Agniveer Recruitment: कैबिनेट मंत्री महाराज ने भर्ती के मानकों पर उठाए सवाल, की जांच की मांग
महाराज ने कहा कि भर्ती के मानकों में व्याप्त विसंगतियों के चलते उत्तराखंड के युवा सफल नहीं हो पा रहे हैं। भर्ती में दौड़ का समय कम और जवानों की लंबाई को अधिक करने से राज्य के युवा भर्ती से बाहर हो रहे हैं।
विस्तार
उत्तराखंड के पर्यटन एवं लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने कोटद्वार में चल रही अग्निवीर भर्ती के मानकों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने संबंध में एक वीडियो बयान भी जारी किया है। महाराज ने कहा कि भर्ती में नियमों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट से जांच का अनुरोध किया है।
महाराज ने कहा कि भर्ती के मानकों में व्याप्त विसंगतियों के चलते उत्तराखंड के युवा सफल नहीं हो पा रहे हैं। भर्ती में दौड़ का समय कम और जवानों की लंबाई को अधिक करने से राज्य के युवा भर्ती से बाहर हो रहे हैं। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्र के युवाओं की औसतन लंबाई कम होती है। उन्हें भर्ती के दौरान लंबाई में छूट दी जाती है। पूर्व थल सेना अध्यक्ष स्व. जनरल विपिन रावत ने लंबाई में यह छूट दिलाई थी।
Agniveer Recruitment: हौसला बुलंद लेकिन कम लंबाई से मात खा गए लैंसडौन और रुद्रप्रयाग के युवा
ये है शिकायत
1. 300 युवाओं को एक साथ दौड़ाया जा रहा है। आठ से 10 ही चुने जा रहे हैं जबकि पहले 300 में से 60 चुने जाते थे।
2. 1600 मीटर दौड़ के लिए 5.40 सेकंड का समय तय है, लेकिन पांच मिनट में ही दौड़ समाप्त कर रहे हैं।
3. राज्य के युवाओं के लिए 163 सेंटीमीटर लंबाई का मानक है, लेकिन 170 सेंटीमीटर लंबाई के युवाओं का चयन हो रहा है।
अभी पिथौरागढ़ में भी होनी है भर्ती
कोटद्वार में गढ़वाल क्षेत्र के जिलों के लिए और रानीखेत में कुमाऊं क्षेत्र के चार जिलों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। पांच सितंबर से 12 सितंबर तक चंपावत व पिथौरागढ़ जिलों के लिए पिथौरागढ़ में भर्ती रैली होनी है।
मेरे पास युवाओं ने कुछ वीडियो क्लिप भेजी थीं। कुछ पत्र भी मिले थे। मैंने उनका संज्ञान लिया और केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री से बात की। भर्ती के पैरामीटर वही रखे जाने चाहिए थे। मैं अभी बाहर हूं। इस संबंध में केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री को लिखित में सूचित करूंगा।
- सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री, उत्तराखंड
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज रविवार को इस मामले को मौखिक रूप से मेरे संज्ञान में लाए थे। इस मामले को दिखवाया जा रहा है।
- अजय भट्ट, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री
उत्तराखंड के युवाओं के लिए भर्ती के अलग मानक हैं। उन्हें लंबाई में छूट दी गई है, लेकिन यह अग्निपथ योजना है, जिसमें बहुत सी चीजों की अनदेखी हुई है। अभी आने वाले समय में युवाओं को कुछ और दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। सरकार की ओर से जल्दबाजी में यह योजना शुरू की गई। इस योजना पर गंभीरता से विचार नहीं हुआ। इस भर्ती में उत्तराखंड के युवाओं के लिए क्या छूट है, ये भर्ती अधिकारी बता सकते हैं।
- लेफ्टिनेंट जनरल टीपीएस रावत(सेनि)
मैं नहीं समझता कि मानकों की अनदेखी हो रही होगी। चूंकि यह मामला सामने आया है तो इस बारे में भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों से बात कर वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाएगा। उत्तराखंड के युवाओं को लंबाई में पांच सेंटीमीटर की छूट है। जनरल विपिन रावत के समय प्रदेश के युवाओं को सेना भर्ती में यह छूट मिली।
- गणेश जोशी, सैनिक कल्याण मंत्री
मंत्री के बयान पर हम कुछ नहीं कहेंगे। जहां तक भर्ती का सवाल है तो वह तय मानकों पर हो रही है। मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
- शांतनु कुमार, पीआरओ डिफेंस