बेगूसराय में गोलीकांड: बिजली जाते ही युवक पर फायरिंग, दो गोलियां लगने से गंभीर; उपचार जारी
बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने घर लौट रहे 22 वर्षीय युवक को दो गोलियां मार दीं। गोलीबारी में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बेगूसराय मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छपकी गांव में गुरुवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने घर लौट रहे 22 वर्षीय गौतम कुमार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गौतम को दो गोलियां लगी हैं। एक गोली बांह में, जबकि दूसरी पेट के निचले हिस्से में लगी है।
वारदात के बाद अपराधी बाइक से उत्तर दिशा में बिहियार होते हुए कारीचक की ओर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल गौतम को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
बिजली गुल होते ही घात लगाकर किया हमला
घायल गौतम के पिता और कोर्ट के मुंशी शंकर यादव ने बताया कि बिजली कटने के बाद उनका पुत्र घर से करीब 100 मीटर पहले पहुंचा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद गौतम वहीं गिर गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़ा था।
शंकर यादव के अनुसार, उनका पुत्र खेती-किसानी करता है और उसकी किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने आशंका जताई कि कारीचक गांव के कुछ असामाजिक तत्व अक्सर उनके गांव की सीमा और पुलिया के आसपास शराब पीते हैं। फसलों को नुकसान पहुंचाने और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार को लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगी रहती है।
उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले गौतम ने कुछ युवकों को ट्रांसफार्मर के पास शराब पीने से मना किया था। इसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था। पिता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
ये भी पढ़ें- एक्सप्रेसवे के अलाइनमेंट पर संग्राम: बिहार में एक्सप्रेसवे चाहिए, लेकिन घर-कॉलेज उजाड़कर नहीं; जोरदार प्रदर्शन
गोली चलने की आवाज से मची अफरातफरी
ग्रामीण राजकिशोर ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले। मौके पर गौतम घायल अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अचानक हुई गोलीबारी से छपकी गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी है। बदमाशों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस आपसी विवाद समेत अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।