{"_id":"650002bcfe29aa337e0a6472","slug":"ind-vs-pak-5-minutes-before-toss-kl-rahul-came-to-know-he-was-playing-rohit-praise-batters-asia-cup-2023-2023-09-12","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"IND vs PAK: 'टॉस से पांच मिनट पहले राहुल को पता चला कि वह खेल रहे हैं', कप्तान रोहित ने केएल की जमकर तारीफ की","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
IND vs PAK: 'टॉस से पांच मिनट पहले राहुल को पता चला कि वह खेल रहे हैं', कप्तान रोहित ने केएल की जमकर तारीफ की
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलंबो
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Tue, 12 Sep 2023 11:50 AM IST
विज्ञापन
सार
भारत ने पाकिस्तान को सुपर फोर मुकाबले में 228 रन से शिकस्त दी। 357 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 32 ओवर में 128 रन पर सिमट गई थी।
रोहित ने बुमराह, विराट और राहुल की तारीफ की है
- फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन
विस्तार
भारत और पाकिस्तान के बीच मैच में केएल राहुल ने अपने वनडे करियर का छठा शतक लगाया। उन्होंने 106 गेंदों में 111 रन की नाबाद पारी खेली। अपनी पारी में राहुल ने 12 चौके और दो छक्के लगाए। उनके और विराट कोहली के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 233 रन की नाबाद साझेदारी की बदौलत टीम इंडिया ने 50 ओवर में दो विकेट पर 356 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
मैच के बाद कप्तान रोहित ने विराट और राहुल दोनों की खूब तारीफ की है। भारत ने पाकिस्तान को सुपर फोर मुकाबले में 228 रन से शिकस्त दी। 357 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 32 ओवर में 128 रन पर सिमट गई थी।
Trending Videos
मैच के बाद कप्तान रोहित ने विराट और राहुल दोनों की खूब तारीफ की है। भारत ने पाकिस्तान को सुपर फोर मुकाबले में 228 रन से शिकस्त दी। 357 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 32 ओवर में 128 रन पर सिमट गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
मैच के बाद रोहित ने कहा- हम बस कुछ खेल का समय पाने के लिए मैदान में उतरना चाहते थे। हमारी टीम में बहुत से खिलाड़ियों को काफी समय से खेलने का मौका नहीं मिला था। यह मैदानकर्मियों के शानदार प्रयास के कारण ही संभव हो सका। मैं जानता हूं कि पूरे मैदान को ढंकना और कवर हटाना कितना कठिन है। पूरी टीम की ओर से हम उन्हें धन्यवाद देना चाहते हैं।
टीम इंडिया की बल्लेबाजी को लेकर रोहित ने कहा- बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। जब हमने शुरुआत की, तो हमें पता था कि विकेट अच्छा है और हमें बारिश के साथ तालमेल बिठाना होगा। भारत के दो अनुभवी बल्लेबाज कोहली और राहुल को पता था कि उन्हें अपनी नजरें जमाने में समय लगेगा और फिर हम विकेट बचाने में सफल रहे तो अंत में काफी रन बना सकते हैं। हमने जिस तरह से बल्लेबाजी की उसे देखते हुए मैं कह सकता हूं कि सलामी बल्लेबाजों और फिर विराट-केएल की पारी शानदार थी। बैटिंग से काफी कुछ पॉजिटिव मिला। विराट की पारी शानदार रही। फिर केएल का चोट से वापसी करना और इस तरह की बल्लेबाजी करना शानदार था। उन्हें टॉस से पांच मिनट पहले पता चला कि वह खेल रहे हैं और उसके बाद इस तरह से खेलना खिलाड़ी की मानसिकता को दर्शाता है।
बुमराह को लेकर रोहित ने कहा- उन्हें पूरे फॉर्म में गेंदबाजी करते देखकर अच्छा लग रहा है। उसने गेंद को दोनों तरफ घुमाया और पिछले आठ-10 महीनों में उन्होंने वास्तव में कड़ी मेहनत की है। बुमराह केवल 27 साल के हैं, उनके लिए खेल छोड़ना या इससे दूर रहना सही नहीं है, लेकिन उन्होंने जिस तरह से गेंदबाजी की उससे पता चलता है कि वह क्या और कितनी मेहनत कर रहे हैं।
भारत ने एशिया कप के सुपर-4 राउंड में पाकिस्तान को 228 रन से हरा दिया। बारिश से बाधित यह मैच दो दिन में समाप्त हुआ। रविवार (10 सितंबर) को मुकाबला शुरू हुआ, लेकिन बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका। भारत ने रविवार को खेल रोके जाने तक 24.1 ओवर में दो विकेट पर 147 रन बनाए थे। सोमवार को मैच का रिजर्व डे था। भारतीय टीम ने आगे खेलते हुए 50 ओवर में 356 रन बनाए।
कप्तान रोहित ने 49 गेंदों में 56 रन, शुभमन गिल ने 52 गेंदों में 58 रन की पारी खेली। दोनों ने ओपनिंग विकेट के लिए 121 रन जोड़े। इसके बाद कोहली और राहुल ने 233 रन की नाबाद साझेदारी की। कोहली 94 गेंदों में 122 रन और राहुल 106 गेंदों में 111 रन बनाकर नाबाद रहे। कोहली के वनडे करियर का यह 47वां शतक रहा।
जवाब में पाकिस्तान की टीम 32 ओवर में 128 रन ही बना सकी। नसीम शाह और हारिस रऊफ चोट के कारण बल्लेबाजी नहीं कर सके। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने पांच विकेट लिए। भारतीय टीम मंगलवार (12 सितंबर) को सुपर-4 में अपना दूसरा मैच श्रीलंका के खिलाफ खेलेगी। सुपर-4 में भारत का खाता खुल गया है। उसके खाते में दो अंक जुड़ गए हैं। पाकिस्तान और श्रीलंका के भी दो-दो अंक हैं।