मोहाली। पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने मंगलवार को लांडरां–चुन्नी मार्ग पर रसनहेड़ी स्थित बैच टाइप हॉट मिक्स प्लांट का दौरा कर कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्लांट की उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली और सड़क निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री की जांच की। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर राज्यभर में 45,000 किलोमीटर सड़कों के नवीनीकरण का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि मानसून से पहले 30 जून तक अधिकतम सड़कों का काम पूरा कर लिया जाए, ताकि लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं मिल सकें।
हरभजन सिंह ईटीओ ने बताया कि रसनहेड़ी स्थित इस हॉट मिक्स प्लांट की दैनिक उत्पादन क्षमता करीब 800 टन है। उन्होंने कहा कि 18 फीट चौड़ी एक किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए लगभग 450 टन प्रीमिक्स सामग्री की जरूरत होती है। वर्तमान में राज्यभर में करीब 100 हॉट मिक्स प्लांट पूरी क्षमता से कार्य कर रहे हैं, जिससे निर्माण कार्य को गति मिल रही है। मंत्री ने प्लांट संचालकों को निर्देश दिए कि उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए प्लांट को सुबह 5 बजे से ही शुरू किया जाए, ताकि समय का बेहतर उपयोग हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, विशेषकर खाड़ी देशों में तनाव के चलते बिटुमेन (लुक) की उपलब्धता को लेकर चुनौतियां सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार रिफाइनरियों के साथ समन्वय बनाकर इसकी निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और तय मानकों के अनुसार ही काम पूरा किया जाए। इस मौके पर विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ गगनदीप सिंह, चीफ इंजीनियर, एक्सियन और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कमेंट
कमेंट X