Bihar News: कॉलेज में पढ़ाने पहुंच गए सीएम नीतीश कुमार के मंत्री, क्लास से निकले के बाद क्या कहा जानिए
Patna News: मंत्री अशोक चौधरी ने छात्रों को पढ़ाने के बाद कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना भी है।
विस्तार
सियासी गलियारे में चल रहे घमासान के बीच सीएम नीतीश कुमार के करीबी और मंत्री अशोक चौधरी कॉलेज में एएन कॉलेज पढ़ाने पहुंच गए। सुरक्षाकर्मियों के साथ जब मंत्री कॉलेज पहुंचे तो प्रोफेसर और छात्रों को लगा कि वह किसी आधिकारिक कार्यक्रम पर आए हैं। लेकिन, ऐसा नहीं था। वह छात्रों को पढ़ाने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने बुधवार को एएन कॉलेज बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभाल ली। ज्वाइन करने के बाद उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि महादेव और माता-पिता के आशीर्वाद से उन्हें उसी शैक्षणिक भवन में सेवा देने का अवसर मिला है, जिसका शिलान्यास उन्होंने शिक्षा मंत्री रहते हुए तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ किया था। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस भवन का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कर-कमलों से संपन्न हुआ था।
छात्र कुछ अच्छा सीखकर जाएं, ऐसी कोशिश रहेगी
मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि छात्र उनसे कुछ अच्छा सीखकर जाएं, वही वह स्वयं भी छात्रों से निरंतर सीखने और आगे बढ़ने की प्रेरणा लेते रहेंगे। उन्होंने अपने नए दायित्व को केवल एक पद नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि वह राजनीतिक विज्ञान को सिर्फ विषय के रूप में नहीं, बल्कि समाज, लोकतंत्र और जीवन को समझने के सशक्त माध्यम के रूप में पढ़ाना चाहते हैं।
Bihar News: सीएम नीतीश ने अपने सांसद पर की कार्रवाई, गिरधारी यादव को जदयू ने नोटिस भेजा; जानिए पूरा मामला
मंत्री ने कहा- जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे
अशोक चौधरी ने कहा कि इसी संकल्प के साथ वह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। अपने इस सफर में सहयोग देने वाले गुरुओं, अभिभावकों, मित्रों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि सभी का विश्वास और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।
विधान परिषद् में राजद एमएलसी ने उठाया था मामला
फरवरी माह में मंत्री अशोक चौधरी ने बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय की सेवा ज्वाइन की थी। इसके बाद से विपक्ष उन पर सवाल उठा रहा था। इसके बाद विधान परिषद् के बजट सत्र के दौरान राजद एमएलसी सुनील सिंह ने अशोक चौधरी की डिग्री को फर्जी कह दिया था। इतना ही नहीं सुनील सिंह ने दावा किया था कि हम भी जानते हैं कि उन्होंने फर्जी डिग्री कैसे ली। मैं सारा खुलासा कर दूंगा। आपकी डिग्री की सारी सच्चाई सामने ला दूंगा। मुझे पता है कि अशोक कुमार कौन है और अशोक चौधरी कौन है? इतना सुनते ही अशोक चौधरी भड़क गए थे। उन्होंने कहा था कि मैं चुनौती देता हूं कि सुनील सिंह मेरी डिग्री को फर्जी साबित करें नहीं तो वह विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दें।