बिजनेस डायरी: कच्चे तेल के दाम में उछाल, भू-राजनीतिक तनाव बना वजह; एपल इंडिया का राजस्व 32 फीसदी बढ़ा
आईफोन बनाने वाली कंपनी एप्पल इंडिया का राजस्व वित्त वर्ष 2025-26 में 32 फीसदी से अधिक बढ़कर 1,04,607 करोड़ रुपये हो गया है। यह जानकारी बाजार खुफिया फर्म टॉफ्लर द्वारा साझा किए गए एक दस्तावेज से मिली है। पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी का राजस्व 79,060.5 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। टॉफ्लर के अनुसार, एप्पल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड एप्पल ब्रांड के उत्पाद और सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराती तथा उनका विपणन करती है। इसी वित्त वर्ष में एप्पल इंडिया का शुद्ध लाभ भी
66 फीसदी बढ़कर 5,311 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का कुल खर्च 96,224 करोड़ रुपये रहा।
कच्चे तेल के दाम में उछाल, भू-राजनीतिक तनाव बना वजह
नई दिल्ली। शुक्रवार को कच्चे तेल के वायदा भाव में भारी उछाल दर्ज किया गया। यह वृद्धि वैश्विक बाजारों में मजबूत रुझानों और बढ़ते तनाव के कारण हुई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर नवंबर डिलीवरी का कच्चा तेल 299 रुपये बढ़कर 9,783 रुपये प्रति बैरल हो गया। दिसंबर अनुबंध भी 307 रुपये की वृद्धि के साथ 9,651 रुपये प्रति बैरल पर पहुंच गया। विश्लेषकों ने अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को इसका कारण बताया। अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरानी परमाणु व सैन्य ठिकानों पर संभावित हमलों की खबरों से बाजार में तेजी आई। ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि नया हमला हुआ तो वह खाड़ी क्षेत्र में तेल सुविधाओं पर हमला करेगा। वैश्विक बाजार में, दिसंबर डिलीवरी के लिए ब्रेंट तेल वायदा 4.28 डॉलर बढ़कर 117.45 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। यह 30 अप्रैल के बाद का उच्चतम स्तर है। कोटक NEO के अनंद्य बनर्जी ने कहा कि ब्रेंट में समग्र रुझान तेजी का है।