Bihar: NEET 2026 में लखीसराय का जलवा! आयुष ने AIR 492 से मारी बाजी, पांच होनहारों ने पूरे बिहार का बढ़ाया मान
बिहार के लखीसराय जिले के छात्रों ने NEET (UG) 2026 में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। बड़हिया के आयुष कुमार ने 670 अंक और AIR 492 हासिल कर सबसे बड़ी सफलता दर्ज की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के लखीसराय जिले के विद्यार्थियों ने NEET (UG) 2026 में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम पूरे देश में रोशन किया है। बड़हिया के आयुष कुमार ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 492 हासिल कर जिले की सबसे बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। वहीं सूर्यगढ़ा के एमडी असजद इमाम, रामगढ़ चौक की साक्षी राज, सूर्यगढ़ा के प्रत्युष कुमार और रिया कुमारी ने भी शानदार रैंक हासिल कर यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन के दम पर किसी भी मुकाम तक पहुंचा जा सकता है। इन सभी की सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है और लोग लगातार उन्हें बधाई दे रहे हैं।
आयुष कुमार ने पहले ही प्रयास में हासिल की AIR 492
बड़हिया प्रखंड के इंद्र टोला निवासी अंशु कुमार के पुत्र आयुष कुमार ने NEET (UG) 2026 में 670 अंक हासिल किए। पहले ही प्रयास में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 492 प्राप्त कर लखीसराय जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चमका दिया। उनकी इस सफलता पर परिवार, शिक्षकों और पूरे इलाके में जश्न का माहौल है।
असजद इमाम ने 617 अंक के साथ हासिल की AIR 5575
सूर्यगढ़ा नगर परिषद के हल्दी वार्ड-7 निवासी एमडी शाहिद इमाम के पुत्र एमडी असजद इमाम ने 617 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 5575 प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि को परिवार और शिक्षकों ने उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम बताया।
साक्षी राज ने बेटियों के लिए पेश की मिसाल
रामगढ़ चौक प्रखंड के महसौरा गांव निवासी राकेश रंजन की पुत्री साक्षी राज ने 608 अंक के साथ ऑल इंडिया रैंक (AIR) 7614 हासिल की। उनकी सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।
प्रत्युष और रिया ने भी बढ़ाया जिले का गौरव
सूर्यगढ़ा प्रखंड के घोसैठ गांव निवासी रणजीत कुमार सिंह के पुत्र प्रत्युष कुमार ने 585 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 15791 हासिल की। उन्होंने EWS श्रेणी में भी बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं, मानीकपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव निवासी राजेश कुमार की पुत्री रिया कुमारी ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 40556 हासिल कर जिले का मान बढ़ाया। रिया ने अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर, माता-पिता, दादा-दादी और गुरुजनों को दिया।
जिले के युवाओं के लिए बने प्रेरणा
लखीसराय के इन होनहार विद्यार्थियों ने साबित कर दिया कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर राष्ट्रीय स्तर की कठिन परीक्षा में भी शानदार सफलता हासिल की जा सकती है। इनकी उपलब्धि से जिले के हजारों छात्रों को नई प्रेरणा मिली है। सोशल मीडिया पर भी लगातार बधाइयों का दौर जारी है और शिक्षकों व अभिभावकों ने इसे पूरे जिले के लिए गर्व का पल बताया है।