फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Madhepura bihar road accident school bus crushes youth death road block bihar news

Bihar News: रफ्तार का कहर! स्कूल बस ने 18 साल के युवक को कुचला, सड़क जाम कर हंगामा

Tue, 11 Aug 2026 02:20 PM IST
कोसी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मधेपुरा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मधेपुरा Published by: कोसी ब्यूरो Updated Tue, 11 Aug 2026 02:20 PM IST
सार

मधेपुरा के आलमनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार स्कूल बस की चपेट में आने से 18 वर्षीय बाइक सवार रंजीत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सोनामुखी रोड के पासवान टोला के समीप हुआ, जहां बताया जा रहा है कि बस ओवरटेक करने के दौरान बाइक से टकरा गई।

विज्ञापन
Madhepura bihar road accident school bus crushes youth death road block bihar news
सड़क पर शव रखकर रोते-बिलखते परिजन

विस्तार

बिहार के मधेपुरा जिले के आलमनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सोनामुखी रोड पर तेज रफ्तार स्कूल बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिसके बाद वह बस के पहिए के नीचे आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और दुर्घटना के बाद मौके पर खड़ी स्कूल बस में जमकर तोड़फोड़ की। करीब तीन घंटे तक आलमनगर-सोनामुखी रोड पर आवागमन बाधित रहा।

विज्ञापन

तेज रफ्तार बस की चपेट में आया बाइक सवार

मृतक की पहचान भ्रमरपुर टोला वार्ड नंबर-7 निवासी सुबोध मंडल के 18 वर्षीय बेटे रंजीत कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि मंगलवार सुबह रंजीत किसी काम से बाइक लेकर जा रहा था। इसी दौरान सोनामुखी रोड स्थित पासवान टोला के पास वह कृष्णा बोर्डिंग स्कूल की बस की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और चालक ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बाइक और बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद रंजीत बाइक समेत सड़क पर गिर गया और बस के पहिए के नीचे आ गया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

विज्ञापन

हादसे के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण, बस में तोड़फोड़

हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और आरोपी चालक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई तथा मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग शुरू कर दी।

विज्ञापन
विज्ञापन

इसी दौरान गुस्साई भीड़ ने स्कूल बस में तोड़फोड़ कर दी। बस के चारों ओर के शीशे तोड़ दिए गए और अंदर भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

तीन घंटे तक बाधित रहा आवागमन

सड़क जाम और प्रदर्शन के कारण आलमनगर-सोनामुखी रोड पर करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलने के बाद आलमनगर थाना पुलिस भारी संख्या में बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाया और आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब तीन घंटे बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त किया।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने परिजनों से आवेदन लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के वास्तविक कारणों और बस की गति समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

दो भाइयों में सबसे बड़ा था रंजीत

रंजीत कुमार अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। महज 18 वर्ष की उम्र में उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनास्थल पर परिजन शव के पास रोते-बिलखते नजर आए। सड़क पर शव रखकर परिजन और स्थानीय लोग लंबे समय तक न्याय और मुआवजे की मांग करते रहे।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed