Bihar Weather : मौसम का अलर्ट आया, फिर भी लापरवाही; वज्रपात से पिता-पुत्र समेत तीन की मौत, खगड़िया में हादसा
खगड़िया जिले के पौड़ा थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव में बुधवार सुबह वज्रपात की दर्दनाक घटना में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग झुलस गए। आशुतोष यादव, उनके 11 वर्षीय पुत्र अंकेश यादव और विद्यानंद यादव खेत में भुट्टा छीलने गए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के खगड़िया जिले में बुधवार सुबह वज्रपात की एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पौड़ा थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव में खेत में काम करने गए पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग झुलस गए। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेत में भुट्टा छीलने गए थे सभी
जानकारी के अनुसार कन्हौली गांव के वार्ड संख्या-6 निवासी आशुतोष यादव (36), उनके 11 वर्षीय पुत्र अंकेश यादव और विद्यानंद यादव (55) बुधवार सुबह खेत में भुट्टा छीलने के लिए गए थे। मौसम विभाग की ओर से सुबह ही मोबाइल पर खराब मौसम और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया था।
बारिश से बचने के लिए झोपड़ी में लिया था सहारा
खेत में काम के दौरान अचानक मौसम खराब हो गया। तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी लोग खेत के पास बनी एक झोपड़ी में जाकर रुक गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और झोपड़ी उसकी चपेट में आ गई।
ये भी पढ़ें: दोस्ती बनी दुश्मनी! पटना में दोस्त ने पीठ में मारी गोली, घायल छोड़ बाइक लेकर हुआ फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वज्रपात इतना तेज था कि आशुतोष यादव, उनके पुत्र अंकेश यादव और विद्यानंद यादव गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोग भी झुलस गए, जिनका इलाज कराया जा रहा है।
पिता-पुत्र की एक साथ मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। पिता और बेटे की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद पौड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। प्रशासन की ओर से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे कन्हौली गांव में मातम छाया हुआ है। ग्रामीण मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं और प्रशासन से पीड़ित परिवारों को सहायता देने की मांग कर रहे हैं।