Bihar Crime: शिक्षक के घर लाखों की हुई चोरी, पेंटिंग करने वाले मजदूरों पर संदेह; छानबीन में जुटी पुलिस
छपरा के भेल्दी थाना क्षेत्र में अवकाश प्राप्त शिक्षक के घर देर रात भीषण चोरी की घटना सामने आई है। वहीं, रिविलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अजमेरगंज, सरयू किनारे स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शनिवार रात चोरी की घटना सामने आई है।
विस्तार
छपरा में ठंड बढ़ते ही चोरी की घटनाओं में इजाफा देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत शोभेपुर गांव में देर रात अवकाश प्राप्त शिक्षक के घर भीषण चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने घर से करीब 50 हजार रुपये नकद सहित लाखों रुपये मूल्य के स्वर्णाभूषण और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शोभेपुर गांव निवासी अवकाश प्राप्त शिक्षक योगेंद्र प्रसाद यादव ने भेल्दी थाना में आवेदन देकर बताया कि रात में भोजन के बाद घर के सभी सदस्य सो गए थे। रोज की तरह सुबह करीब चार बजे शौच के लिए उठे तो देखा कि आंगन की ओर जाने वाला दरवाजा खुला हुआ है। पहले उन्हें लगा कि घर के किसी सदस्य ने दरवाजा खोला होगा, लेकिन लौटने पर पता चला कि घर में चोरी हो चुकी है।
चोरों ने दो मंजिला मकान के सभी कमरों में रखे दीवान, पलंग, अलमीरा और ट्रंक तोड़कर नकदी, जेवरात, बर्तन और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि चोर छज्जे के रास्ते छत पर चढ़कर घर में घुसे और सुनियोजित तरीके से चोरी की घटना को अंजाम दिया।
घर की पेंटिंग करने वाले मजदूरों पर संदेह जताया
गृहस्वामी ने अपने आवेदन में घर की पेंटिंग करने वाले मजदूरों पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि पिछले तीन महीनों से घर में पेंटिंग का काम चल रहा था। यह कार्य भेल्दी थाना क्षेत्र के बांसडीह गांव निवासी जमादार दास अपने मजदूरों के साथ कर रहा था। पेंटिंग के दौरान मजदूर अक्सर घर के सदस्यों से पूछताछ करते थे कि घर में कितने लोग रहते हैं। गृहस्वामी का आरोप है कि मजदूरों ने घर की पूरी जानकारी लेकर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
इस मामले में भेल्दी थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और चोरी की घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
छपरा में मां दुर्गा की मूर्ति खंडित की, फिर अज्ञात चोरों ने चोरी किया आभूषण
सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अजमेरगंज, सरयू किनारे स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शनिवार रात चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा से जेवरात, भोग की बाल्टी, पीतल की प्लेट व कटोरी चोरी कर ली, साथ ही प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलते ही रिविलगंज थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
ये भी पढ़ें- Bihar: बिहार पुलिस के जवानों को अब पटना में रहने में नहीं होगी दिक्कत, सीएम नीतीश ने किया बड़े बैरक का शुभारंभ
सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह घटना चोरी के उद्देश्य से की गई प्रतीत होती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ नितेश कुमार और एसडीपीओ-1 राम पुकार सिंह ने संयुक्त रूप से घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने इनई गांव निवासी जितेंद्र सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है, जो पूर्व में भी मूर्ति चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
फिलहाल मंदिर परिसर में पुलिस बल तैनात है और विधि-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। पुलिस ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है तथा नगर पंचायत के सहयोग से मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की बात कही है।