{"_id":"6a75982299c140a452047e34","slug":"eou-concludes-raid-on-saharsa-dpo-ajit-amar-in-disproportionate-assets-case-bihar-news-today-kosi-news-c-1-1-noi1476-4585360-2026-08-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: शिक्षा विभाग के DPO के ठिकानों पर EOU का छापा, 72 गुना अधिक संपत्ति का मामला; जमीन के दस्तावेज मिले","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: शिक्षा विभाग के DPO के ठिकानों पर EOU का छापा, 72 गुना अधिक संपत्ति का मामला; जमीन के दस्तावेज मिले
Fri, 07 Aug 2026 07:33 PM IST
कोसी ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहरसा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहरसा
Published by: कोसी ब्यूरो
Updated Fri, 07 Aug 2026 07:33 PM IST
सार
सहरसा में शिक्षा विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अजीत अमर के किराये के आवास और कार्यालय समेत सिवान व छपरा स्थित ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में शुक्रवार को छापेमारी की।
विज्ञापन
सहरसा में छापेमारी बाद टीम वापस जाते हुए
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के सहरसा में शिक्षा विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) अजीत अमर के ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में शुक्रवार को आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की छापेमारी हुई। सहरसा स्थित उनके किराये के आवास और कार्यालय के अलावा सिवान और छपरा में भी एक साथ कार्रवाई की गई। कई घंटे चली जांच के दौरान जमीन से जुड़े दस्तावेज मिले, हालांकि अधिकारियों के मुताबिक बड़ी मात्रा में नकदी या जेवरात बरामद नहीं हुए हैं।
विज्ञापन
सुबह 8 बजे किराये के आवास पर पहुंची EOU की टीम
सहरसा के नया बाजार स्थित अजीत अमर के किराये के आवास पर शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे आर्थिक अपराध इकाई की टीम पहुंची। यहां करीब पांच घंटे तक जांच चली और दोपहर 1 बजे कार्रवाई समाप्त हुई। छापेमारी के बाद EOU के वरिष्ठ डीएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में की गई है। जांच के दौरान कई जमीनों से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए हैं। हालांकि, आवास से बड़ी मात्रा में नकदी या जेवरात नहीं मिले हैं। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि अजीत अमर ने करीब 10 से 15 दिन पहले ही इस किराये के मकान में रहना शुरू किया था। EOU की टीम ने उनके पैतृक गांव सिवान और पूर्व पदस्थापन स्थल छपरा में भी संबंधित ठिकानों की जांच की।
विज्ञापन
DPO कार्यालय में साढ़े तीन घंटे चली छापेमारी
सहरसा स्थित DPO कार्यालय में भी आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे छापेमारी शुरू की। यहां दोपहर 12:30 बजे कार्रवाई समाप्त हुई। कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे EOU के डीएसपी मिथिलेश जायसवाल ने बताया कि प्राथमिक सत्यापन में DPO अजीत अमर के पास उनकी ज्ञात आय से 72 गुना अधिक संपत्ति होने का मामला सामने आया था। इसी आधार पर 5 अगस्त 2026 को आर्थिक अपराध इकाई में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। हालांकि, कार्यालय की तलाशी के दौरान कोई बहुत महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ नहीं लगा।
विज्ञापन
DPO से भी हुई पूछताछ, दस्तावेज और बैंक खातों की जांच जारी
छापेमारी पूरी होने के बाद आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने DPO अजीत अमर से आय से अधिक संपत्ति के मामले में विस्तृत पूछताछ की। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कोई बड़ी रकम बरामद नहीं हुई है। अब बरामद जमीन से जुड़े दस्तावेजों और बैंक खातों की जांच की जा रही है। EOU इन दस्तावेजों का अजीत अमर की घोषित आय और संपत्ति से मिलान कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सिवान और छपरा में भी एक साथ हुई कार्रवाई
आर्थिक अपराध इकाई ने सहरसा के अलावा अजीत अमर के पैतृक गांव सिवान और पूर्व पदस्थापन स्थल छपरा में भी संबंधित ठिकानों पर कार्रवाई की। EOU की टीम अब अलग-अलग स्थानों से मिले दस्तावेजों और अन्य जानकारियों को एक साथ जोड़कर पूरे मामले की जांच कर रही है। छापेमारी समाप्त होने के बाद EOU की टीम सहरसा से वापस रवाना हो गई।