Bollywood Debut: बॉलीवुड डेब्यू करने को तैयार हैं बालिका वधू की अविका गौर, विक्रम भट्ट की इस फिल्म में आएंगी नजर
बॉलीवुड इंडस्ट्री में की टीवी सितारें डेब्यू कर चुके हैं और खूब नाम भी कमाया है। अब बालिका वधू धारावाहिक में आनंदी की भूमिका में फेमस हुई अविका गौर भी बॉलीवुड में डेब्यू करने को पूरी तरह से तैयार हैं। यह फिल्म महेश भट्ट द्वारा लिखित और कृष्णा भट्ट द्वारा निर्देशित है। भट्ट परिवार ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अविका के साथ फिल्म साइन करने की जानकारी दी है।
विक्रम भट्ट की इस फिल्म से डेब्यू करेंगी अविका गौर
विक्रम भट्ट ने अपने इंस्टाग्राम से एक तस्वीर शेयर की है जिसमें महेश भट्ट कृष्णा भट्ट और अविका गौर समेत वह खुद भी दिखाई दे रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फिल्म 2023 तक फ्लोर पर आएगी। जानकारी के मुताबिक, फिल्म का नाम "1920- हॉरर्स ऑफ द हार्ट" होगा। यह फिल्म भी हॉरर होगी और अविका गौर मुख्य भूमिका में दिखाई देने वाली हैं। खबर है कि वह जल्दी ही विक्रम भट्ट के साथ अपनी शूटिंग शुरू करेंगी।
पोस्ट शेयर कर दी जानकारी
निर्देशक विक्रम भट्ट ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से फिल्म के बारे में जानकारी देते हुए लिखा, "1920 ने मेरे जीवन में एक नया अध्याय शुरू किया और अब 1920 में सेट की गई एक और कहानी हिंदी फिल्मों में शुरू होगी। बेहद प्रतिभाशाली अविका गौर, निर्देशक कृष्णा भट्ट। 1920- हॉरर्स ऑफ द हार्ट" मेरे मैंटॉर और गुरु महेश भट्ट द्वारा लिखी गई है। इस बार मैं निर्माता की भूमिका निभा रहा हूं।
अविका गौर के बॉलीवुड डेब्यू की जानकारी सामने आने के बाद सेलेब्स के साथ फैंस भी उन्हें इस नए सफर के लिए बधाई दे रहे हैं। एक्ट्रेस श्वेता रोहिरा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा,"सभी को शुभकामनाएं"। एक प्रशंसक ने लिखा, "महेश भट्ट सर, विक्रम भट्ट सर और कृष्णा मैम की बेस्ट टीम के साथ काम करने के लिए बधाई हो अविका गौर"। इसी तरह से अन्य लोग भी उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।