फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

इमरान के लिए क्यों रोए जावेद मियांदाद?: भावुक होकर कहा- वह ईमानदार हैं, भ्रष्ट नहीं; बेटों के इंटरव्यू का असर

Sat, 29 Aug 2026 10:50 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कराची
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कराची Published by: स्वप्निल शशांक Updated Sat, 29 Aug 2026 10:50 AM IST
सार

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर जावेद मियांदाद इमरान खान के बेटों के इंटरव्यू के बाद अपने पूर्व कप्तान की स्थिति पर बात करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने इमरान को ईमानदार बताते हुए कहा कि वह भ्रष्ट व्यक्ति नहीं हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने भी इमरान को उचित चिकित्सा और सम्मान दिए जाने की अपील का समर्थन किया है।

विज्ञापन
Javed Miandad Breaks Down After Imran Khan's Sons' Interview, Says Pakistan Great Is Not Corrupt
इमरान खान और जावेद मियांदाद - फोटो : ANI/twitter screengrab
पाकिस्तान क्रिकेट के दो सबसे बड़े सितारों की दोस्ती और साथ की कहानी पुरानी है। इमरान खान और जावेद मियांदाद ने उस दौर में पाकिस्तान क्रिकेट को मजबूती दी, जब टीम दुनिया की सबसे खतरनाक टीमों में गिनी जाती थी। अब इमरान खान जेल में हैं और उनकी स्थिति को लेकर क्रिकेट जगत में चिंता बढ़ रही है। इमरान खान के बेटों सुलैमान और कासिम खान के स्काई स्पोर्ट्स पर दिए इंटरव्यू के एक दिन बाद जावेद मियांदाद भी अपने पूर्व कप्तान की स्थिति पर बात करते हुए भावुक हो गए। इंटरव्यू के दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। मियांदाद ने इमरान को ईमानदार व्यक्ति बताते हुए उन पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी सवाल उठाए।
Javed Miandad Breaks Down After Imran Khan's Sons' Interview, Says Pakistan Great Is Not Corrupt
इमरान खान और जावेद मियांदाद - फोटो : ANI
मियांदाद बोले- इमरान ईमानदार आदमी हैं
'नैरेटिव' यूट्यूब चैनल से बातचीत में जावेद मियांदाद ने कहा, 'वह एक ईमानदार आदमी हैं। वह ऐसे व्यक्ति नहीं हैं जो भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल हों, वरना उन्होंने बहुत कुछ किया होता। अगर आप उन्हें बाहर आने देंगे तो क्या होगा? क्या वह कुछ खाएंगे या किसी को नुकसान पहुंचाएंगे? वह भी किसी के बेटे हैं। मैं हमेशा सोचता रहता हूं कि वह वहां क्या कर रहे होंगे।' इमरान खान 73 वर्ष के हैं और 2023 से रावलपिंडी की जेल में बंद हैं। उन्हें भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में दोषी ठहराया गया है। हालांकि, इमरान ने किसी भी गलत काम से इनकार किया है और अपने खिलाफ हुई कार्रवाई को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है।
Javed Miandad Breaks Down After Imran Khan's Sons' Interview, Says Pakistan Great Is Not Corrupt
मियांदाद - फोटो : Screengrab
इमरान के बेटों ने इंटरव्यू में जताई गंभीर चिंता
लॉर्ड्स में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच दूसरे टेस्ट के लंच ब्रेक के दौरान पूर्व इंग्लिश क्रिकेटर माइकल एथर्टन ने इमरान खान के बेटों सुलैमान और कासिम से बातचीत की थी। इस इंटरव्यू में दोनों ने अपने पिता की सेहत, जेल में उनके साथ हो रहे व्यवहार और परिवार से संपर्क को लेकर गंभीर चिंता जताई।

कासिम खान ने दावा किया कि उनके पिता को लंबे समय तक अलग-थलग रखा जा रहा है। उन्होंने कहा, 'अब वे किसी रणनीति के साथ काम भी नहीं कर रहे हैं। यह बिल्कुल स्पष्ट नहीं है कि वे क्या कर रहे हैं। वे खुले तौर पर उन्हें वहां मारने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें जितना संभव हो सके अंदर रखना और चुप कराना चाहते हैं। पिछली बार जब वह हमारी मौसियों और किसी और से बात कर पाए थे, तब उन्होंने कहा था कि हालात हाल में बहुत खराब हो गए हैं। वह इसकी तुलना उन दूसरे राजनीतिक कैदियों से कर रहे थे, जिन्हें जेल में मार दिया गया या जिनकी वहां मौत हो गई। अभी हालात पहले से भी बदतर हैं और उन्हें दिन में 23 घंटे से ज्यादा समय तक एक सेल में पूरी तरह अलग-थलग रखा जा रहा है।' उन्होंने अपने पिता की आंखों और मानसिक स्थिति को लेकर भी चिंता जताई।

कासिम ने कहा, 'अभी हमारे लिए यह बेहद जरूरी है कि उन्हें उचित इलाज मिले। उनकी आंख की समस्या के कारण आंख पर पट्टी लगी हुई थी और वह स्पष्ट रूप से तनाव में दिख रहे थे। हमारे लिए यह कल्पना करना भी बहुत मुश्किल है, क्योंकि जब भी मैंने उन्हें देखा है, वह बेहद शांत और आत्मविश्वास से भरे हुए रहे हैं, यहां तक कि बंदूक की नोक पर भी। एक बार जिस कार में हम थे, उसे लूट लिया गया था और उस समय भी लुटेरों के सामने वह सबसे शांत व्यक्ति थे।'
विज्ञापन
विज्ञापन
Javed Miandad Breaks Down After Imran Khan's Sons' Interview, Says Pakistan Great Is Not Corrupt
इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू - फोटो : sky sports youtube screengrab
1992 में इमरान ने दिलाया था पाकिस्तान को विश्व कप
इमरान खान पाकिस्तान क्रिकेट के सबसे बड़े नामों में शामिल हैं। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने 1992 में पहली और अब तक की एकमात्र पुरुष वनडे विश्व कप ट्रॉफी जीती थी। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद इमरान राजनीति में आए और 2018 में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने। हालांकि 2022 में उनकी सरकार चली गई। इसके बाद उन पर कई कानूनी मामले दर्ज हुए और 2023 से वह जेल में हैं। इमरान लगातार अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते रहे हैं।

पैट कमिंस ने भी किया इमरान के समर्थन का समर्थन
इमरान की चिकित्सा देखभाल को लेकर अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत से भी आवाजें उठ रही हैं। 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखकर इमरान के साथ मानवीय व्यवहार, उचित चिकित्सा और परिवार से मुलाकात की मांग की थी। इनमें भारत के सुनील गावस्कर और कपिल देव के अलावा ग्रेग चैपल, एलन बॉर्डर, एंड्रयू स्ट्रॉस और एलिस्टर कुक जैसे दिग्गज शामिल हैं।
विज्ञापन
Javed Miandad Breaks Down After Imran Khan's Sons' Interview, Says Pakistan Great Is Not Corrupt
पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान - फोटो : ANI
अब ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा टेस्ट और वनडे कप्तान पैट कमिंस ने भी इस अभियान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा, 'मैं भी जीसी (ग्रेग चैपल) और अन्य पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों के समर्थन में अपनी आवाज जोड़ रहा हूं। मुझे उम्मीद है कि अदालत के आदेश पर होने वाली चिकित्सा जांच को पूरा होने दिया जाएगा और परिवार से मुलाकात जारी रहेगी। मुझे उम्मीद है कि इमरान खान के साथ उस गरिमा के साथ व्यवहार किया जाएगा, जिसके हर व्यक्ति हकदार हैं।'

इस तरह इमरान खान की सेहत और जेल में उनके साथ व्यवहार का मुद्दा अब सिर्फ उनके परिवार या पाकिस्तान की राजनीति तक सीमित नहीं रहा है। क्रिकेट जगत के पूर्व दिग्गजों के साथ एक सक्रिय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ने भी उनके उचित इलाज और सम्मान की मांग का समर्थन किया है।
अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed