Bihar News: सहरसा सदर अस्पताल में डीडीसी का छापा, बदहाल व्यवस्था देख भड़के अधिकारी; फटकार लगाई
सहरसा सदर अस्पताल में डीडीसी गौरव कुमार के औचक निरीक्षण से हड़कंप मच गया। बंद पंखे, उमस से परेशान मरीज और गंदे बर्तन मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई तथा दो दिन में व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के सहरसा सदर अस्पताल में रविवार को डीडीसी गौरव कुमार के औचक निरीक्षण से हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान वार्डों में कई पंखे बंद मिले, जिससे उमस में मरीज बेहाल नजर आए। वहीं जीविका रसोई में गंदगी और गंदे बर्तनों की स्थिति देखकर डीडीसी ने कड़ी नाराजगी जताई।
डीडीसी गौरव कुमार ने अस्पताल पहुंचते ही सबसे पहले इमरजेंसी और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। कई जगह पंखे बंद मिलने पर उन्होंने तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उमस भरे माहौल में मरीजों की हालत देख वे भड़क उठे और संबंधित कर्मियों को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में संचालित जीविका रसोई की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई। वहां साफ-सफाई का अभाव था और बर्तन गंदे पड़े थे। इस पर डीडीसी ने जिम्मेदार कर्मचारियों को सख्त चेतावनी देते हुए स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
पढ़ें: मोतिहारी के मदरसे में पुलिस की बड़ी छापेमारी, पिस्टल समेत संदिग्ध सामान बरामद; क्या है PFI कनेक्शन?
डीडीसी के अचानक निरीक्षण की सूचना मिलते ही कई कर्मचारी हड़बड़ी में अस्पताल पहुंचे। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. राज नारायण प्रसाद और अस्पताल प्रबंधक सिंपी कुमारी भी मौजूद रहीं। डीडीसी ने अस्पताल में पूर्व में हुई चोरी की घटना पर भी चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
सिविल सर्जन डॉ. राज नारायण प्रसाद ने बताया कि डीडीसी द्वारा बताई गई सभी कमियों को दूर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही अस्पताल की व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाएगी।