{"_id":"66add9bbae1d95a56b005c7c","slug":"india-vs-sri-lanka-1st-odi-performance-and-analysis-of-match-2024-08-03","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"भारत vs श्रीलंका: इतिहास बनाने से चूके टीम इंडिया के रणबांकुरे","category":{"title":"Blog","title_hn":"अभिमत","slug":"blog"}}
भारत vs श्रीलंका: इतिहास बनाने से चूके टीम इंडिया के रणबांकुरे
सार
मैच टाई होने से भारत से अधिक श्रीलंका ने राहत की सांस ली, क्योंकि कम स्कोर के बावजूद वो भारत को रोकने में सफल रहा। हालांकि, मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कई कीर्तिमान रचे।
विज्ञापन
India Vs Sri Lanka
- फोटो : BCCI
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में इतिहास बनाने से एक कदम पीछे रह गई। यदि श्रीलंका के खिलाफ शुक्रवार रात भारत ने जीत दर्ज की होती तो यह वनडे क्रिकेट में किसी भी टीम के खिलाफ उसकी सौवीं जीत होती, यानी जीत का शतक होता। मैच टाई होने से भारत से अधिक श्रीलंका ने राहत की सांस ली, क्योंकि कम स्कोर के बावजूद वो भारत को रोकने में सफल रहा। हालांकि, मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कई कीर्तिमान रचे।
विज्ञापन
वनडे क्रिकेट में भारत ने किसी भी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ सबसे अधिक जीत श्रीलंका के खिलाफ दर्ज की है। भारत अब तक श्रीलंका के खिलाफ 99 वनडे मैच में जीत चुका है। इसके बाद वेस्टइंडीज का नंबर आता है, जिसके खिलाफ भारत ने 72 वनडे मैच जीते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ 60, इंग्लैंड के खिलाफ 58, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के खिलाफ 57-57, जिम्बाब्वे के खिलाफ 54, साउथ अफ्रीका के खिलाफ 40 और बांग्लादेश के खिलाफ 32 वनडे मैच भारत ने जीते हैं।
विज्ञापन
कोलंबो वनडे से पहले यही उम्मीद थी कि भारत श्रीलंका को एक और वनडे मैच में हराकर जीत का शतक लगा लेगा। श्रीलंका ने मैच में पहले बैटिंग करते हुए 230 रन का स्कोर खड़ा किया था। यह स्कोर बिल्कुल साधारण प्रतीत हो रहा था। भारत की बैटिंग की शुरुआत भी अच्छी हुई।
विज्ञापन
पहले विकेट के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने शुभमन गिल के साथ मिलकर 12.4 ओवर में 75 रन जोड़े। हालांकि, शुभमन गिल बहुत कंफर्टेबल नजर नहीं आ रहे थे। जहां रोहित शर्मा ने 123.40 के स्ट्राइक रेट से 47 गेंदों पर 58 रन बनाए, वहीं शुभमन गिल 35 गेंदों पर मात्र 16 रन नहीं बना सके।
कोलंबो के स्टेडियम में चार शतक लगा चुके विराट कोहली से भी बड़ी उम्मीद थी, लेकिन वो भी 32 गेंदों पर 24 रन बनाकर आउट हो गए। रोहित शर्मा के बाद कोई भी खिलाड़ी बड़ा स्कोर नहीं बन सका। श्रीलंकाई स्पिनर्स की घूमती गेंदों पर भारतीय खिलाड़ी एक के बाद एक पैवेलियन का रास्ता देखते चले गए, जबकि टीम इंडिया में आठवें नंबर तक बल्लेबाज खेल रहे थे। एक समय ऐसा आया, जब गेंदें बहुत थीं और जीत के लिए रन कम बनाने थे, लेकिन भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ाती चली गई।
अंत में यदि शिवम दुबे ने दो छक्के न लगाए होते हैं तो भारत मुकाबला टाई भी नहीं कर पाता। आखिरी दो विकेट तो भारत 230 रन पर गंवा बैठा। खासकर अर्शदीप सिंह और शिवम दुबे ने जो शॉट खेला, वो कतई उचित नहीं था। यदि वो आराम से खेलते तो एक रन लेना मुश्किल नहीं था।
मैच टाई भले हो गया, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा ने एक बार फिर अपनी बैटिंग का लोहा मनवाया। रोहित शर्मा के बतौर ओपनर 15,000 रन पूरे हो गए हैं। उनसे ऊपर सचिन तेंदुलकर (15,335 रन) और वीरेंद्र सहवाग (16,119 रन) हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित शर्मा सबसे अधिक छक्के लगाने वाले कप्तान भी हो गए हैं। रोहित के अब 234 छक्के हैं। उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिनके नाम 233 छक्के हैं, जबकि पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 211 छक्के लगा चुके हैं।
रोहित ने बतौर ओपनर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक लगाने में सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली है। रोहित के अब सचिन के बराबर 120 अर्धशतक हो गए हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी डेविड वॉर्नर का नाम है, जिन्होंने 146 अर्धशतक लगाए हैं।
भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज का अगला मुकाबला रविवार को कोलंबो में ही खेला जाएगा। भारत के पास रिकॉर्ड बनाने का मौका है। टी-20 सीरीज में 3-0 से जीत के बाद भारत के हौसले बुलंद हैं। जिस तरह से रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत जीत दर्ज करता आ रहा है तो यही लग रहा है कि रविवार को भारत किसी एक टीम के बाद अपनी सौवीं जीत सुनिश्चित कर लेगा।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।