते ईवी बाजार के बीच शाओमी का बड़ा दांव
यह लॉन्च ऐसे समय में हुआ है जब साल 2026 के शुरुआती दो महीनों में चीन में नई-एनर्जी वाली कारों की बिक्री में 7% की गिरावट देखी गई है। सरकार भी कंपनियों से प्राइस वॉर छोड़कर नई तकनीक पर फोकस करने की अपील कर रही है। इस मेगा लॉन्च इवेंट में बीवाईडी, एक्सपेंग और ली ऑटो जैसी बड़ी कंपनियों के प्रमुख भी शामिल हुए। शाओमी ने अपने फ्यूचर प्लान का खुलासा करते हुए बताया कि कंपनी अगले 3 वर्षों में एआई पर 60 अरब युआन का निवेश करेगी। हालांकि, इस शानदार कार के लॉन्च के बावजूद हांगकांग शेयर बाजार में गुरुवार दोपहर तक शाओमी के शेयरों में लगभग 7% की गिरावट देखी गई।