Gold-Silver Price: चांदी की कीमतों में 5800 रुपये का उछाल, सोना 1.61 लाख रुपये पर पहुंचा, जानें आज का अपडेट
Gold Silver Rates Today: पश्चिम एशिया में जारी तनाव से सोने-चांदी की कीमतों में उछाल देखने को मिला। चांदी 5800 रुपये महंगी हुई, वहीं सोना 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा। जानिए आज का अपडेट।
विस्तार
Sone Chandi ka Aaj ka Rate: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच सुरक्षित निवेश की मांग में तेज उछाल देखने को मिला है। चांदी की कीमत 5860 रुपये बढ़कर 2.68 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं सोने का भाव 980 रुपये बढ़कर 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
पिछले दिन सर्राफा बाजार में दिखी बड़ी गिरावट
सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने की कीमत में 7,600 रुपये प्रति 10 ग्राम की बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। इस गिरावट के बाद 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1,65,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था। वहीं, चांदी की कीमतों में और भी बड़ा झटका लगा; यह 27,700 रुपये या 9.23 प्रतिशत टूटकर 2,72,300 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर आ गई था।
वैश्विक बाजारों में सोने-चांदी का हाल
स्पॉट गोल्ड की कीमत 5,076.09 डॉलर प्रति औंस पर लगभग स्थिर रही, जबकि अप्रैल डिलीवरी के लिए अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स में 0.1 प्रतिशत की बढ़त के साथ यह 5,084.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं स्पॉट सिल्वर की कीमत भी हल्की बढ़त के साथ 0.1 प्रतिशत चढ़कर 82.26 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
इस साल अब तक सोने की कीमतों में करीब 18 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की जा चुकी है और भू-राजनीतिक तनाव तथा वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच यह लगातार नए रिकॉर्ड स्तर छू रहा है।
इस बीच डॉलर इंडेक्स में गिरावट देखने को मिली, जिससे अन्य मुद्राओं के निवेशकों के लिए डॉलर में कीमत तय होने वाली बुलियन धातुएं अपेक्षाकृत सस्ती हो गईं।भू-राजनीतिक मोर्चे पर तनाव और बढ़ गया है। ईरान ने हाल ही में इस्राइल, संयुक्त अरब अमीरात और कतर पर कई हमले किए हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और पश्चिम एशिया में अमेरिकी बलों का नेतृत्व कर रहे एडमिरल ब्रैड कूपर ने कहा है कि अमेरिका के पास क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई जारी रखने के लिए पर्याप्त हथियार मौजूद हैं।