Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   Constitution Day Special: The Constitution of India A Timeless Masterpiece by Extraordinary Minds

संविधान दिवस विशेष: भारत का संविधान-असाधारण प्रतिभाओं की कालजयी कृति

Wed, 25 Nov 2026 06:13 PM IST
Jay singh Rawat जयसिंह रावत
Updated Wed, 25 Nov 2026 06:13 PM IST
सार

संविधान सभा की पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई। डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा अस्थायी अध्यक्ष और बाद में डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्थायी अध्यक्ष बने। कैबिनेट मिशन योजना के तहत गठित सभा में मूलतः 389 सदस्य निर्धारित थे। विभाजन के बाद सदस्य संख्या 299 रह गई। इनमें विधिवेत्ता, शिक्षाविद्, अर्थशास्त्री, प्रशासक, समाज सुधारक और स्वतंत्रता सेनानी शामिल थे।

विज्ञापन
Constitution Day Special: The Constitution of India A Timeless Masterpiece by Extraordinary Minds
संविधान दिवस। - फोटो : Amar Ujala AI

विस्तार

दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का आधार भारत का संविधान केवल कानूनी धाराओं का संकलन नहीं, बल्कि व्यापक चिंतन, राजनीतिक दूरदर्शिता, सामाजिक न्याय की आकांक्षा और भारतीय कलात्मक चेतना की संयुक्त रचना है। इसके निर्माण में विधिवेत्ताओं, विद्वानों, स्वतंत्रता सेनानियों और जनप्रतिनिधियों ने योगदान दिया।

विज्ञापन


किसी ने संवैधानिक व्यवस्था का अध्ययन किया, किसी ने नागरिक अधिकारों पर विचार रखा और किसी ने अपनी लेखनी तथा कूची से इसे कलाकृति का रूप दिया। डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में प्रारूप समिति ने इसे विधिक स्वरूप दिया, जबकि संविधान सभा ने विस्तृत विमर्श के बाद इसे अंगीकृत किया।
विज्ञापन


इसकी हस्तलिखित प्रति के प्रकाश-शिला मुद्रण का गौरव देहरादून को मिला। संविधान दिवस पर उन सभी ज्ञात और कम चर्चित योगदानकर्ताओं को याद करना जरूरी है, जिनके प्रयासों से यह ऐतिहासिक दस्तावेज आकार ले सका।
विज्ञापन
विज्ञापन


लोकतंत्र की बुनियाद रखने वाली सभा

संविधान सभा की पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई। डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा अस्थायी अध्यक्ष और बाद में डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्थायी अध्यक्ष बने। कैबिनेट मिशन योजना के तहत गठित सभा में मूलतः 389 सदस्य निर्धारित थे। विभाजन के बाद सदस्य संख्या 299 रह गई। इनमें विधिवेत्ता, शिक्षाविद्, अर्थशास्त्री, प्रशासक, समाज सुधारक और स्वतंत्रता सेनानी शामिल थे।

पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 13 दिसंबर 1946 को उद्देश्य प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसे 22 जनवरी 1947 को स्वीकार किया गया। इसमें स्वतंत्र भारत की भावी संवैधानिक व्यवस्था के मूल आदर्शों की रूपरेखा थी। सरदार वल्लभभाई पटेल ने मौलिक अधिकारों, अल्पसंख्यकों और जनजातीय क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर समितियों का नेतृत्व किया। डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने विभिन्न विचारों और मतभेदों के बीच संविधान सभा की कार्यवाही संचालित की।

आंबेडकर के नेतृत्व में प्रारूप समिति

29 अगस्त 1947 को संविधान सभा ने सात सदस्यीय प्रारूप समिति गठित की और डॉ. आंबेडकर को उसका अध्यक्ष बनाया। समिति में अल्लादि कृष्णस्वामी अय्यर, एन. गोपालस्वामी आयंगर, कन्हैयालाल माणिकलाल मुंशी, सैयद मोहम्मद सादुल्ला, बी. एल. मित्तर और डी. पी. खेतान शामिल थे। बाद में मित्तर के स्थान पर एन. माधव राव आए और खेतान के निधन के बाद टी. टी. कृष्णमाचारी समिति में शामिल हुए।

आंबेडकर ने विधि और अर्थशास्त्र के अपने ज्ञान तथा सामाजिक विषमता के अनुभव से संविधान को न्याय, स्वतंत्रता और समानता की वैचारिक आधारशिला दी। अल्लादि कृष्णस्वामी अय्यर विधि के विशेषज्ञ थे। मुंशी ने मौलिक अधिकारों और सांस्कृतिक स्वतंत्रता से जुड़े विमर्श में योगदान दिया, जबकि गोपालस्वामी आयंगर प्रशासनिक और संघीय व्यवस्था के अनुभवी जानकार थे। इन विविध दृष्टियों को एक सुसंगत दस्तावेज में ढालना चुनौतीपूर्ण था।

आंबेडकर ने सहयोगियों को दिया श्रेय

25 नवंबर 1949 के अपने भाषण में डॉ. आंबेडकर ने संविधान निर्माण का श्रेय केवल स्वयं तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने संविधान सभा के संवैधानिक सलाहकार बी. एन. राव और मुख्य प्रारूपकार एस. एन. मुखर्जी के योगदान का विशेष उल्लेख किया। बी. एन. राव ने विभिन्न देशों की संवैधानिक व्यवस्थाओं का अध्ययन किया और कई संवैधानिक विशेषज्ञों से विचार-विमर्श किया। उनके तैयार प्रारंभिक मसौदे में 243 अनुच्छेद और 13 अनुसूचियां थीं।

मुखर्जी ने जटिल प्रस्तावों को स्पष्ट और सटीक कानूनी भाषा में ढालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आंबेडकर ने कहा था कि उनके सहयोग के बिना संविधान को अंतिम रूप देने में अधिक समय लग सकता था। उन्होंने संविधान सभा के कर्मचारियों के परिश्रम को भी सराहा। यह निर्माण प्रक्रिया सामूहिक ज्ञान और सतत श्रम का परिणाम थी।

संविधान सभा में नारी शक्ति

संविधान सभा की 15 महिला सदस्यों ने भी इस विमर्श में योगदान दिया। इनमें सरोजिनी नायडू, हंसा मेहता, दुर्गाबाई देशमुख, राजकुमारी अमृत कौर, सुचेता कृपलानी, विजयलक्ष्मी पंडित, अम्मू स्वामीनाथन, बेगम ऐजाज रसूल, दक्षिणायनी वेलायुधन, रेणुका राय, पूर्णिमा बनर्जी, एनी मस्कारेन, कमला चौधरी, लीला राय और मालती चौधरी शामिल थीं।

उन्होंने लैंगिक समानता, शिक्षा, सामाजिक न्याय, मौलिक अधिकारों और महिलाओं की गरिमा से जुड़े प्रश्न उठाए। संविधान सभा की एकमात्र दलित महिला सदस्य दक्षिणायनी वेलायुधन ने अस्पृश्यता और जातिगत भेदभाव के विरुद्ध आवाज उठाई। हंसा मेहता और रेणुका राय ने महिला अधिकारों की पैरवी की।

बहस और संशोधनों से निखरा दस्तावेज

संविधान निर्माण में दो वर्ष, 11 महीने और 18 दिन लगे। संविधान सभा के 11 सत्रों में कुल 165 दिन बैठकें हुईं। मसौदे पर विचार के लिए 114 दिन दिए गए, जबकि प्रारूप समिति ने 141 दिन काम किया। लगभग 7,635 संशोधन प्रस्ताव सूचीबद्ध हुए, जिनमें से 2,473 सभा में विधिवत पेश किए गए। विभिन्न देशों की संवैधानिक व्यवस्थाओं से प्रेरणा ली गई, लेकिन उन्हें भारतीय परिस्थितियों के अनुरूप ढाला गया। अंगीकृत संविधान में 395 अनुच्छेद, 22 भाग और आठ अनुसूचियां थीं।

हाथ से लिखी गईं मूल प्रतियां

संविधान की मूल प्रतियां मशीन से नहीं, हाथ से लिखी गई थीं। अंग्रेजी संस्करण का सुलेखन प्रेम बिहारी नारायण रायजादा ने किया। हिंदी संस्करण वसंत कृष्ण वैद्य ने लिखा। विशेष रूप से तैयार कागज पर की गई इस श्रमसाध्य लेखन प्रक्रिया ने संविधान को विशिष्ट रूप दिया। संसद के अभिलेखों के अनुसार, अंग्रेजी मूल प्रति का सुलेखन 1949 के अंत में शुरू हुआ और 1950 के शुरुआती महीनों में पूरा हुआ।

पन्नों पर भारतीय सभ्यता की छवियां

संविधान की मूल प्रति के चित्रांकन का दायित्व शांतिनिकेतन के आचार्य नंदलाल बोस और उनके सहयोगियों को सौंपा गया। कलाकार दल में व्यौहार राममनोहर सिन्हा, दीनानाथ भार्गव, विनायक शिवराम मासोजी, विश्वरूप बोस, गौरी भांजा, जमुना सेन, कृपाल सिंह शेखावत और जगदीश मित्तल जैसी प्रतिभाएं शामिल थीं।

संविधान के 22 भागों को भारतीय इतिहास और संस्कृति से जुड़े चित्रों से सजाया गया। इनमें प्राचीन सभ्यता, रामायण-महाभारत, बुद्ध और महावीर, सम्राट अशोक, अकबर, शिवाजी, गुरु गोविंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, महात्मा गांधी और नेताजी सुभाषचंद्र बोस से जुड़े प्रसंग शामिल हैं। इस तरह संविधान की मूल प्रति में भारत की सांस्कृतिक यात्रा का कलात्मक रूप उभरा।

देहरादून में हुआ प्रकाश-शिला मुद्रण

संविधान की हस्तलिखित और चित्रांकित प्रति की एक हजार प्रतियां 1955 में देहरादून स्थित भारतीय सर्वेक्षण विभाग के कार्यालय में प्रकाश-शिला मुद्रण तकनीक से तैयार की गईं। इस प्रक्रिया से मूल प्रति के अक्षरों और चित्रों को मुद्रित रूप में उतारा गया। अमेरिकी लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस में इस संस्करण की एक प्रति सुरक्षित है। उसके अभिलेख में देहरादून और भारतीय सर्वेक्षण विभाग का उल्लेख मिलता है। संविधान की मूल हस्तलिखित प्रतियां संसद के पुस्तकालय में विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखी गई हैं।

निर्माताओं के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि

24 जनवरी 1950 को संविधान सभा के 284 सदस्यों ने संविधान पर हस्ताक्षर किए। 26 जनवरी को यह प्रभावी हुआ और भारत ने सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार पर आधारित लोकतांत्रिक व्यवस्था अपनाई। संविधान की महानता उसके आकार में ही नहीं, बल्कि विविधताओं के बीच एकता, असहमति के बीच सहमति और नागरिक अधिकारों की प्रतिष्ठा में है।

संविधान दिवस पर डॉ. आंबेडकर के साथ विधिवेत्ताओं, महिला प्रतिनिधियों, विद्वानों, सुलेखकारों, चित्रकारों और देहरादून के मुद्रण कर्मियों को भी याद करना चाहिए। संविधान निर्माताओं के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि उसके मूल्यों-न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता को सार्वजनिक और व्यक्तिगत जीवन में अपनाना है।


डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed