बिहार: बेगूसराय में निगरानी की कार्रवाई, 25 हजार रुपये रिश्वत लेते असिस्टेंट कमिश्नर और डाटा ऑपरेटर गिरफ्तार
बेगूसराय में निगरानी विभाग ने वाणिज्य कर कार्यालय के असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश चंद्र मोहन और डाटा ऑपरेटर संतोष कुमार झा को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। शिकायत के सत्यापन के बाद हुई कार्रवाई में टीम ने कार्यालय में दस्तावेज और रिकॉर्ड भी खंगाले।
विस्तार
बेगूसराय जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए वाणिज्य कर कार्यालय में तैनात असिस्टेंट कमिश्नर और डाटा ऑपरेटर को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश चंद्र मोहन और डाटा ऑपरेटर संतोष कुमार झा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय के विश्वनाथ नगर स्थित कृष्णा मार्केट में रोजी गारमेंट के प्रोपराइटर ज्योति कुमार ने निगरानी विभाग से रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार को वाणिज्य कर कार्यालय में कार्रवाई की।
पढे़ंं: 24 घंटे में पलटा सियासी खेल! जनसुराज से जुड़े राजकिशोर सिंह फिर भाजपा के साथ, जानें संदेश में क्या कहा?
बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान 25 हजार रुपये की रिश्वत 500-500 रुपये के नोटों में दी जा रही थी। निगरानी टीम को देखते ही रिश्वत की रकम खिड़की के बाहर फेंकने की कोशिश की गई, लेकिन टीम ने इसे देख लिया। इसके बाद मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम दोनों को हिरासत में लेकर सर्किट हाउस में पूछताछ कर रही है। वहीं, वाणिज्य कर कार्यालय परिसर में भी जांच शुरू कर दी गई। टीम महत्वपूर्ण दस्तावेजों, फाइलों और कंप्यूटर रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अधिकारियों से पूछताछ के साथ मामले से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही कार्यालय में कर्मचारियों और आसपास के लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। कार्यालय के बाहर पुलिस बल की तैनाती कर बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। मामले में निगरानी विभाग की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।