बिहार: 23 साल पुराने हत्याकांड का खुला राज! बदसलूकी के मुख्य आरोपी नंदन यादव के पिता गनौरी गिरफ्तार
जमुई में नाबालिग छात्रा से कथित बदसलूकी के मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके परिवार से जुड़े पुराने मामलों की जांच तेज कर दी है। इसी दौरान पुलिस ने नंदन के पिता गनौरी यादव को वर्ष 2003 के दोहरे हत्याकांड में गिरफ्तार किया।
विस्तार
बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से कथित बदसलूकी के मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच अब उसके परिवार से जुड़े पुराने आपराधिक मामलों तक पहुंच गई है। इसी क्रम में पुलिस ने नंदन यादव के पिता गनौरी यादव को वर्ष 2003 में दर्ज दोहरे हत्याकांड के एक मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गनौरी यादव की गिरफ्तारी नाबालिग छात्रा से बदसलूकी के मौजूदा मामले में नहीं हुई है, बल्कि यह कार्रवाई पुराने हत्याकांड में लंबित गिरफ्तारी के आधार पर की गई है।
अप्रैल 2003 में हुई थी दो भाइयों की हत्या
पुलिस के मुताबिक, जमुई के प्रतापपुर गांव में अप्रैल 2003 में दो भाइयों की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में गनौरी यादव समेत कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले में चार्जशीट दाखिल होने के बावजूद गनौरी यादव लंबे समय से फरार चल रहा था।
जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि गनौरी यादव के खिलाफ पुराने हत्याकांड में मामला दर्ज था और उसकी गिरफ्तारी लंबित थी। नंदन यादव से जुड़े मामले में पूछताछ के दौरान पुलिस को गनौरी यादव के पुराने केस की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
वारंट जारी हुआ था या नहीं, इसकी भी जांच
एसपी ने बताया कि पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि गनौरी यादव के खिलाफ अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था या नहीं। यदि वारंट जारी हुआ था तो इतने लंबे समय तक उसकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हो सकी, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस गनौरी यादव की पुरानी आपराधिक पृष्ठभूमि के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तारी के बाद गनौरी यादव को जमुई कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
नंदन की गिरफ्तारी के बाद बढ़ी पुलिस की सक्रियता
दरअसल, नाबालिग छात्रा और एक छात्र को रोककर कथित अभद्र व्यवहार किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की। इसी क्रम में मंगलवार को मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल होने के बाद गिरफ्तार किया था।
नंदन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके परिवार और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ शुरू की। इसी कार्रवाई के दौरान उसके पिता गनौरी यादव के खिलाफ वर्ष 2003 के दोहरे हत्याकांड का लंबित मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस ने गनौरी यादव को गिरफ्तार कर लिया।
अब पुलिस गनौरी यादव की आपराधिक पृष्ठभूमि खंगालने के साथ ही वर्ष 2003 के पुराने मामले से जुड़े दस्तावेजों और न्यायिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।