Bihar News: एक परीक्षा के लिए तीन एडमिट कार्ड, यूनिवर्सिटी की चूक से हजारों छात्रों का पेपर गायब
Bihar News: पूर्णिया विश्वविद्यालय में एडमिट कार्ड की तकनीकी गड़बड़ी के कारण स्नातक प्रथम सेमेस्टर के हजारों छात्र परीक्षा से वंचित रह गए। तीन-तीन एडमिट कार्ड जारी होने से भ्रम की स्थिति बनी, जिसके बाद छात्रों ने सड़क जाम और कैंपस में प्रदर्शन किया। प्रशासन ने गलती स्वीकार करते हुए परीक्षाएं स्थगित कर नई तिथि पर पुनः परीक्षा कराने का आश्वासन दिया।
विस्तार
पूर्णिया विश्वविद्यालय में शनिवार को उस समय भारी अराजकता की स्थिति पैदा हो गई, जब सामर्थ्य पोर्टल और एडमिट कार्ड में हुई बड़ी त्रुटि के कारण स्नातक (ग्रेजुएशन) प्रथम सेमेस्टर के हजारों परीक्षार्थी परीक्षा देने से वंचित रह गए। छात्रों का आरोप है कि संभवतः देश में यह पहली बार हुआ है जब एक ही परीक्षा के लिए तीन-तीन एडमिट कार्ड जारी किए गए, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हुई और हजारों छात्रों का पेपर छूट गया। हजारों छात्रों का भविष्य अधर में लटकने के बाद गुस्साए छात्रों ने आर.के.के. कॉलेज परीक्षा केंद्र के बाहर मुख्य सड़क को जाम कर दिया और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
दो पेपर के बाद तीसरा एडमिट कार्ड जारी
छात्र जसीम आलम और छात्रा इमराना खातून ने बताया कि स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 30 मार्च से 15 अप्रैल तक निर्धारित थी। परीक्षा से पहले दो एडमिट कार्ड जारी हुए थे और 30 मार्च व 4 अप्रैल की परीक्षाएं सुचारू रूप से संपन्न भी हुईं। विवाद तब शुरू हुआ, जब दो पेपर के बाद तीसरा एडमिट कार्ड जारी कर परीक्षा तिथियों में बदलाव कर दिया गया। नए एडमिट कार्ड के अनुसार 8 और 10 अप्रैल की परीक्षाएं बदलकर 9 और 11 अप्रैल कर दी गईं।
नाराज छात्रों ने सड़क किया जाम
शनिवार (11 अप्रैल) की सुबह जब सैकड़ों छात्र केंद्र पर परीक्षा देने पहुंचे, तो उन्हें यह जानकर गहरा झटका लगा कि परीक्षा पुराने एडमिट कार्ड के आधार पर 10 अप्रैल को ही ली जा चुकी है। इस सूचना के बाद छात्रों का धैर्य जवाब दे गया। नाराज छात्रों ने पहले सड़क जाम की और फिर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का घेराव करने पहुंच गए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सड़क जाम की सूचना पर मधुबनी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझा-बुझाकर यातायात बहाल कराया। आर.के.के. कॉलेज के प्राचार्य भोला प्रसाद यादव ने कहा कि जिन छात्रों की परीक्षा छूट गई है, उन्हें आश्वस्त किया गया है कि विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: जमीन-बेटी की शादी के पैसे तक डूबे, 20 महीने में डबल पैसा का सपना दिखा 80 करोड़ लेकर ‘आस्था’ कंपनी फरार
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मानी गलती, परीक्षाएं स्थगित
विश्वविद्यालय कैंपस में छात्रों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर अमरकांत सिंह ने छात्रों को शांत कराते हुए स्वीकार किया कि एडमिट कार्ड की तकनीकी त्रुटि के कारण यह समस्या हुई है। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों की परीक्षा एडमिट कार्ड की गलती के कारण छूट गई है, उनके लिए नई तिथि जारी कर पुनः परीक्षा ली जाएगी। आज (11 अप्रैल) से आगे की सभी निर्धारित परीक्षाओं को फिलहाल स्थगित (पोस्टपोन) कर दिया गया है। जल्द ही पूरी परीक्षा का नया और संशोधित शेड्यूल जारी किया जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.