{"_id":"684c3f1459006365670cfef4","slug":"ind-vs-eng-test-series-karun-nair-emotional-after-getting-chance-again-gambhir-and-kl-rahul-praised-him-2025-06-13","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"IND vs ENG: फिर से मौका मिलने पर भावुक हुए करुण नायर, गंभीर ने की तारीफ, कहा- आपकी कभी हार न मानने वाली सोच...","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
IND vs ENG: फिर से मौका मिलने पर भावुक हुए करुण नायर, गंभीर ने की तारीफ, कहा- आपकी कभी हार न मानने वाली सोच...
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Fri, 13 Jun 2025 08:39 PM IST
विज्ञापन
सार
करुण इस बात के लिए आभारी हैं कि उन्हें एक बार फिर से भारत की टेस्ट जर्सी पहनने का मौका मिल रहा है। दाएं हाथ का यह बल्लेबाज इंग्लैंड लायंस के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट में भारत ए के लिए दोहरा शतक जड़ने के बाद सीनियर टीम के साथ जुड़ गया है।
करुण और गंभीर
- फोटो : ANI/PTI
विज्ञापन
विस्तार
भारतीय टीम में फिर से मौका मिलने के बाद करुण नायर भावुक हो गए। टीम इंडिया में जल्दी किसी खिलाड़ी को इतने समय के अंतराल के बाद दूसरा मौका नहीं मिलता है, लेकिन करुण अपवाद हैं। टीम से बाहर होने के बाद उन्होंने काफी मेहनत की और घरेलू क्रिकेट में खूब रन बनाए। उनकी वापसी किसी चमत्कार से कम नहीं है और खुद कोच गौतम गंभीर भी उनकी तारीफ किए बिना नहीं रह सके।
Trending Videos
करुण इस बात के लिए आभारी हैं कि उन्हें एक बार फिर से भारत की टेस्ट जर्सी पहनने का मौका मिल रहा है। दाएं हाथ का यह बल्लेबाज इंग्लैंड लायंस के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट में भारत ए के लिए दोहरा शतक जड़ने के बाद सीनियर टीम के साथ जुड़ गया है। भारत इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगा जिसका आगाज 20 जून में लीड्स में होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
करुण ने राष्ट्रीय टीम में शामिल होने के बाद ‘बीसीसीआई डॉट टीवी’से कहा, 'बेहद खास महसूस हो रहा है।' उन्होंने कहा, 'मैं फिर से मौका मिलने पर बहुत आभारी और भाग्यशाली महसूस कर रहा हूं। मैं इस अवसर को दोनों हाथों से लपकने के लिए तैयार हूं।' टेस्ट में तिहरा शतक जड़ने वाले दूसरे भारतीय नायर ने आठ साल बाद भारतीय टीम में वापसी की है।
भारत ए टीम में शामिल खिलाड़ी जब सीनियर टीम के साथ जुड़े तो मुख्य कोच गौतम गंभीर ने नायर की वापसी को बेहद खास करार दिया। उन्होंने 'टीम हडल' में कहा, 'वापसी करना कभी आसान नहीं होता। आपने जितने रन बनाए हैं, आपकी कभी हार न मानने वाली सोच पूरी टीम के लिए प्रेरणादायक है। स्वागत है करुण नायर।'
करुण के लंबे समय के साथ लोकेश राहुल ने भी उनकी दृढ़ता की तारीफ की। करुण के साथ अंडर-14 के दिनों से क्रिकेट खेलते आ रहे राहुल ने कहा, 'मैं उन्हें बहुत लंबे समय से जानता हूं।' राहुल ने करुण के काउंटी क्रिकेट में खेलने का जिक्र करते हुए कहा, 'उन्होंने यहां इंग्लैंड में जो महीने क्रिकेट खेलते हुए बिताए, वह कितना कठिन और अकेलापन भरा समय था। उन सबके बाद भी भारतीय टीम में वापसी करना उनके लिए, उनके परिवार के लिए और उनके सफर को जानने वाले हमारे जैसे दोस्तों के लिए बेहद खास है।'
राहुल ने भी नायर की वापसी को प्रेरणादायक करार देते हुए कहा, 'यह बहुत प्रेरणादायक है। उम्मीद है कि यहां काउंटी क्रिकेट से मिला अनुभव और सीख उन्हें टेस्ट मैचों में अच्छा प्रदर्शन करने में मदद करेगा।' करुण के लिए फिर से भारतीय ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बनना किसी सपने की तरह है। उन्होंने कहा, 'मुझे उस अहसास को खुद ही अनुभव करना होगा, मैदान पर जाकर खुद महसूस करना होगा। मुझे यकीन है कि बहुत सारी भावनाएं होंगी, जिन्हें मैं अभी शब्दों में बयां नहीं कर सकता। यह एक अवास्तविक जैसा अहसास होगा।'