बिहार: बेगूसराय में बेटों और बहुओं पर वृद्ध दंपती से मारपीट का आरोप, दुकान तोड़ने से रोजी-रोटी का संकट
बेगूसराय के छौड़ाही गांव में वृद्ध राम सोगारथ महतो ने अपने दो बेटों और बहुओं पर मारपीट करने तथा दुकान क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने में आवेदन दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
उम्र के जिस पड़ाव पर इंसान को अपने बच्चों के सहारे की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, उसी उम्र में बेगूसराय के छौड़ाही में एक वृद्ध दंपती को कथित तौर पर अपने ही परिवार के सदस्यों के विरोध का सामना करना पड़ा। वृद्ध पिता ने अपने दो बेटों और बहुओं पर मारपीट करने तथा दुकान को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, इसी छोटी-सी दुकान से उनके परिवार का गुजारा चलता था। दुकान क्षतिग्रस्त होने के बाद अब उनके सामने रोजी-रोटी की चिंता खड़ी हो गई है।
मामला बेगूसराय जिले के छौड़ाही थाना क्षेत्र की सावंत पंचायत के वार्ड संख्या 11 स्थित छौड़ाही गांव का है। गांव निवासी राम सोगारथ महतो ने पुलिस को दिए आवेदन में अपने पुत्र मनोज महतो, राजा महतो और पुत्रवधू विभा देवी व रूणा देवी पर पुराने विवाद को लेकर उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, रविवार की अहले सुबह आरोपितों ने लाठी-डंडे से उनके साथ मारपीट की।
मारपीट के दौरान दुकान क्षतिग्रस्त करने का आरोप
राम सोगारथ महतो का आरोप है कि मारपीट के दौरान घर के सामने स्थित उनकी छोटी-सी दुकान की छत को भी डंडे और ईंट से तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। यह दुकान उनके लिए केवल कारोबार की जगह नहीं, बल्कि बुढ़ापे में आजीविका का सहारा थी। इसी से होने वाली आमदनी के जरिए वह अपना और अपनी पत्नी का गुजारा करते थे।
उम्र बढ़ने के साथ जब पहले की तरह मेहनत करना मुश्किल हो जाता है, तब छोटी-सी दुकान भी किसी बुजुर्ग के लिए बड़ी पूंजी होती है। इससे होने वाली आमदनी के सहारे वे अपनी जरूरतें पूरी कर पाते हैं। पीड़ित के अनुसार, दुकान क्षतिग्रस्त होने से अब उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने की चिंता पैदा हो गई है।
बेटों और बहुओं के खिलाफ थाने में लगाई गुहार
बुढ़ापे में माता-पिता को अपने बच्चों से सहारे और सम्मान की उम्मीद रहती है। ऐसे में परिवार के सदस्यों पर मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ के आरोप लगने से वृद्ध दंपती की सुरक्षा और आजीविका को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पीड़ित राम सोगारथ महतो ने छौड़ाही थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में छौड़ाही थानाध्यक्ष परेंद्र कुमार ने बताया कि पिता-पुत्र के विवाद से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।