The Bonus Market Update: पश्चिम एशिया में तनाव से बाजार धड़ाम; सेंसेक्स 1048 अंक टूटा, जानें निफ्टी का हाल
Sensex-Nifty Closing Bell: भारतीय शेयर बाजार सोमवार को लाल निशान पर बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1048.34 अंक गिरकर 80,238.85 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 312.95 अंक गिरकर 24,865.70 अंक पर बंद हुआ।
विस्तार
पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर घरेलू शेयर बाजार पर देखने को मिला। सोमवार को बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में एक प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज हुई। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुझान और विदेशी निधियों की भारी निकासी ने भी बाजार की भावनाओं को प्रभावित किया। रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 42 पैसे गिरकर 91.50 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 2,743.46 अंक या 3.37 प्रतिशत गिरकर 78,543.73 पर आ गया। बाद में यह 1,048.34 अंक या 1.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,238.85 पर बंद हुआ।
दिन के कारोबार में 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 575.15 अंक या 2.28 प्रतिशत गिरकर 24,603.50 पर आ गया। बाद में यह 312.95 अंक या 1.24 प्रतिशत गिरकर 24,865.70 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
सेंसेक्स पैक में से इंटरग्लोब एविएशन, लार्सन एंड टुब्रो, अदानी पोर्ट्स, मारुति, एशियन पेंट्स और बजाज फिनसर्व सबसे बड़े पिछड़ने वाले शेयरों में शामिल थे। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, सन फार्मा और आईटीसी ही वे शेयर थे जिन्हें लाभ हुआ।
क्या है विशेषज्ञों की राय?
मार्केट एक्सपर्ट अजय बग्गा ने वैश्विक अनिश्चितता के बीच बाजारों की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि निवेशक बेहद अस्थिर माहौल में स्थिरता की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने एएनआई से बातचीत में कहा, “आज की गहराई से अनिश्चित दुनिया में बाजार किसी ठोस सहारे की तलाश कर रहे हैं। हालांकि, ईरान के विदेश मंत्री के इस बयान कि ईरान होरमुज जलडमरूमध्य को बंद नहीं करेगा और नई ईरानी नेतृत्व अमेरिका के साथ वार्ता फिर से शुरू करना चाहता है, इन खबरों से एशियाई बाजारों में शुरुआती भारी गिरावट के बाद जोखिम वाले एसेट्स में हल्की रिकवरी देखने को मिली है।”
अजय बग्गा के अनुसार, ईरान-अमेरिका तनाव का भारतीय बाजार पर तीन प्रमुख प्रभाव पड़ सकता है।
- पहला और सबसे बड़ा जोखिम कच्चे तेल की कीमतों में उछाल है, क्योंकि होरमुज जलडमरूमध्य में किसी भी तरह की बाधा वैश्विक तेल आपूर्ति को प्रभावित कर सकती है। भारत जैसे तेल आयात पर निर्भर देश के लिए यह महंगाई, चालू खाता घाटा और कॉरपोरेट लागत बढ़ने का कारण बन सकता है, जिससे बाजार पर अतिरिक्त दबाव बनेगा।
- दूसरा बड़ा प्रभाव भारत के खाड़ी क्षेत्र में स्थित प्रमुख व्यापारिक साझेदारों पर पड़ सकता है। यदि शिपिंग रूट और सप्लाई चेन बाधित होती हैं, तो भारतीय निर्यातकों को नुकसान झेलना पड़ सकता है, खासकर उन सेक्टरों को जो मध्य पूर्व पर निर्भर हैं।
- तीसरा जोखिम पश्चिम एशिया में काम कर रहे लगभग 90 लाख भारतीयों की सुरक्षा और रोजगार से जुड़ा है। क्षेत्र में तनाव बढ़ने पर श्रम बाजार, रेमिटेंस फ्लो और भारतीय अर्थव्यवस्था पर अप्रत्यक्ष प्रभाव पड़ सकता है।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के अनुसंधान प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और कमजोर होती भारतीय मुद्रा भंडार तेल आपूर्ति में संभावित व्यवधानों को लेकर चिंताओं को दर्शाती हैं, जिससे भारत में मुद्रास्फीति का दबाव बढ़ सकता है और राजकोषीय व्यवस्था प्रभावित हो सकती है तथा ऊर्जा और रसायन पर निर्भर क्षेत्रों के मार्जिन पर दबाव पड़ सकता है।" उन्होंने आगे कहा कि इंडिया वीआईएक्स में मामूली वृद्धि हुई है, जो बाजार प्रतिभागियों के बीच बढ़ती अनिश्चितता और जोखिम से बचने की प्रवृत्ति का संकेत है।
यूरोपीय बाजारों में दिखी गिरावट
एशियाई बाजारों में, जापान का निक्केई 225 सूचकांक 1 प्रतिशत से अधिक गिर गया और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक 2 प्रतिशत से अधिक लुढ़क गया, जबकि शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक सकारात्मक स्तर पर बंद हुआ। दक्षिण कोरिया में छुट्टी के कारण शेयर बाजार बंद रहे। यूरोप के बाजारों में भारी गिरावट देखी गई। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुआ।
ब्रेंट क्रूड का भाव बढ़कर 78.95 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड में 8.34 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 78.95 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। बाजार विनिमय आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 7,536.36 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 12,292.81 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। शुक्रवार को सेंसेक्स 961.42 अंक या 1.17 प्रतिशत गिरकर 81,287.19 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 317.90 अंक या 1.25 प्रतिशत गिरकर 25,178.65 पर समाप्त हुआ। होली के उपलक्ष्य में मंगलवार को शेयर बाजार बंद रहेंगे।