बिजनेस अपडेट्स: दुबई-सिंगापुर में चलेगा भारत का यूपीआई, बुर्ज खलीफा और यूनिवर्सल स्टूडियोज की टिकट बुकिंग आसान
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने भारतीय अर्थव्यवस्था को ऊर्जा झटकों से निपटने के लिए विनिमय दर में लचीलेपन को प्राथमिकता देने की सलाह दी है। रिपोर्टों के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने रुपये को सहारा देने के लिए बाजार में भारी हस्तक्षेप किया। आईएमएफ संचार निदेशक जूली कोजैक ने कहा कि रुपये को इन झटकों के सामने रक्षा की पहली पंक्ति होना चाहिए। विनिमय दर को स्वतंत्र रूप से चलने देना अर्थव्यवस्था के समायोजन के लिए महत्वपूर्ण है। कोजैक ने पीटीआई को बताया कि यदि रुपये का मूल्यह्रास मुद्रास्फीति बढ़ाता है, तो आईएमएफ मूल्य स्थिरता के लिए मौद्रिक नीति सख्त करने की सिफारिश करेगा। रिपोर्टों के अनुसार, आरबीआई ने जून से अब तक करीब 90 अरब डॉलर का उपयोग रुपये को मजबूत करने के लिए किया है। आईएमएफ का मानना है कि भारत के लिए विनिमय दर लचीलापन ही बेहतर नीतिगत प्रतिक्रिया है।
अब बुर्ज खलीफा और सिंगापुर के टूरिस्ट स्पॉट की टिकट UPI से बुक कर सकेंगे भारतीय
विदेश घूमने जाने वाले भारतीय पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। अब वे दुबई की मशहूर इमारत बुर्ज खलीफा और सिंगापुर के कई बड़े पर्यटन स्थलों की टिकट ऑनलाइन बुक करते समय UPI से भुगतान कर सकेंगे। वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इस सुविधा के शुरू होने से भारतीय पर्यटक अपने मोबाइल में मौजूद UPI ऐप के जरिए आसानी से टिकट खरीद सकेंगे। इसके लिए उन्हें दूसरे भुगतान तरीकों पर निर्भर नहीं रहना होगा।
दुबई में बुर्ज खलीफा के ‘एट द टॉप’ के टिकट की बुकिंग UPI से की जा सकेगी। इसके लिए NPCI इंटरनेशनल ने NEOPAY और Emaar Entertainment के साथ साझेदारी की है। यह UAE का पहला पर्यटन स्थल है, जहां ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए UPI की सुविधा शुरू हुई है। वहीं, सिंगापुर में यह सुविधा रिसॉर्ट्स वर्ल्ड सेंटोसा में शुरू की गई है। इसके तहत यूनिवर्सल स्टूडियोज सिंगापुर, सिंगापुर ओशनारियम और एडवेंचर कोव वाटरपार्क की टिकट बुक की जा सकेंगी।
UPI अब तक 10 देशों में स्वीकार किया जा रहा है। इनमें सिंगापुर, UAE, फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर, श्रीलंका, कंबोडिया और ग्रीस शामिल हैं। उज्बेकिस्तान 11वां देश बनने की तैयारी में है।
ईसीबी अध्यक्ष क्रिस्टीन लेगार्ड इस्तीफा देंगी, उत्तराधिकारी की तलाश तेज
यूरोपीय सेंट्रल बैंक (ईसीबी) की अध्यक्ष क्रिस्टीन लेगार्ड 7 फरवरी, 2027 को अपने पद से इस्तीफा देंगी। उन्होंने बृहस्पतिवार को गवर्निंग काउंसिल और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा को इसकी जानकारी दी।बैंक के प्रेस बयान के अनुसार, यूरोपीय परिषद यूरोपीय संघ की संधि के अनुच्छेद 283 के तहत उनके उत्तराधिकारी की नियुक्ति करेगी। गवर्निंग काउंसिल ने लेगार्ड को उनके काम के लिए धन्यवाद दिया। लेगार्ड ने कहा कि वह "अच्छे काम" और "भविष्य के लिए तैयार ईसीबी" के साथ पद छोड़ रही हैं। वह अपने कार्यकाल की औपचारिक समाप्ति से सात महीने पहले पद छोड़ रही हैं। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष कोस्टा ने कहा कि उत्तराधिकारी की पहचान की प्रक्रिया तुरंत शुरू होगी। ईसीबी में अन्य वरिष्ठ पद खाली होंगे, जिनमें इसाबेल श्नाबेल (जनवरी) और मुख्य अर्थशास्त्री फिलिप लेन (मई) शामिल हैं।