{"_id":"6a0be1eb666efaa54b03385c","slug":"monday-turns-deadly-in-korba-5-killed-in-three-separate-accidents-korba-news-c-1-1-noi1487-4298700-2026-05-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"छत्तीसगढ़: सोमवार को हादसों से दहला कोरबा, अलग-अलग दुर्घटनाओं में पांच लोगों की गई जान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
छत्तीसगढ़: सोमवार को हादसों से दहला कोरबा, अलग-अलग दुर्घटनाओं में पांच लोगों की गई जान
अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा
Published by: कोरबा ब्यूरो
Updated Tue, 19 May 2026 09:59 AM IST
विज्ञापन
korba
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
कोरबा जिले के लिए सोमवार का दिन हादसों से भरा रहा। अलग-अलग इलाकों में हुए तीन भीषण हादसों में पांच लोगों की जान चली गई। कहीं तेज रफ्तार ने जिंदगी छीन ली, तो कहीं पिकनिक की खुशियां मातम में बदल गईं, वहीं फैक्टरी में काम के दौरान एक महिला मजदूर की मौत हो गई। घटनाओं के बाद प्रभावित क्षेत्रों में आक्रोश और हंगामा हुआ, जिसे शांत कराने पुलिस और जनप्रतिनिधियों को मशक्कत करनी पड़ी।
पहली घटना में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो ग्रामीणों की मौत हो गई। घटना के बाद आधी रात तक चक्का-जाम रहा। बांकी मोंगरा थाना के जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो ग्रामीणों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। अरदा निवासी प्रकाश और चाकाबुड़ा निवासी बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी जो रात 12:30 बजे तक चला। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में रात में अवैध रेत परिवहन के ट्रैक्टर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं। तनाव देखते हुए बांकी मोंगरा, कुसमुण्डा, दीपका थाना और सर्वमंगला चौकी पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन
दूसरा हादसा बालको थाना क्षेत्र के अजगरबहार के पास हुआ। खरमोरा के 10 युवक झोराघाट पिकनिक मनाकर ऑटो से लौट रहे थे। शाम को तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सोनू यादव और सत्यम यादव की मौके पर मौत हो गई। अन्य युवक घायल हुए जिन्हें राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। सभी युवक सिविल लाइन थाना क्षेत्र के खरमोरा के रहने वाले थे।
Trending Videos
तीसरा हादसा सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गोढ़ी स्थित प्रेम एंटरप्राइजेज फ्लाई ऐश ईंट फैक्टरी में हुआ। दोपहर 3 से 4 बजे के बीच चालू मशीन की सफाई के दौरान भारी लीवर गिर गया। उसकी चपेट में आने से महिला मजदूर की मौके पर मौत हो गई। मृतका के पति, नाबालिग बेटे अयांश और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग पर शव उठाने से इनकार कर दिया। 4 घंटे चले हंगामे के बाद रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया की मौजूदगी में समझौता हुआ।
फैक्टरी संचालक प्रदीप अग्रवाल ने 75 हजार रुपये नगद तात्कालिक सहायता, बेटे अयांश के नाम 2 लाख की एफडी, 18 साल तक 1500 रुपये महीना भरण-पोषण और बालिग होने पर नौकरी देने पर सहमति दी। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
एक दिन में तीन बड़े हादसों के बाद पुलिस अलर्ट पर है। पुलिस तेज रफ्तार, अवैध परिवहन और फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जांच कर रही है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी। लगातार हादसों से पूरे जिले में शोक का माहौल है।