{"_id":"6951629d7a0ae237a80b2f57","slug":"police-revealed-incident-of-theft-in-a-house-in-marwahi-2025-12-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"GPM: मरवाही में एक मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने किया खुलासा, पारधी गैंग का एक आरोपी गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
GPM: मरवाही में एक मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने किया खुलासा, पारधी गैंग का एक आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला पेंड्रा मरवाही
Published by: आकाश दुबे
Updated Sun, 28 Dec 2025 10:37 PM IST
विज्ञापन
सार
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 19 हजार रुपये नकद एवं एक मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
मरवाही क्षेत्र में दिनदहाड़े सूने मकान में हुई बड़ी चोरी की वारदात का मरवाही पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पारधी गैंग से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत तीन अन्य अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार यह अंतरराज्यीय गिरोह पूर्व में भी कई चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है।
Trending Videos
मामला वार्ड क्रमांक 13 मरवाही निवासी जीवन यादव ने 10 दिसंबर 2025 को थाना मरवाही में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 9 दिसंबर 2025 को शाम लगभग 4:20 बजे से 5:10 बजे के बीच अज्ञात आरोपियों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया। आरोपियों ने मकान के पीछे लगे टीन शेड को तोड़कर भीतर प्रवेश किया और तीन अलग-अलग कमरों के दरवाजे तोड़कर अलमारियों में रखे सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी चोरी कर ली। चोरी किए गए सामान में सोने का हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, चेन, बालियां, झुमका, लॉकेट, चांदी के पायल, चूड़ा, बिछिया, कटोरी और नकद शामिल है। चोरी की कुल कीमत लगभग 7 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक एसआर भगत (आईपीएस) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल के निर्देशन में एसडीओपी मरवाही दीपक मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गईं। मरवाही थाना प्रभारी निरीक्षक शनिप रात्रे और साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सुरेश ध्रुव की टीम ने घटना स्थल के आसपास और मार्गों पर लगे 10 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच के दौरान टावर डंप और सीडीआर विश्लेषण के आधार पर कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबर चिन्हित किए गए।
जांच में सामने आया कि आरोपी मध्यप्रदेश के भोपाल क्षेत्र से संबंध रखते हैं और पारधी गैंग से जुड़े हुए हैं। पुलिस टीम ने भोपाल (म.प्र.) पहुंचकर आरोपी महराणा पारधी पिता सुरेश पारधी उम्र 26 वर्ष निवासी उनिदा थाना गुनगा जिला भोपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों पोंची उर्फ योगी पारधी एवं जसपाल सिंह पारधी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी गए सोने-चांदी के जेवर ग्राम कुटकीपुरा निवासी पपुआ उर्फ ज्ञान सिंह अहिरवार को 4 लाख 75 हजार रुपये में बेच दिए गए थे तथा प्राप्त राशि आपस में बांट ली गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 19 हजार रुपये नकद एवं एक मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले के अन्य आरोपी एवं जेवर खरीदने वाला आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश में पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी की जाएगी।