Bihar : मृतक के परिजन को चार लाख अनुदान; PM मोदी और CM सम्राट चौधरी ने अशोक धाम हादसे पर क्या कहा?
बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर के पास सोमवार सुबह भगदड़ में कम से कम सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। हादसा अशोकधाम हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास भारी भीड़ के बीच बैरिकेडिंग टूटने के बाद हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर के पास सोमवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में श्रद्धालुओं की मौत से पूरे राज्य में शोक की लहर है। अशोकधाम हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने से कम से कम सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसे पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के निर्देश दिए हैं, वहीं हादसे में मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि देने की घोषणा की गई है।
सम्राट चौधरी बोले- घटना बेहद दुखद और हृदयविदारक
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लखीसराय के अशोकधाम में हुई घटना पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि अशोकधाम की घटना अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से उनका मन व्यथित है।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की कामना की।
मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि
अशोकधाम हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों को चार लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि देने की घोषणा की गई है। प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा रही है।
PM मोदी ने जताया दुख, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लखीसराय में हुई भगदड़ की घटना पर दुख जताया। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि बिहार के लखीसराय में भगदड़ के कारण हुई जनहानि से प्रधानमंत्री बेहद दुखी हैं। प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ की घटना अत्यंत दुःखद है। हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मर्माहत हूं। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है।
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी जताया दुख
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ की घटना पर दुख जताया। सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में केजरीवाल ने लिखा, 'बिहार के लखीसराय स्थित अशोकधाम मंदिर में भगदड़ मचने से श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर बेहद दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।'
केजरीवाल ने पोस्ट में हादसे में घायल हुए सभी लोग जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की साथ ही कहा कि धार्मिक स्थलों पर भीड़ के प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
क्या बोले तेजस्वी यादव?
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी प्रशासन की है, लेकिन व्यवस्था में कमी दिखाई दी। तेजस्वी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए उचित मुआवजा देने, हादसे की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अशोकधाम हॉल्ट पर भारी भीड़ के बीच मची भगदड़
अधिकारियों के अनुसार, सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव को जल चढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु अशोकधाम पहुंचे थे। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे अशोकधाम हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगदड़ की स्थिति बन गई।
लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि भीड़ के दबाव में बैरिकेडिंग का एक हिस्सा टूट गया। इसके बाद लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे और भगदड़ मच गई। घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं।
14 घायल, राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे में घायल 14 श्रद्धालुओं को इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पतालों में भेजा गया है। प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। अशोकधाम हादसे के बाद प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। घटना के कारणों और भीड़ नियंत्रण के इंतजामों को लेकर भी अधिकारियों की ओर से जानकारी जुटाई जा रही है।