Bihar News: अब 44.76 करोड़ रुपये से बदलेगी मुजफ्फरपुर की तस्वीर, रामदयालु-चांदनी चौक सड़क होगी छह लेन
मुजफ्फरपुर में रामदयालु नगर से चांदनी चौक के बीच 4.50 किमी लंबी सड़क के चौड़ीकरण और उन्नयन का रास्ता साफ हो गया है। 44.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 6-लेन सड़क के लिए NHAI समेत संबंधित विभागों से अनुमति मिल चुकी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरपुर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक रामदयालु नगर से चांदनी चौक के बीच 4.50 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण और उन्नयन किया जाएगा। इससे हजारों लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से स्थायी तौर पर राहत मिलने की उम्मीद है।
पथ निर्माण विभाग और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अधिकारियों के अनुसार, बहुप्रतीक्षित रामदयालु नगर से चांदनी चौक के बीच 44.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 6-लेन सड़क के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और अन्य विभागों से आवश्यक अनुमति मिल चुकी है। जल्द ही सड़क चौड़ीकरण और उन्नयन का कार्य शुरू किया जाएगा।
पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल ने बताया कि परियोजना के मार्ग में आने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से संबंधित औपचारिकताएं सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई हैं। परियोजना निदेशक, NHAI एवं PIU-मुजफ्फरपुर के पत्रांक-701 के माध्यम से पूरी परियोजना के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर दिया गया है। इससे अब कार्य में किसी प्रकार की बाधा नहीं है और परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का रास्ता साफ हो गया है।
उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर के चांदनी चौक से रामदयालु नगर के बीच प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों का दबाव रहता है। सड़क के चौड़ीकरण और उन्नयन से सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि चांदनी चौक से रामदयालु नगर के बीच लगने वाले लगातार और भीषण जाम से लोगों को स्थायी राहत मिलेगी। वाहनों का आवागमन अधिक सुगम और निर्बाध हो सकेगा। इससे न केवल आम जनता के समय और ईंधन (पेट्रोल-डीजल) की बचत होगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- Bihar News: गयाजी में किसानों का दर्द सुन सख्त हुए मंत्री, अधिकारी से बोले- ऑफिस छोड़िए, मैदान में जाइए
उन्होंने कहा कि सड़क के चौड़ीकरण से स्थानीय लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और आसपास की व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सड़क के निर्माण से मुजफ्फरपुर शहर के विकास को नई गति मिलेगी। यह परियोजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि मुजफ्फरपुर के आधुनिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
आंकड़ों पर एक नजर
परियोजना: मुजफ्फरपुर के चांदनी चौक से रामदयालु नगर तक सड़क का चौड़ीकरण और उन्नयन
लंबाई: 4.50 किलोमीटर
लागत: 44.76 करोड़ रुपये
प्रस्तावित सड़क: 6-लेन