फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   gst council meeting Nirmala Sitharaman big reforms arrest powers tax rules updates

शुरू हुई 57वीं जीएसटी परिषद की बैठक: टैक्सपेयर्स को मिल सकती है बड़ी राहत, इन बड़े फैसलों पर मंथन

Thu, 08 Oct 2026 12:31 PM IST
राकेश कुमार पीटीआई, नई दिल्ली।
पीटीआई, नई दिल्ली। Published by: राकेश कुमार Updated Thu, 08 Oct 2026 12:31 PM IST
सार

जीएसटी परिषद की 57वीं बैठक शुरू हो गई है। बैठक में गिरफ्तारी की शक्ति खत्म करने, कर चोरी पर आपराधिक कार्रवाई की सीमा पांच करोड़ रुपये करने और छोटे टैक्स विवादों में राहत देने जैसे बड़े प्रस्तावों पर चर्चा हो रही है। छोटे कारोबारियों, ई-कॉमर्स विक्रेताओं और निर्यातकों के लिए भी नियम आसान करने के प्रस्ताव हैं। अब देखना होगा कि परिषद इन प्रस्तावों पर क्या फैसला करती है।
 

विज्ञापन
gst council meeting Nirmala Sitharaman big reforms arrest powers tax rules updates
जीएसटी परिषद की बैठक शुरू - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में जीएसटी परिषद की 57वीं बैठक गुरुवार को शुरू हो गई है। बैठक में जीएसटी व्यवस्था में कई बड़े बदलावों पर चर्चा हो रही है। इनमें जीएसटी अधिकारियों की गिरफ्तारी की शक्ति खत्म करना, कर कानून को आसान बनाना और कारोबारियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया सरल करना शामिल है। सरकार का जोर कर व्यवस्था को भरोसे पर आधारित बनाने और कारोबार करना आसान करने पर है।
विज्ञापन


जीएसटी अधिकारियों की गिरफ्तारी शक्ति का क्या होगा?
बैठक में जीएसटी अधिकारियों की गिरफ्तारी की शक्ति खत्म करने के प्रस्ताव पर चर्चा हो रही है। अभी बड़े मामलों में कमिश्नर स्तर के अधिकारी की मंजूरी के बाद गिरफ्तारी की जा सकती है। यह व्यवस्था टैक्स चोरी, फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट या गलत रिफंड के मामलों में लागू होती है, जब रकम एक करोड़ रुपये से ज्यादा हो। प्रस्ताव में कर वसूली पर जोर देने और कानूनी कार्रवाई के मामलों को कानून लागू करने वाली एजेंसियों के जरिए आगे बढ़ाने की बात है।
विज्ञापन
  • आपराधिक कार्रवाई की सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव: कर चोरी या हेरफेर के मामले में आपराधिक मुकदमा शुरू करने की सीमा बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये करने पर चर्चा होगी।
  • विज्ञापन
    विज्ञापन
  • नौ अपराध हटाने की तैयारी: जीएसटी कानून के नौ अपराधों को अपराध की श्रेणी से बाहर करने और 24 प्रावधानों को कड़े से नरम करने का प्रस्ताव है।
  • टैक्स देकर गिरफ्तारी से राहत: रिटर्न में देरी, वर्गीकरण विवाद और नकदी की स्थिति के कारण टैक्स भुगतान में देरी जैसे मामलों में टैक्स, ब्याज और जुर्माना भरकर गिरफ्तारी से बचने का प्रस्ताव है।

छोटे टैक्स विवादों में क्या राहत मिलेगी?
परिषद 10 हजार रुपये से कम की टैक्स मांग वाले मामलों में नोटिस नहीं देने के प्रस्ताव पर भी चर्चा करेगी। ऐसे मामले संख्या के हिसाब से करीब 20 फीसदी हैं, लेकिन इनमें टैक्स की रकम बहुत कम होती है। इसके अलावा औपचारिक नोटिस भेजने से पहले करदाता को जानकारी देने और उसका पक्ष सुनने की व्यवस्था पर भी चर्चा होगी। खरीदार और सप्लायर के बिलों का मिलान करने वाली व्यवस्था पर चर्चा होगी। इससे फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट और बिलों में अंतर से जुड़े मामलों को कम करने में मदद मिल सकती है।

यह भी पढ़ें: अमेजन में फिर छंटनी की गाज: ई-कॉमर्स दिग्गज ने वैश्विक स्तर पर 1,000 कर्मचारियों को निकाला, भारत में भी असर


छोटे कारोबारियों और ई-कॉमर्स विक्रेताओं को क्या फायदा होगा?
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर सामान बेचने वाले छोटे कारोबारियों का जीएसटी पंजीकरण आसान करने का प्रस्ताव है। जिन राज्यों में उनकी अपनी जगह नहीं है, वहां वे प्लेटफॉर्म के वेयरहाउस को कारोबारी स्थान के तौर पर इस्तेमाल कर सकेंगे। उन्हें केवल एक राज्य में भौतिक सत्यापन और आधार प्रमाणीकरण कराना होगा। दूसरे राज्यों में प्लेटफॉर्म की सहमति से पंजीकरण हो सकेगा। इससे करीब 9.5 लाख छोटे विक्रेताओं को फायदा मिलने की बात है।

ट्रांसपोर्ट और निर्यात के नियमों में क्या बदलाव होगा?
बैठक में माल ले जाने वाले वाहनों की जांच की व्यवस्था बदलने पर भी चर्चा होगी। वाहनों को पहले से तय अनुमति के आधार पर ही रोका जाएगा। इसका मकसद अलग-अलग राज्यों में बार-बार रुकने से होने वाली देरी और माल ढुलाई की लागत कम करना है। जीएसटी पंजीकरण फॉर्म को आसान बनाने और निर्यात से जुड़े रिफंड और क्रेडिट के नियम स्पष्ट करने पर भी चर्चा होगी।

आज बैठक में और क्या प्रस्ताव हैं?
परिषद सोने, चांदी और प्लैटिनम के आयात पर कुछ बैंकों और नामित एजेंसियों को मिली आईजीएसटी छूट वापस लेने के प्रस्ताव पर चर्चा करेगी। कंपनियों द्वारा कर्मचारियों के लिए खरीदे गए जीवन और स्वास्थ्य बीमा के प्रीमियम पर इनपुट टैक्स क्रेडिट देने का प्रस्ताव भी एजेंडे में है। इसके अलावा जीएसटी अधिकारियों की समितियों को तीन प्रमुख निकायों में समेटने और टैक्स दरों में बदलाव साल में केवल एक बार करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा होगी। प्रस्तावित बदलाव अगले साल की शुरुआत से चरणबद्ध तरीके से लागू किए जा सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed