80th Indepence Day: औरंगाबाद में शान से लहराया तिरंगा, प्रभारी मंत्री निषाद ने गिनाईं जिले की विकास उपलब्धियां
औरंगाबाद में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, आवास, बिजली, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
80वें स्वतंत्रता दिवस पर औरंगाबाद में शनिवार को आन-बान-शान से तिरंगा लहराया गया। इस दौरान जिला और प्रखंड मुख्यालयों से लेकर पंचायतों और गांवों तक सरकारी और निजी संस्थानों में तिरंगा फहराया गया।
मुख्य समारोह औरंगाबाद शहर के गांधी मैदान में आयोजित किया गया, जहां बिहार सरकार की पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री सह जिले की प्रभारी रमा निषाद ने ध्वजारोहण किया। इससे पूर्व प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के साथ बिहार पुलिस, एनसीसी और स्काउट-गाइड के संयुक्त परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।
इसके बाद प्रभारी मंत्री ने स्कूली छात्राओं के राष्ट्रगान के साथ ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुए सभी वीर सपूतों, महान स्वतंत्रता सेनानियों तथा हाल के दिनों में मातृभूमि की रक्षा में शहीद हुए सैनिकों को नमन किया। उन्होंने विशेष रूप से बिहार विभूति डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह एवं जिले के ओबरा प्रखंड के खरांटी निवासी 19 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी शहीद जगतपति कुमार को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने गांधी मैदान के मंच से औरंगाबाद की जनता को संबोधित किया।
प्रभारी मंत्री ने की उपलब्धियों व विकास की चर्चा
इस मौके पर संबोधन में प्रभारी मंत्री ने जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा, अल्पसंख्यक कल्याण, महिला सशक्तीकरण, विद्युत आपूर्ति, पर्यटन एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जिले में दो नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय छात्रावास एवं 13 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित हैं। 14 मॉडल स्कूल चिन्हित किए गए हैं तथा मदनपुर एवं ओबरा प्रखंड में दो नए डिग्री कॉलेज प्रारंभ किए गए हैं।
दो लाख 93 हजार से अधिक पौधों का वृक्षारोपण
प्रभारी मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में इस वित्तीय वर्ष में 270 हेक्टेयर वन भूमि पर 2 लाख 93 हजार से अधिक पौधों का वृक्षारोपण किया गया है तथा सरकारी संस्थानों एवं आम नागरिकों के बीच 34,950 पौधों का वितरण किया गया है।
25,524 पीएम आवास की दी गई स्वीकृति
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण विकास एवं आवास के क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 25,524 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 16 हजार से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं। स्वच्छ एवं सुंदर ग्राम पंचायतों के निर्माण के लिए ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के तहत 190 अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाइयों का निर्माण किया गया है।
200 पंचायतों में 99 पंचायत सरकार भवन पूर्ण
उन्होंने कहा कि पंचायती राज के तहत 200 ग्राम पंचायतों में 99 पंचायत सरकार भवन पूर्ण हो चुके हैं। सभी पंचायतों में निर्धारित 30,220 सोलर स्ट्रीट लाइट का शत-प्रतिशत अधिष्ठापन किया जा चुका है तथा पंचायतों में विवाह मंडप का निर्माण कराया जा रहा है।
उद्योगों की स्थापना के लिए दिया जा रहा प्रोत्साहन
मंत्री ने कहा कि उद्योग एवं रोजगार के क्षेत्र में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना एवं बिहार लघु उद्यमी योजना के माध्यम से लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। जीविका के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में अभियान बसेरा-02 के तहत जिले को प्राप्त 744 सुयोग्य परिवारों के लक्ष्य के अनुरूप सभी 744 परिवारों को भूमि बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र उपलब्ध करा दिया गया है।
स्वास्थ्य सेवा में हो रहा सुधार
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा को सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने की दिशा में जिले में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। जुलाई माह में टेलीमेडिसिन सेवा में औरंगाबाद जिला राज्य में प्रथम स्थान पर रहा। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 5 लाख से अधिक लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई है। मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत 28 बच्चों का निःशुल्क हृदय ऑपरेशन कराया गया है। जिले में 59 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र एवं एक अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोले गए हैं।
जन समस्याओं का हो रहा समाधान
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित ‘आपकी सरकार आपके द्वार-सहयोग शिविर’ में अब तक 13,580 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 13,166 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। जिले में 97 प्रतिशत निष्पादन दर प्राप्त हुई है।
छात्रों को मिल रही छात्रवृत्ति
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक कल्याण के तहत मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 767 छात्राओं को प्रति छात्रा 15 हजार रुपये की दर से प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास तथा विभिन्न आवासीय विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण के तहत इस वित्तीय वर्ष में अत्याचार अधिनियम के तहत 238 पीड़ित व्यक्तियों के बीच 1 करोड़ 60 लाख रुपये की सहायता राशि उनके खातों में अंतरित की गई है।
कृषि के क्षेत्र में हो रहे काम
प्रभारी मंत्री ने कहा कि कृषि एवं सिंचाई के क्षेत्र में ‘हर खेत तक सिंचाई का पानी’ कार्यक्रम के तहत 134 आहर, पईन एवं चेकडैम का निर्माण पूर्ण किया गया है, जिससे 19,831 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत 9 योजनाओं का कार्य भी पूर्ण किया गया है। कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है।
लाभुकों को मिल रहा पेंशन
उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा के तहत विभिन्न पेंशन योजनाओं के 3 लाख 5 हजार लाभुकों को अब 400 के स्थान पर 1,100 रुपये प्रतिमाह की पेंशन प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से प्रदान की जा रही है।
204 उपभोक्ता पीएम सूर्य घर से लाभान्वित
उन्होंने कहा कि ऊर्जा एवं सौर ऊर्जा के क्षेत्र में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 204 उपभोक्ता लाभान्वित हो रहे हैं। 6,578 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के लिए निःशुल्क सोलर संयंत्र लगाने का कार्य प्रगति पर है। 125 यूनिट तक पूर्ण अनुदान का लाभ दिया जा रहा है। जिले में शहरी क्षेत्रों में 23-24 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 22-23 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
शहरी विकास के हो रहे कार्य
उन्होंने कहा कि शहरी विकास के तहत 2 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से नया रामजानकी पार्क अमृत 2.0 योजना के तहत स्वीकृत किया गया है। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 650 आवास पूर्ण हो चुके हैं तथा 222 आवास निर्माणाधीन हैं। 7 वार्डों के 3,781 घरों में पेयजलापूर्ति सुनिश्चित की गई है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि खेल एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में देव में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है। डीएफसीसीआईएल रेल लाइन संरेखण के तहत विभिन्न स्थानों पर रोड अंडर ब्रिज के निर्माण की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- बिहार: झंडा फहराने के बहाने घर से बुलाया, जुल्मी मुखिया के भांजे ने युवक की गोली मारकर की हत्या; दहशत का माहौल
समारोह में प्रभारी मंत्री ने सरकारी भूमि पर घर बनाकर रह रहे भूमिहीन परिवारों को भूमि बंदोबस्ती का लाभ प्रदान किया। उन्होंने मंच से 11 भूमिहीन लाभुकों को भूमि बंदोबस्ती का पर्चा प्रदान किया। वहीं, पूरे जिले में 200 से अधिक भूमिहीन परिवारों को भूमि पर्चा निर्गत/प्रदान किया गया।
औरंगाबाद समाहरणालय परिसर में भी समारोह का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने समाहरणालय परिसर स्थित शहीद स्वतंत्रता सेनानी जगतपति कुमार की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया। इस दौरान पुलिस बल के जवानों ने जिलाधिकारी को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया।

परेड का निरीक्षण, झंडे को सलामी व लाभुकों को योजना के लाभ का पत्र देती प्रभारी मंत्री

परेड का निरीक्षण, झंडे को सलामी व लाभुकों को योजना के लाभ का पत्र देती प्रभारी मंत्री

परेड का निरीक्षण, झंडे को सलामी व लाभुकों को योजना के लाभ का पत्र देती प्रभारी मंत्री