{"_id":"69d760f12234328ab209ff01","slug":"secl-kusmunda-mine-accident-dumper-falls-into-deep-pit-driver-injured-this-is-the-second-major-incident-within-24-hours-at-the-mine-korba-news-c-1-1-noi1487-4143670-2026-04-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Korba: कुसमुंडा खदान में लगातार हादसे, 24 घंटे में दूसरा डंपर गड्ढे में गिरा; सुरक्षा पर एक बार फिर उठे सवाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Korba: कुसमुंडा खदान में लगातार हादसे, 24 घंटे में दूसरा डंपर गड्ढे में गिरा; सुरक्षा पर एक बार फिर उठे सवाल
अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा
Published by: कोरबा ब्यूरो
Updated Thu, 09 Apr 2026 02:33 PM IST
विज्ञापन
सार
एसईसीएल कुसमुंडा खदान में बीते चौबीस घंटे के भीतर दूसरी बड़ी घटना सामने आई है। यहां एक भारी भरकम डंपर अचानक अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरा। यह घटना कुसमुंडा स्थित नीलकंठ कंपनी में हुई।
कुसमुंडा खदान में फिर हादसा
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
जिले की एसईसीएल कुसमुंडा खदान में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बीते 24 घंटे के भीतर खदान क्षेत्र में दूसरी बड़ी घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार कुसमुंडा स्थित नीलकंठ कंपनी में कार्यरत एक भारी भरकम डंपर अचानक अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरा, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
Trending Videos
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। घायल डंपर चालक की पहचान भीम पटेल, निवासी सोनपुरी के रूप में हुई है। हादसे के बाद तत्काल घायल चालक को खदान क्षेत्र से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही घायल के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और चालक की स्थिति की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब महज 24 घंटे पहले ही इसी कुसमुंडा खदान क्षेत्र में नीलकंठ कंपनी का एक अन्य डंपर स्लाइड होकर नीचे गिर गया था।

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने खदान की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। कर्मचारियों का आरोप है कि खदान में सेफ्टी के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है, जिससे मजदूरों और चालकों की जान जोखिम में बनी रहती है।
घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं लगातार हो रही दुर्घटनाओं के चलते खदान कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। कर्मचारियों ने खदान प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।