Bihar: गंडक में समाया 21 साल का युवक, शौच के दौरान फिसला पैर; SDRF की टीम चला रही तलाश अभियान
सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के सारंगपुर डाक बंगला घाट पर 21 वर्षीय राजकुमार शौच के दौरान गंडक नदी में डूब गया। पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में लापता हो गया। ग्रामीणों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवक गंडक नदी में डूब गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की तलाश के लिए SDRF की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है। घटना पानापुर थाना क्षेत्र के सारंगपुर डाक बंगला घाट की है। जानकारी के अनुसार, उभवा सारंगपुर गांव निवासी स्वर्गीय सुरेश साह का 21 वर्षीय बेटा राजकुमार दोपहर में शौच के लिए गंडक नदी किनारे गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।
ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं मिला सुराग
नदी में युवक को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह नदी की तेज धारा में बहकर लापता हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि राजकुमार के पिता सुरेश साह की भी कुछ वर्ष पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। अब इस हादसे के बाद परिवार एक बार फिर गहरे सदमे में है।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, SDRF को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलने के बाद पानापुर थानाध्यक्ष संजीत कुमार, अंचल कार्यालय के कर्मी और पूर्व जिला परिषद प्रतिनिधि अभिषेक रंजन सिंह उर्फ मुनचुन सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पूर्व जिला परिषद प्रतिनिधि ने प्रशासन से जल्द से जल्द शव बरामद करने की मांग की। अंचलाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना SDRF को दे दी गई है। टीम गंडक नदी में युवक की तलाश के लिए लगातार अभियान चला रही है। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था। प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में नदी किनारे विशेष सावधानी बरतने और गहरे पानी से दूर रहने की अपील की है।