हादसा, आत्महत्या या कुछ और?: रानी दहरा जलप्रपात में मिली युवती की लाश, पहचान अब तक नहीं, मौत बनी रहस्य
गुरुवार सुबह रानी दहरा जलप्रपात में एक अज्ञात युवती का शव मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड स्थित प्रसिद्ध रानी दहरा जलप्रपात में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब झरने के नीचे पानी में एक अज्ञात युवती की लाश उतराती हुई मिली। शांत और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए मशहूर यह पर्यटन स्थल अचानक इस मौत के रहस्य का केंद्र बन गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। क्योंकि, यहां आए दिन हादसे में मौत के मामले सामने आते रहे हैं। गुरुवार सुबह ग्रामीण जब रोजमर्रा की तरह जलप्रपात की ओर गए, तो उनकी नजर पानी में उतराते शव पर पड़ी। पहले तो लोगों को यकीन नहीं हुआ, लेकिन पास जाकर देखने पर मामला गंभीर निकला। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया।
25-30 साल की युवती, पहचान अब भी पहेली
पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच है। हालांकि, उसकी पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है, साथ ही हाल के गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पहचान होते ही मामले की गुत्थी सुलझने की दिशा स्पष्ट हो सकती है।
हादसा, आत्महत्या या कुछ और? हर एंगल से जांच
इस पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह हादसा है? आत्महत्या या फिर किसी साजिश का हिस्सा? फिलहाल इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, जिससे रहस्य और गहरा गया है। शव को बोड़ला के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। इसी आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

यहां मिली युवती की लाश