{"_id":"69d891ac22caa82eb90433e1","slug":"balcony-collapses-in-secl-kusmundas-vikas-nagar-colony-family-narrowly-escapes-korba-news-c-1-1-noi1487-4147206-2026-04-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Korba: एसईसीएल कुसमुंडा विकास नगर कॉलोनी में मकान का छज्जा गिरा, बाल-बाल बचा परिवार, डर के साए में जी रहे लोग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Korba: एसईसीएल कुसमुंडा विकास नगर कॉलोनी में मकान का छज्जा गिरा, बाल-बाल बचा परिवार, डर के साए में जी रहे लोग
अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा
Published by: कोरबा ब्यूरो
Updated Fri, 10 Apr 2026 11:50 AM IST
विज्ञापन
korba
विज्ञापन
कोरबा जिले के एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र स्थित विकास नगर कॉलोनी में खदान कर्मियों के आवासों की जर्जर हालत एक बार फिर सामने आई है। एमडी 106 नंबर क्वार्टर का छज्जा मंगलवार को अचानक मिट्टी के ढेर की तरह ढह गया। उसमें रह रहा परिवार बाल-बाल बच गया, लेकिन इस घटना ने कॉलोनी में रहने वाले सैकड़ों परिवारों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Trending Videos
स्थानीय लोगों के अनुसार विकास नगर कॉलोनी की स्थिति बेहद बदतर हो चुकी है। यहां अक्सर किसी न किसी क्वार्टर का कोई हिस्सा टूटकर गिरता रहता है। छतों से प्लास्टर गिरना, दीवारों में दरारें आना और अब छज्जों का ढहना आम बात हो गई है। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि लगभग सभी आवास जर्जर अवस्था में हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
एसईसीएल कर्मी देवा कुमार राउत ने बताया कि आवासों की बदहाली की जानकारी एसईसीएल प्रबंधन को कई बार लिखित में दी जा चुकी है। मरम्मत के लिए आवेदन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि प्रबंधन जानबूझकर लापरवाही बरत रहा है। ऐसा लगता है कि प्रबंधन किसी बड़ी अनहोनी की प्रतीक्षा कर रहा है।
आज की घटना के बाद कॉलोनी में भारी आक्रोश है। लोगों ने कहा कि वे और उनके बच्चे हर दिन डर के साए में जीने को मजबूर हैं। रात में सोते समय भी यह डर लगा रहता है कि कहीं छत या दीवार न गिर जाए। खदान में दिनभर मेहनत करने वाले कर्मियों को घर पर भी सुकून नहीं मिल पा रहा है।
लोगों ने प्रबंधन से मांग की है कि सभी आवासों का तत्काल सुरक्षा ऑडिट कराया जाए। जर्जर हो चुके क्वार्टरों की मरम्मत या पुनर्निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। यदि प्रबंधन जल्द कदम नहीं उठाता है तो कर्मचारी संगठन आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं।


