Sarafa Bazar: कीमतों में उतार-चढ़ाव के बाद भी संगठित आभूषण विक्रेताओं की उम्मीद कायम, बाजार की चाल पर यह रुख
सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच जनवरी में भी आभूषणों की खरीदारी बरकरार रही। रिपोर्ट के अनुसार उपभोक्ता शादी ब्याह की वजह से बड़ी खरीदारी को प्राथमिकता दे रहे हैं। आइए विस्तार से जानते हैं।
विस्तार
सोने की कीमतें लगातार बढ़ रही है, बावजूद इसके सोने के आभूषणों की मांग जनवरी में बनी रही है। सोने की की कीमतों में उतार -चढ़ाव के बाद भी संगठित क्षेत्र के आभूषण खुदरा विक्रेताओं ने दिसंबर तिमाही में मजबूत प्रदर्शन किया है और जनवरी में भी मांग बरकरार रही। जेएम फाइनेंशियल की रिपोर्ट के अनुसार सोने की कीमतों में वृद्धि के बाद भी कंपनियों की बिक्री रुकी नहीं और तीसरी तिमाही की मांग में तेजी देखी गई।
बड़े आभूषण कारोबारियों को कितना हुआ फायदा?
- टाइटन के आभूषण कारोबार ने इस तिमाही में सालाना आधार पर राजस्व में 40 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की जबकि समान अवधि में 32 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
- वहीं कल्याण ज्वलैर्स ने अपने राजस्व में साल दर साल 42 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है, जो समान स्टोर बिक्री में 27 प्रतिशत की वृद्धि दिखाता है।
- कंपनी का भारत के कारोबार में राजस्व बढ़कर 90 अरब रुपये का हो गया है।
- रिपोर्ट के अनुसार मजबूत समान स्टोर बिक्री और नए स्टोरों के जुड़ने से दिसंबर तिमाही में (वित्त वर्ष 2026 की तिसरी तिमाही) में उपभोक्ता विवेकाधीन कंपनियों में आभूषणों ने गति को बनाए रखा है।
मांग बढ़ने के क्या रहे कारण?
उपभोक्ता बड़ी खरीदारी को दे रहे हैं प्राथमिकता
रिपोर्ट के अनुसार आभूषणों की बढ़ती मांग का एक प्रमुख कारण शादी ब्याह के लिए बड़ी खरीदारी है। उपभोक्ता बड़ी खरीदारी को प्राथमिकता दे रहे हैं, विशेषकर उन कैटेगरी में, जहां जीएसटी कटौती का प्रभाव है। रिपोर्ट में कहा गया है, जीएसटी दरों में कटौती से अपेक्षित लाभ अभी तक प्राप्त नहीं हुए हैं, क्योंकि ग्राहकों ने अधिक जीएसटी छूट वाली बड़ी खरीदारी को प्राथमिकता दी है। त्योहारों और शादी के मौसम से तिमाही के प्रदर्शन को बढ़ावा मिला है, हालांकि जनवरी में शादियों और क्षेत्रीय व्यवधानों में, जिसमें अधिक सर्दी का पड़ने की वजह से दूसरी छमाही में आभूषण खरीदारी में कुछ मंदी देखने को मली।
संगठित खुदरा विक्रेताओं के विस्तार ने बिक्री को बढ़ाया
रिपोर्ट के अनुसार आभूषण विक्रेताओं ने अपने नए स्टोर्स की संख्या का विस्तार किया, जिसकी वजह से बिक्री में वृद्धि हुई। साथ ही सोने की कीमतों में लगभग 65 प्रतिशत की साल दर साल वृद्धि भी प्रमुख सकारात्मक कारकों के रूप में देखी जा सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि सोने की बढ़ती कीमतों की वजह से उपभोक्ता की खरीदारी में बदलाव आया है। शादी ब्याह के लिए आभूषण की खरीदारी तो तय रूप में हो रही है, लेकिन अब हल्के वजन के आभूषणों की मांग बढ़ी है। इसके लिए इन संगठित विक्रेताओं के पास पूरी शृंखला मौजूद है। उपभोक्ताओं की इस शिफ्ट ने भी कंपनियों की बिक्री को बढ़ाया है।