IPL 2027: गोयनका के निकाले दो कप्तान अब दिल्ली से खेलते दिखेंगे, केएल राहुल के बाद ऋषभ पंत बने टीम का हिस्सा
आईपीएल 2027 से पहले एक बड़ा उलटफेर हुआ है। लखनऊ सुपर जाएंट्स के मालिक संजीव गोयनका द्वारा हटाए गए दो कप्तान केएल राहुल और ऋषभ पंत अब दिल्ली कैपिटल्स से खेलते दिखेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आईपीएल 2027 की शुरुआत में अभी समय है, लेकिन उससे पहले हुए एक बहुत बड़े खिलाड़ी ट्रेड ने क्रिकेट जगत का ध्यान पूरी तरह अपनी ओर खींच लिया है। लखनऊ सुपर जाएंट्स के मालिक संजीव गोयनका द्वारा हटाए गए दो कप्तान- केएल राहुल और स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अब दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिए एक साथ खेलते हुए नजर आएंगे। दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच हुए एक हाई-प्रोफाइल ट्रेड के तहत ऋषभ पंत अपनी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स में वापस लौटने जा रहे हैं, जबकि स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अब लखनऊ सुपर जाएंट्स की जर्सी में दिखाई देंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऋषभ पंत 15 करोड़ रुपये की कीमत पर दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ेंगे। लखनऊ सुपर जाएंट्स में उनकी सैलरी 27 करोड़ रुपये थी, जिसका सीधा मतलब है कि अपनी पुरानी टीम दिल्ली में वापसी करने के लिए पंत ने 12 करोड़ रुपये की एक बहुत बड़ी रकम की कटौती (सैलरी कट) स्वीकार की है।
ऋषभ पंत ने जब कप्तानी छोड़ी थी, तो लखनऊ फ्रेंचाइजी की तरफ से एक आधिकारिक बयान सामने आया था। इस बयान के अनुसार, पंत ने अपनी मर्जी से ऐसा किया था। लेकिन अब आई एक रिपोर्ट में बेहद चौंकाने वाला दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 28 वर्षीय ऋषभ पंत ने खुद स्वेच्छा से कप्तानी नहीं छोड़ी थी, बल्कि लखनऊ मैनेजमेंट ने उन्हें इस पद से हटाया था। इस फैसले से आहत होकर ही पंत ने फ्रेंचाइजी छोड़ने का पूरा मन बना लिया, क्योंकि उन्हें वहां कमतर आंका जा रहा था।
लखनऊ के साथ कैसा रहा ऋषभ पंत का सफर?
लखनऊ सुपर जाएंट्स ने आईपीएल मेगा ऑक्शन में ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम देकर खरीदा था, जो आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी बोली थी। हालांकि, यह महंगी साझेदारी सिर्फ दो सीजन में ही खत्म होने की कगार पर पहुंच गई है। पंत का सफर हालांकि, लखनऊ में उतार-चढ़ाव भरा और चुनौतीपूर्ण रहा। उनकी मौजूदगी के बावजूद लखनऊ की टीम लगातार तीसरे साल प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। पंत ने लखनऊ के लिए खेले कुल 28 मैचों में 135.7 के स्ट्राइक रेट से कुल 581 रन बनाए।
दिल्ली कैपिटल्स में फिर दिखेगा ऋषभ पंत का पुराना रंग
ऋषभ पंत का नाम हमेशा से दिल्ली कैपिटल्स की असल पहचान रहा है। एक युवा खिलाड़ी के रूप में उन्होंने दिल्ली के लिए ही अपना आईपीएल सफर शुरू किया था और बाद में इस टीम की कप्तानी भी संभाली थी। गंभीर चोट से वापसी करने के बाद वह लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम से जुड़े थे, लेकिन अब एक बार फिर दिल्ली के साथ उनका रिश्ता जुड़ रहा है। दिल्ली के फैंस के लिए यह किसी भावनात्मक वापसी से कम नहीं होगी, क्योंकि पंत ने अपने आईपीएल करियर के कई यादगार पल इसी फ्रेंचाइजी के साथ मैदान पर बिताए हैं।
केएल राहुल का पिछला सीजन रहा था बेहद शानदार
केएल राहुल के लिए आईपीएल 2026 का पिछला सीजन बल्ले से बेहद शानदार रहा था। वह पूरे सीजन के 14 मैचों में कुल 593 रन बनाकर दिल्ली कैपिटल्स के सबसे सफल बल्लेबाज रहे थे। इसी सीजन के दौरान उन्होंने अरुण जेटली स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलते हुए मात्र 67 गेंदों पर नाबाद 152 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। इसके साथ ही वह आईपीएल के किसी एक मैच में 150 या उससे अधिक रन बनाने वाले पहले भारतीय और दुनिया के कुल तीसरे बल्लेबाज बने थे। हालांकि, उनकी इस चमत्कारी और बेमिसाल पारी के बावजूद दिल्ली को उस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था।