Bihar News: सहरसा में रफ्तार का कहर! 24 घंटे में तीन सड़क हादसे,3 मौतों से मचा कोहराम
बिहार के सहरसा जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो किसानों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। बख्तियारपुर और सौर बाजार थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में तेज रफ्तार बाइक और पिकअप वाहनों ने जान ले ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के सहरसा जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। बख्तियारपुर और सौर बाजार थाना क्षेत्र में हुए इन हादसों में दो किसानों और एक 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसों में शामिल वाहन चालक घटनाओं के बाद मौके से फरार हो गए। संबंधित थानों की पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया है। वहीं, पुलिस फरार वाहन चालकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।
पत्नी के साथ ससुराल जा रहे किसान की इलाज के दौरान मौत
बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के भौड़ा चौक के पास बुधवार देर शाम हुए सड़क हादसे में 55 वर्षीय किसान दीप नारायण यादव की मौत हो गई। बलवाहाट थाना क्षेत्र के सोनपुरा बसंतपुर निवासी दीप नारायण यादव अपनी पत्नी के साथ बाइक से बनकटी (कोपरिया) स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान भौड़ा चौक के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दीप नारायण यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक सवार आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल किसान को अनुमंडल अस्पताल, सिमरी बख्तियारपुर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं।
टोटो से सब्जी बेचने जा रहे किसान को पिकअप ने रौंदा
दूसरा हादसा सौर बाजार थाना क्षेत्र के सिलेट गांव में बांस बिट्टी के पास बुधवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। यहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित बोलेरो पिकअप ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सिलेट निवासी 51 वर्षीय किसान जयप्रकाश शाह की मौके पर ही मौत हो गई।
जयप्रकाश शाह रोज की तरह अपने टोटो पर सब्जियां लादकर स्थानीय बाजार में बेचने जा रहे थे। वह परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे और खेती तथा सब्जी बेचकर अपने तीन बेटों समेत परिवार का भरण-पोषण करते थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
सड़क पार कर रहे 26 वर्षीय युवक को बाइक ने मारी टक्कर
तीसरा हादसा सौर बाजार थाना क्षेत्र के शीतल पट्टी में मंगलवार शाम हुआ। यहां सड़क पार कर रहे 26 वर्षीय मंजेश कुमार को तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार दी। कांप पूर्वी पंचायत निवासी बिजेंद्र यादव के पुत्र मंजेश कुमार हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सहरसा के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां बुधवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही कांप पूर्वी क्षेत्र में मातम पसर गया और परिवार में कोहराम मच गया।
तीनों हादसों में आरोपी चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस
तीनों सड़क हादसों की सूचना मिलते ही संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया। सौर बाजार थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि सड़क हादसों में हुई मौतों के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के बाद फरार हुए वाहनों और चालकों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही। वहीं, बख्तियारपुर थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार ने बताया कि पुलिस अज्ञात बाइक चालक की तलाश कर रही है। परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।