झज्जर। हरियाली तीज के पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह है। झज्जर डाक विभाग दूर बैठे परिजनों तक तीज की कोथलियां भेज रहा है। अब तक करीब 15 से 20 कोथलियां विभिन्न देशों और प्रदेशों में भेजी जा चुकी हैं। इनमें नाइजीरिया, न्यूजीलैंड, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका जैसे देश शामिल हैं। बिहार, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और गुजरात सहित कई प्रदेशों में भी कोथलियां भेजी जा रही हैं। कोथली में मिठाई, घेवर, कपड़े और शृंगार का सामान होता है। डाक विभाग उसी दिन सामग्री भिजवाकर बेहतर सेवाएं दे रहा है। रक्षाबंधन के लिए भी विभाग पूरी तरह तैयार है। बहनों की राखियां और अन्य पार्सल समय पर गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। पोस्ट मास्टर सतीश कुमार के अनुसार, विभाग त्योहारों में दूर रहने वाले परिवारों को जोड़ रहा है। संवाद