Viral: बारिश और गरज के बीच बुर्ज खलीफा पर गिरी बिजली, क्राउन प्रिंस ने शेयर किया हैरान करने वाला वीडियो
Viral Video: रात के अंधेरे में घने बादलों के बीच अचानक तेज चमक दिखाई देती है और बिजली सीधे बुर्ज खलीफा के शिखर पर लगे स्टील स्ट्रक्चर से जा टकराती है।
विस्तार
दुबई से सामने आया एक हैरान कर देने वाला नजारा इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक छोटा सा वीडियो शेयर किया है, जिसमें दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा पर बिजली गिरते हुए साफ देखा जा सकता है। यह वीडियो भले ही कुछ सेकंड का है, लेकिन इसे देखने वाला हर शख्स एक पल के लिए ठहर कर सोचने पर मजबूर हो गया। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में रात का समय नजर आता है। आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं। चारों तरफ अंधेरा है और हल्की बारिश की आवाज सुनाई दे रही है। इसी बीच अचानक तेज चमक के साथ बिजली सीधे बुर्ज खलीफा के शिखर पर लगे स्टील स्ट्रक्चर से टकराती है। उस पल की रोशनी पूरे माहौल को कुछ सेकंड के लिए उजाला कर देती है। बिजली की गड़गड़ाहट और बारिश की आवाज इस दृश्य को और भी रोमांचक बना देती है।
View this post on Instagram
क्राउन प्रिंस ने साझा किया वीडियो
शेख हमदान ने इस वीडियो को बहुत ही सादे अंदाज में शेयर किया है। उन्होंने कैप्शन में सिर्फ हैशटैग के साथ दो इमोजी लगाए हैं। एक इमोजी बारिश और बादलों को दिखाता है, जबकि दूसरा हाई वोल्टेज का है, जो बिजली और ऊर्जा का संकेत देता है। बिना किसी लंबे कैप्शन के भी यह वीडियो लोगों का ध्यान खींचने में पूरी तरह कामयाब रहा।
मौसम विभाग ने दी चेतावनी
रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान संयुक्त अरब अमीरात में मौसम काफी अस्थिर बना हुआ था। राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने पहले ही कई इलाकों में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की थी। लोगों को बारिश, तेज गरज, बिजली गिरने और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की आशंका के बारे में सतर्क किया गया था। इसी खराब मौसम के बीच बुर्ज खलीफा पर बिजली गिरने का यह दृश्य कैमरे में कैद हो गया।
कौन हैं दुबई के क्राउन प्रिंस?
शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम न सिर्फ दुबई के क्राउन प्रिंस हैं, बल्कि वह संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। साल 2006 में उन्हें दुबई कार्यकारी परिषद का अध्यक्ष बनाया गया था और 2008 में वह दुबई के युवराज बने। सोशल मीडिया पर भी उनकी जबरदस्त मौजूदगी है। रिपोर्ट लिखे जाने तक उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 17 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स थे और वह अब तक 2,400 से अधिक पोस्ट शेयर कर चुके हैं।