Bihar: शराब पार्टी में दोस्त बने दुश्मन! युवक पर दागी पर ताबड़तोड़ चार गोलियां, मौके पर मौत; सभी आरोपी फरार
पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के करौड़ीचक गांव में आधी रात शराब पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पार्टी में शामिल एक युवक ने गोलू यादव पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं। गोली लगने से गोलू की मौके पर ही मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के करौड़ीचक गांव में आधी रात शराब पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। विवाद के बाद पार्टी में शामिल एक युवक ने गोलू यादव पर कथित तौर पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं। गोली लगते ही गोलू ने मौके पर दम तोड़ दिया। वारदात के बाद शराब पार्टी में शामिल सभी युवक मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, युवक की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में दहशत का माहौल है।
धार्मिक स्थल के पास चल रही थी शराब पार्टी
बताया जाता है कि करौड़ीचक गांव में एक धार्मिक स्थल के समीप खाली जगह पर चार-पांच युवक बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर गोलू यादव का अपने साथियों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट व गाली-गलौज से आगे बढ़कर फायरिंग तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान पार्टी में शामिल एक युवक ने पिस्तौल निकाल ली और गोलू यादव पर लगातार चार गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरातफरी मच गई। गोलू को संभलने तक का मौका नहीं मिला और गोली लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
फायरिंग के बाद सभी आरोपी फरार
गोलीबारी की घटना के बाद शराब पार्टी में शामिल सभी युवक मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच शुरू कर दी है और वारदात से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था गोलू यादव
मृतक गोलू यादव प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से जमीन की खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़ा हुआ था। फिलहाल हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस शराब पार्टी में शामिल युवकों की पहचान करने के साथ ही विवाद की असली वजह का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे आपसी विवाद के अलावा कोई पुरानी रंजिश या अन्य कारण तो नहीं था।
देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजन कर रहे थे तलाश
परिजनों के अनुसार, गोलू शाम के समय घर से निकला था। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच उन्हें गोलू की हत्या की खबर मिली। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद से गांव में भी तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।
हथियार और आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही शराब पार्टी में शामिल युवकों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाया जा रहा है। फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और हत्या में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की पूरी वजह और वारदात की कड़ी स्पष्ट हो सकेगी।