Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Mahli Beardman Takes Record-Breaking Six Wickets on ODI Debut as Australia Bowl Out England for 131

ऑस्ट्रेलिया के 21 साल के गेंदबाज ने मचाया कहर: डेब्यू वनडे में 6 विकेट लेकर बनाया रिकॉर्ड; इंग्लैंड 131 पर ढेर

Fri, 13 Nov 2026 01:21 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, सिडनी
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, सिडनी Published by: स्वप्निल शशांक Updated Fri, 13 Nov 2026 01:21 PM IST
सार

ऑस्ट्रेलिया के 21 वर्षीय तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में डेब्यू करते हुए 24 रन देकर छह विकेट झटके। यह वनडे डेब्यू पर किसी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने इंग्लैंड की टीम 34 ओवर से पहले 131 रन पर ऑलआउट हो गई। स्पेंसर जॉनसन ने भी तीन विकेट लिए।

विज्ञापन
Mahli Beardman Takes Record-Breaking Six Wickets on ODI Debut as Australia Bowl Out England for 131
बियर्डमैन - फोटो : PTI/Twitter

विस्तार

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का आगाज शुक्रवार को पर्थ में हुआ। पहले मुकाबले में मेजबान ऑस्ट्रेलिया के 21 वर्षीय तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन ने अपने प्रदर्शन से सभी को चौंका दिया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में घरेलू मैदान पर अपना पहला मैच खेल रहे बियर्डमैन ने इंग्लैंड के बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। उन्होंने 24 रन देकर छह विकेट झटके और वनडे डेब्यू पर किसी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अपने नाम कर लिया। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने इंग्लैंड की पूरी टीम 34 ओवर से पहले ही 131 रन पर सिमट गई।

विज्ञापन


बियर्डमैन ने अपने वनडे करियर का पहला विकेट आठवीं गेंद पर हासिल किया और फिर इंग्लैंड के शीर्ष क्रम को संभलने का मौका नहीं दिया। उन्होंने कप्तान हैरी ब्रूक, जो रूट, जॉर्डन कॉक्स, सैम करन, लियाम डॉसन और जोफ्रा आर्चर को पवेलियन भेजा। खास बात यह रही कि उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को उनके 200वें वनडे मुकाबले में आउट किया।

विज्ञापन
Trending Videos

Mahli Beardman Takes Record-Breaking Six Wickets on ODI Debut as Australia Bowl Out England for 131
बियर्डमैन - फोटो : PTI/Twitter

बियर्डमैन ने 24 रन देकर झटके छह विकेट
पर्थ में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मेजबान टीम के कप्तान मिचेल मार्श ने अपने युवा तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया। बियर्डमैन के लिए यह घरेलू मैदान पर पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था। उन्होंने इस मौके को यादगार बना दिया।

बियर्डमैन ने आठवीं गेंद पर अपना पहला वनडे विकेट हासिल किया। उन्होंने 12वें ओवर में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक को एक रन के निजी स्कोर पर आउट किया। इसके बाद 14वें ओवर में जो रूट को 17 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। रूट अपना 200वां वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल रहे थे, लेकिन वह इस खास मैच को बड़ी पारी में नहीं बदल सके।

विज्ञापन

बियर्डमैन यहीं नहीं रुके। उन्होंने अपने चौथे ओवर की शुरुआत जॉर्डन कॉक्स का विकेट लेकर की और इसी ओवर की आखिरी गेंद पर सैम करन को भी आउट कर दिया। कॉक्स दो रन बना सके, जबकि करन खाता भी नहीं खोल पाए। इन विकेटों के बाद इंग्लैंड का स्कोर 16 ओवर के अंत तक छह विकेट पर 58 रन हो गया।

इसके बाद बियर्डमैन ने अपने अगले ओवर में लियाम डॉसन को भी पवेलियन भेज दिया। डॉसन भी खाता नहीं खोल सके। इस विकेट के साथ बियर्डमैन ने अपने वनडे डेब्यू पर पांच विकेट पूरे कर लिए। उन्होंने 1988 के बाद वनडे डेब्यू पर पांच विकेट लेने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया। वह वनडे डेब्यू पर पांच विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलिया के इतिहास में सिर्फ दूसरे गेंदबाज बने। उनसे पहले टोनी डोडेमेड ने श्रीलंका के खिलाफ 21 रन देकर पांच विकेट लिए थे। इंग्लैंड का स्कोर एक समय दो विकेट पर 38 रन था, जो देखते ही देखते सात विकेट पर 60 रन हो गया।

वनडे डेब्यू पर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन

गेंदबाज

गेंदबाजी आंकड़े

टीम

विपक्षी टीम

मैदान

वर्ष

चार्ली कैसल

7/21

स्कॉटलैंड

ओमान

डंडी

जुलाई 2024

कगिसो रबाडा

6/16

दक्षिण अफ्रीका

बांग्लादेश

मीरपुर

जुलाई 2015

फिदेल एडवर्ड्स

6/22

वेस्टइंडीज

जिम्बाब्वे

हरारे

नवंबर 2003

महली बियर्डमैन

6/24

ऑस्ट्रेलिया

इंग्लैंड

पर्थ

नवंबर 2026

लाइल रॉबर्टसन

6/52

स्कॉटलैंड

कनाडा

डंडी

अगस्त 2026

जान फ्राइलिंक

5/13

नामीबिया

ओमान

विंडहोक

अप्रैल 2019

टोनी डोडेमेड

5/21

ऑस्ट्रेलिया

श्रीलंका

पर्थ

जनवरी 1988

उवैस करनैन

5/26

श्रीलंका

न्यूजीलैंड

मोरातुवा

मार्च 1984

ऑस्टिन कॉडरिंगटन

5/27

कनाडा

बांग्लादेश

डरबन

फरवरी 2003

तस्कीन अहमद

5/28

बांग्लादेश

भारत

मीरपुर

जून 2014

विज्ञापन

जोफ्रा आर्चर को आउट कर पूरा किया छह विकेट का आंकड़ा
बियर्डमैन ने अपनी शानदार गेंदबाजी का अंत इंग्लैंड के आखिरी बल्लेबाजों में शामिल जोफ्रा आर्चर को आउट करके किया। आर्चर 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस विकेट के साथ बियर्डमैन ने अपने खाते में छठा विकेट जोड़ा। उन्होंने 24 रन देकर छह विकेट हासिल किए। यह वनडे डेब्यू पर किसी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।

इंग्लैंड की पारी में शुरुआती आठ बल्लेबाज मिलकर सिर्फ 65 रन जोड़ सके। हालांकि, आखिरी दो साझेदारियों ने टीम को कुछ हद तक संभालने की कोशिश की। विल जैक्स ने 47 गेंदों में 25 रन बनाए। उन्होंने नौवें विकेट के लिए गस एटकिंसन के साथ उपयोगी साझेदारी की और टीम को 100 रन के पार पहुंचाया, लेकिन ड्रिंक्स ब्रेक के बाद स्पेंसर जॉनसन ने वापसी करते हुए जैक्स को पारी की पहली ही गेंद पर आउट कर दिया। इसके बाद इंग्लैंड का स्कोर नौ विकेट पर 102 रन हो गया। इंग्लैंड की ओर से शुरुआती झटकों के बाद निचले क्रम ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम 34 ओवर से पहले ही 131 रन पर ऑलआउट हो गई।

View this post on Instagram

A post shared by ICC (@icc)


स्पेंसर जॉनसन ने भी बरपाया कहर, तीन विकेट झटके
ऑस्ट्रेलिया की ओर से बियर्डमैन के अलावा बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन ने भी शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 42 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। जॉनसन ने पांचवें ओवर में अतिरिक्त उछाल हासिल करते हुए बेन डकेट को बैकवर्ड पॉइंट पर कैच कराया।

इसके बाद उन्होंने जेमी ओवरटन को आउट करने के लिए शानदार वापसी कैच लपका। ओवरटन चार रन बनाकर आउट हुए। जॉनसन ने उछलकर एक हाथ से कैच पकड़ा। इस विकेट के साथ इंग्लैंड की मुश्किलें और बढ़ गईं। 19वें ओवर के अंत तक टीम का स्कोर आठ विकेट पर 65 रन हो चुका था। जॉनसन ने बाद में विल जैक्स का विकेट लेकर इंग्लैंड की पारी को और झटका दिया। इस तरह ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों ने मिलकर इंग्लैंड के बल्लेबाजों को टिकने का मौका नहीं दिया।

बियर्डमैन बोले- देश के लिए खेलना सम्मान की बात
अपने शानदार प्रदर्शन के बाद महली बियर्डमैन ने कहा कि सब कुछ बहुत तेजी से हुआ। उन्होंने कहा, ‘अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत बड़ा सौभाग्य और सम्मान की बात है। इसके साथ कुछ विकेट हासिल करना तो सोने पर सुहागा जैसा था।’ बियर्डमैन का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अनुभव अब तक बहुत सीमित रहा था। इससे पहले उन्होंने जनवरी में पाकिस्तान के खिलाफ लाहौर में एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। वनडे में यह उनका पहला मैच था। घरेलू मैदान पर अपने पहले ही वनडे में उन्होंने छह विकेट लेकर यादगार प्रदर्शन किया।

पर्थ की परिस्थितियों में गेंदबाजी के लिए उन्होंने सही लेंथ का इस्तेमाल किया। उनकी गेंदों में उछाल और मूवमेंट था, जिसके कारण ब्रूक, रूट और कॉक्स जैसे बल्लेबाज आगे बढ़कर खेलने की कोशिश में एज दे बैठे। उन्होंने सैम करन को शॉर्ट गेंद पर फाइन लेग पर कैच कराया, जबकि डॉसन को फुलर गेंद पर आउट किया, जो बाहर की ओर मूव हुई और बल्लेबाज ने उसे बैकवर्ड पॉइंट की दिशा में हवा में खेल दिया।

ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड सीरीज का पूरा कार्यक्रम

वनडे सीरीज

मैच

तारीख

स्थान

पहला वनडे

13 नवंबर

पर्थ

दूसरा वनडे

15 नवंबर

एडिलेड

तीसरा वनडे

18 नवंबर

होबार्ट

टी20 सीरीज

मैच

तारीख

स्थान

पहला टी20

21 नवंबर

मेलबर्न

दूसरा टी20

24 नवंबर

करारा

तीसरा टी20

27 नवंबर

ब्रिस्बेन

चौथा टी20

29 नवंबर

सिडनी

पांचवां टी20

2 दिसंबर

कैनबरा

Mahli Beardman Takes Record-Breaking Six Wickets on ODI Debut as Australia Bowl Out England for 131
हेजलवुड, कमिंस और स्टार्क - फोटो : PTI
कमिंस, स्टार्क और हेजलवुड के बिना उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम
ऑस्ट्रेलिया की टीम इस सीरीज में अपने कई अनुभवी तेज गेंदबाजों के बिना खेल रही है। तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की इस सीरीज के लिए पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और स्कॉट बोलैंड टीम का हिस्सा नहीं हैं। ये सभी गेंदबाज न्यूजीलैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज और अगले साल भारत तथा इंग्लैंड के टेस्ट दौरों से पहले आराम कर रहे हैं।

ऐसे में युवा गेंदबाजों के लिए खुद को साबित करने का मौका था। ऑस्ट्रेलिया के वनडे कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस के बाद बियर्डमैन को लेकर कहा कि पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया का खिलाड़ी होने के नाते उनके लिए पर्थ से बेहतर डेब्यू का स्थान नहीं हो सकता था। मार्श ने कहा, ‘हमारी टीम अपेक्षाकृत युवा और अनुभवहीन है, लेकिन खिलाड़ियों में काफी ऊर्जा है।’ बियर्डमैन ने अपने प्रदर्शन से कप्तान के भरोसे को सही साबित किया।

Mahli Beardman Takes Record-Breaking Six Wickets on ODI Debut as Australia Bowl Out England for 131
जो रूट - फोटो : ANI
पाकिस्तान दौरे से हारकर लौटी थी इंग्लैंड की टीम
इंग्लैंड की टीम पाकिस्तान में त्रिकोणीय सीरीज खेलकर ऑस्ट्रेलिया पहुंची थी। इस सीरीज में उसे तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, बेन डकेट और लियाम डॉसन के प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ 55 रन की सांत्वना जीत हासिल की थी। पाकिस्तान दौरे पर इंग्लैंड को कुछ बेहद निराशाजनक नतीजों का सामना करना पड़ा था।

श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में हैरी ब्रूक ने वनडे इतिहास का अपना सबसे तेज दोहरा शतक लगाया था, लेकिन उनकी इस पारी के बावजूद इंग्लैंड जीत हासिल नहीं कर सका। श्रीलंका ने 430 रन का लक्ष्य हासिल कर वनडे इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज दर्ज किया था। इसके अलावा पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड को एक विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में भी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और पूरी टीम 131 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed